'देश को विकसित होता देख कुछ विदेशी ताकतें जल रही हैं', बांसवाड़ा में बोले मदन राठौड़
बांसवाड़ा दौरे पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने मां त्रिपुरा सुंदरी मंदिर में दर्शन भी किए. उन्होंने पंचायतीराज चुनाव में भाजपा की जीत का दावा किया और कांग्रेस पर वोट चोरी, विपक्ष पर माहौल बिगाड़ने तथा विदेशी ताकतों से सहयोग लेने के आरोप लगाए हैं.
राजस्थान में पंचायतीराज चुनाव के बीच भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ बांसवाड़ा दौरे पर पहुंचे. यहां उन्होंने प्रसिद्ध शक्तिपीठ मां त्रिपुरा सुंदरी मंदिर में दर्शन कर पूजा-अर्चना और आरती की. इसके बाद मीडिया से बातचीत में राठौड़ ने कांग्रेस, राहुल गांधी और विपक्षी दलों पर जमकर निशाना साधा. उन्होंने पंचायतीराज चुनाव में भाजपा की जीत का दावा करने के साथ ही देश में अस्थिरता का माहौल बनाने के आरोप भी लगाए.
पंचायतीराज चुनाव में भाजपा को बहुमत मिलने का दावा
पंचायतीराज चुनाव में भाजपा की संभावनाओं को लेकर पूछे गए सवाल पर मदन राठौड़ ने कहा कि जिस तरह नगर निकाय चुनाव में जनता ने भाजपा का साथ दिया और पार्टी को जीत दिलाई, उसी तरह पंचायतीराज चुनाव में भी भाजपा को बहुमत मिलेगा. उन्होंने चुनाव में पार्टी को अच्छी सफलता मिलने का दावा किया.
सोनिया गांधी का जिक्र कर कांग्रेस पर लगाए आरोप
विपक्ष की ओर से लगाए जा रहे वोट चोरी के आरोपों पर राठौड़ ने कांग्रेस को घेरा. उन्होंने सोनिया गांधी का जिक्र करते हुए कहा कि सबसे दुर्भाग्यपूर्ण बात यह है कि सोनिया गांधी भारत आईं तो नागरिक बनने से पहले ही यहां की मतदाता बन गई थीं. उन्होंने आरोप लगाया कि वोट चोरी की शुरुआत कांग्रेस के समय से हुई थी. राठौड़ ने कहा कि वोट चोरी कांग्रेस ने की है, भाजपा किसी तरह की वोट चोरी नहीं करती.
राहुल गांधी और विपक्ष के प्रदर्शन पर साधा निशाना
दिल्ली में राहुल गांधी और विपक्षी दलों के प्रदर्शन को लेकर भी भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने सवाल उठाए. उन्होंने कहा कि ये देश में अराजकता फैलाने वाले लोग हैं. केवल भीड़ इकट्ठा करके देश का माहौल खराब करना चाहते हैं. राठौड़ ने कहा कि भारत एक लोकतांत्रिक देश है और लोकतंत्र में अपनी बात रखने और मांग मनवाने का एक तरीका होता है.
विदेशी ताकतों पर फंडिंग का आरोप
मदन राठौड़ ने कहा कि भारत लगातार विकसित हो रहा है, लेकिन कुछ विदेशी ताकतों को यह देखकर जलन हो रही है. उन्होंने आरोप लगाया कि देश को विकसित होने से रोकने के लिए बाहरी शक्तियां फंडिंग भी कर रही हैं. राठौड़ ने दावा किया कि देश के कुछ विपक्षी नेता इन बाहरी ताकतों से सहयोग लेकर भारत में अस्थिरता का माहौल बनाने में लगे हैं. मां त्रिपुरा सुंदरी मंदिर में दर्शन और आरती के बाद हुई इस प्रेस वार्ता में राठौड़ ने जनजातीय क्षेत्र में भारतीय आदिवासी पार्टी (BAP) की राजनीति और आदिवासी हितों के मुद्दे पर भी भाजपा का पक्ष रखा. हालांकि, इस मुद्दे पर उन्होंने अपने बयान में कोई विस्तृत जानकारी नहीं दी.