)
कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के दिवाली को ईद से जोड़कर दिए बयान पर राजस्थान में सियासत गरमा गई है. जोधपुर दौरे पर पहुंचे राजस्थान विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने खड़गे के बयान पर आपत्ति जताई. उन्होंने कहा कि दिवाली, दिवाली होती है और ईद, ईद होती है. दोनों त्योहारों की तुलना करना उचित नहीं है. हर धर्म और उसकी आस्था का सम्मान होना चाहिए, लेकिन किसी की धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने वाली बयानबाजी से बचना चाहिए. इस मामले में सूरसागर विधायक देवेंद्र जोशी ने भी कांग्रेस पर निशाना साधा.
देवनानी बोले- हर धर्म की आस्था का होना चाहिए सम्मान
वासुदेव देवनानी ने कहा कि भारत की संस्कृति सनातन संस्कृति है और सभी को इसका आदर करना चाहिए. देश में अलग-अलग धर्मों के लोग रहते हैं और हर समुदाय की अपनी आस्था और त्योहार हैं. सभी का सम्मान किया जाना चाहिए. उन्होंने कहा कि सनातन संस्कृति के पर्वों को दूसरे समुदायों के त्योहारों से जोड़कर नहीं देखना चाहिए.
भगवान राम के अयोध्या लौटने से जुड़ा है दीपावली का महत्व
विधानसभा अध्यक्ष ने दीपावली के धार्मिक और सांस्कृतिक महत्व का जिक्र करते हुए कहा कि यह पर्व भगवान श्रीराम के 14 वर्ष के वनवास के बाद अयोध्या लौटने की खुशी में मनाया जाता है. दीपावली त्याग, मर्यादा और अधर्म पर धर्म की विजय का प्रतीक है. यह अंधकार पर प्रकाश की जीत का संदेश देती है. उन्होंने भगवान राम, माता सीता और भरत के त्याग का उल्लेख करते हुए कहा कि दीपावली के पीछे हमारी संस्कृति के गहरे आदर्श जुड़े हुए हैं. वहीं ईद का भी अपना अलग महत्व है और संबंधित समुदाय इसे अपनी आस्था के अनुसार मनाता है. ऐसे में दोनों त्योहारों की तुलना करने के बजाय एक-दूसरे की धार्मिक भावनाओं का सम्मान करना चाहिए.
देवेंद्र जोशी बोले- सनातन के पर्वों पर कटाक्ष करना कांग्रेस की परंपरा
खड़गे के बयान पर सूरसागर विधायक देवेंद्र जोशी ने भी कांग्रेस पर हमला बोला. उन्होंने कहा कि कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष के बयान का भाजपा का शीर्ष नेतृत्व जवाब देगा, लेकिन एक भाजपा कार्यकर्ता के तौर पर उन्हें इस बयान से पीड़ा पहुंची है. जोशी ने आरोप लगाया कि कांग्रेस में सनातन धर्म के महापर्वों पर तुष्टीकरण के नाम पर कटाक्ष करने की परंपरा बन गई है. उन्होंने कहा कि कांग्रेस के राष्ट्रीय नेतृत्व को सनातन धर्म और उसके पर्वों का सम्मान करना चाहिए.
'भगवान श्रीराम भारत के कण-कण में बसते हैं'
देवेंद्र जोशी ने कहा कि सनातन वर्षों से चली आ रही संस्कृति है और यह देश की आत्मा है. भगवान श्रीराम भारत के कण-कण में बसते हैं. ऐसे में दीपावली जैसे महापर्व पर किसी भी तरह की टिप्पणी करना उचित नहीं है. उन्होंने कहा कि सभी धर्मों के त्योहारों का सम्मान होना चाहिए, लेकिन एक-दूसरे के त्योहारों की तुलना करने का कोई औचित्य नहीं है.