)
राजस्थान के शिक्षा एवं पंचायती राज मंत्री मदन दिलावर ने दीपावली की ईद से तुलना किए जाने पर कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे पर निशाना साधा है. रामगंजमंडी में मीडिया से बातचीत के दौरान दिलावर ने इस तुलना को शर्मनाक बताया और कहा कि कांग्रेस अध्यक्ष को देश से माफी मांगनी चाहिए. इस दौरान उन्होंने सोनिया गांधी और कांग्रेस नेताओं को लेकर भी बयान दिए.
मदन दिलावर दीपावली के मौके पर रामगंजमंडी के बाजारों में पहुंचे थे. यहां उन्होंने व्यापारियों से मुलाकात की और उन्हें दीपावली एवं नववर्ष की शुभकामनाएं दीं. इसी दौरान मीडिया से बातचीत में उन्होंने खड़गे के बयान पर अपनी नाराजगी जाहिर की.
दीपावली की ईद से तुलना करना शर्मनाक: दिलावर
मदन दिलावर ने कहा कि दीपावली भगवान श्रीराम के अयोध्या आगमन के उपलक्ष्य में मनाया जाने वाला दीपोत्सव है. इसकी तुलना ईद से करना शर्मनाक है. उन्होंने कहा कि दीपावली अहिंसा और परोपकार का पर्व है. दिलावर ने इस मामले में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे से देश से माफी मांगने की मांग की.
उन्होंने ईद को लेकर भी विवादित टिप्पणी की और कहा कि दीपावली की तुलना ईद से करना हिंदुओं और देश का अपमान है. इस दौरान उन्होंने कांग्रेस नेताओं के हिंदुत्व और राष्ट्रीयता को लेकर भी सवाल उठाए.
सोनिया गांधी पर भी लगाए आरोप
मीडिया से बातचीत में दिलावर ने सोनिया गांधी पर हिंदुत्व विरोधी होने का आरोप लगाया. उन्होंने कहा कि विदेशी महिला या उसका पुत्र कभी देश का भला नहीं कर सकता. उन्होंने कांग्रेस नेताओं को लेकर भी अपनी नाराजगी जाहिर की.
बाजारों में घूमकर व्यापारियों से की मुलाकात
इससे पहले मंत्री मदन दिलावर ने रामगंजमंडी नगर पालिका अध्यक्ष नरेंद्र काला, भाजपा पदाधिकारियों और नवनिर्वाचित पार्षदों के साथ बाजारों का दौरा किया. उन्होंने अग्रसेन अतिथि गृह से बाजार नंबर-1, स्टेशन चौराहा, शाहजी चौराहा, माल गोदाम चौराहा, बाजार नंबर-4, कपड़ा बाजार और शहीद पन्नालाल चौराहे तक व्यापारियों से मुलाकात की और उनका कुशलक्षेम जाना.
इस दौरान व्यापारियों ने मंत्री का स्वागत किया, मिठाई खिलाई और दीपावली की शुभकामनाएं दीं. दिलावर ने शहीद पन्नालाल चौराहे पर उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि भी अर्पित की.
राजस्थान के विकास की कामना की
मदन दिलावर ने कहा कि दीपावली प्रदेशवासियों के जीवन में सुख, समृद्धि और खुशहाली लेकर आए. राजस्थान चौतरफा विकास करते हुए देश में अग्रणी स्थान हासिल करे. कार्यक्रम के अंत में प्रभु श्रीराम के जयकारे लगाए गए. वीरेंद्र जैन ने आभार जताया और मदन दिलावर के राजनीतिक संघर्ष एवं जनसेवा की सराहना की.