)
झालावाड़ जिले के रायपुर थाना क्षेत्र के तेलियाखेड़ी गांव में दीपावली की खुशियां मातम में बदल गईं. घर के बाहर रंगोली बना रहे सात साल के बच्चे को बाइक सवार ने कथित तौर पर हाथ पकड़कर करीब 15 मीटर तक घसीट दिया. बच्चे को बचाने के प्रयास में उसकी चाची भी बाइक के साथ घिसटकर सड़क पर गिर गई और घायल हो गई. हादसे में गंभीर रूप से घायल मासूम ने देर रात जिला अस्पताल में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया. घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर है.
घटना सोमवार शाम करीब 7 बजे की है. तेलियाखेड़ी गांव निवासी सात वर्षीय बनवारी अपनी चाची प्रेमबाई के साथ घर के बाहर दीपावली के लिए रंगोली बना रहा था. इसी दौरान बाइक सवार कमल माली वहां पहुंचा. आरोप है कि बाइक चालक शराब के नशे में था. उसने अचानक मासूम का हाथ पकड़ लिया और उसे बाइक के साथ करीब 15 मीटर तक घसीटता हुआ ले गया.
मासूम को बाइक के साथ घिसटता देखकर उसकी चाची प्रेमबाई ने शोर मचाया. बच्चे को बचाने के लिए उन्होंने बाइक पकड़ ली, लेकिन वह भी उसके साथ काफी दूर तक घिसटती चली गईं. इस दौरान वह सड़क पर गिरकर घायल हो गईं. इसी बीच बाइक अनियंत्रित होकर गिर गई. हादसे में बनवारी के सिर और हाथ में गंभीर चोटें आईं, जबकि उसकी चाची भी घायल हो गई.
घटना के बाद परिजन और ग्रामीण दोनों घायलों को रायपुर अस्पताल लेकर पहुंचे. वहां प्राथमिक उपचार के बाद बच्चे की गंभीर हालत को देखते हुए उसे झालावाड़ जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया. हालांकि, डॉक्टरों के तमाम प्रयासों के बावजूद देर रात उपचार के दौरान बनवारी ने दम तोड़ दिया.
बनवारी गांव के सरकारी स्कूल में तीसरी कक्षा का छात्र था. वह दो बहनों का इकलौता भाई था और परिवार की आंखों का तारा था. मासूम की मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. वहीं, घटना के बाद तेलियाखेड़ी गांव में मातम पसरा हुआ है.
रायपुर थाना प्रभारी मोहन लाल ने बताया कि घटना की सूचना मिलने पर पुलिस अस्पताल पहुंची और शव को मोर्चरी में रखवाया. पुलिस की मौजूदगी में पोस्टमार्टम करवाने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया. मृतक के पिता नानूराम ने बाइक चालक कमल माली के खिलाफ बेटे को बाइक से घसीटकर हत्या करने का आरोप लगाते हुए रिपोर्ट दर्ज करवाई है. पुलिस ने पिता की रिपोर्ट के आधार पर हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. फिलहाल रायपुर थाना पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है.
Reporter- Mahesh Parihar