)
कैसरगंज से पूर्व भाजपा सांसद बृजभूषण शरण सिंह मंगलवार को देवरिया अलावल में जिला पंचायत सदस्य मोहम्मद मुस्तकीम के घर पहुंचे. यहां पारिवारिक कार्यक्रम में शामिल होकर परिजनों को बधाई दी है. मुस्लिम नेता के घर पहुंचने पर सवाल पूछे जाने पर बृजभूषण शरण सिंह ने कहा कि 'जाकी रही भावना जैसी हर मूरत देखी तिन तैसी". उन्होंने कहा कि मैं राजनीति के लिए नहीं आया हूं. बृजभूषण शरण सिंह ने कहा कि राजनीति के लिए जरूरी नहीं है कि ये लोग हमारे साथ रहे, लेकिन जब हमको जरूरत पड़ेगी तो यह लोग हमारे साथ रहेंगे.
वहीं, राम भक्तों पर गोली चलवाने पर सपा सांसद सनातन पांडे द्वारा दिए गए बयान पर बृजभूषण शरण सिंह ने कहा कि कुछ सवाल ऐसे होते हैं, जिनको समय के साथ दफन कर देना चाहिए. अखिलेश यादव के 12 नवंबर को अयोध्या दर्शन करने आने को लेकर चल रही खबरों पर कहा कि हमें लगता है कि वह अच्छा काम कर रहे हैं. अगर दर्शन करने आ रहे हैं कोई गलत काम नहीं कर रहे हैं.
दीपावली पर दिल्ली और उसके आसपास जिलों में बढ़े प्रदूषण को लेकर बृजभूषण शरण सिंह ने कहा कि पंजाब में ही नहीं गोंडा, बस्ती, गोरखपुर, बलरामपुर और आसपास के जिलों में भी पराली जलाई जा रही है. एक महीना बाद भी पता लगाया जा सकता है कि किस खेत में पराली जलाई जा रही है? किस खेत में नहीं जलाई जा रही है? इसके लिए हमें किसानों को जागरूक करना होगा. कुछ ऐसे संसाधन हम लोगों को देने पड़ेंगे जिससे उसकी आसानी से जुताई हो सके और किसानों को यह समझना पड़ेगा, इससे आपका ही नुकसान है.
खेतों में पराली जलाने को लेकर उन्होंने कहा कि वैसे तो नुकसान पूरे देश का है, लेकिन प्रथम नुकसान आपका है. खेतों में जितने कीटाणु होते हैं वह उर्वरक पैदा करते हैं, जो जमीन को ताकत देते हैं, पराली जलाने पर वह जल जाते हैं. ऐसे में पहला नुकसान किसानों का ही है. उन्होंने कहा कि हम पंजाब की ही बात क्यों करते हैं? चार से पांच प्रांत की बात कर रहे हैं? जहां पर खुलेआम पराली जल रही है, उत्तर प्रदेश में कोई कानून नाम की चीज नहीं है.
(गोंडा से अतुल कुमार यादव की रिपोर्ट)