)
दिल्ली के बुराड़ी में गोवर्धन पूजा का मंच उस वक्त सियासी अखाड़ा बन गया, जब सांसद पप्पू यादव ने धर्म, हिंदुत्व और बीजेपी को लेकर एक के बाद एक तीखे हमले बोले. धीरेंद्र शास्त्री को पाखंडी बताया, यादव समाज के अपमान का मुद्दा उठाया और उत्तर प्रदेश चुनाव में एकजुट होने की अपील भी कर दी. मगर कार्यक्रम खत्म होते ही बीजेपी कार्यकर्ताओं ने पप्पू यादव की गाड़ी घेरकर नारेबाजी शुरू कर दी.
बुराड़ी में गोवर्धन पूजा महाउत्सव में पहुंचे सांसद पप्पू यादव
बुराड़ी विधानसभा के मुकुंदपुर में विशाल गोवर्धन पूजा महाउत्सव, भगवान श्रीकृष्ण की भक्ति और यादव समाज की एकजुटता के नाम पर भव्य मंच सजा. मगर इस धार्मिक आयोजन में उस वक्त सियासी गर्मी बढ़ गई, जब सांसद पप्पू यादव ने माइक संभाला. यादव समाज की तरफ से आयोजित इस महोत्सव में पहुंचे पप्पू यादव ने भगवान श्रीकृष्ण के सिद्धांतों पर चलने का संदेश दिया. यादव समाज के गौरवशाली इतिहास का जिक्र किया और आरोप लगाया कि आज भी जगह-जगह यादव समाज को प्रताड़ित और अपमानित किया जाता है.
पप्पू यादव का धीरेंद्र शास्त्री पर वार, मंच से बोले- पाखंडी
आपको बता दें पप्पू यादव के निशाने पर सिर्फ यादव समाज के अपमान का मुद्दा ही नहीं था. उन्होंने खुले मंच से धीरेंद्र शास्त्री को पाखंडी तक कह दिया. उन्होंने आरोप लगाया कि धीरेंद्र शास्त्री भगवान श्रीकृष्ण का अपमान करते हैं. वहीं संगीत रागी विवाद का जिक्र करते हुए यादव समाज के अपमान का मुद्दा भी उठाया. पप्पू यादव यहीं नहीं रुके. बीजेपी सरकार को हिंदुओं की सरकार बताने पर सवाल खड़े किए. बिहारियों को गाली दिए जाने और छठ पूजा की तैयारियों को लेकर सरकार पर निशाना साधा. उन्होंने सवाल उठाया कि जब सरकार खुद को हिंदुओं की हितैषी बताती है तो फिर बिहारियों और उनके सबसे बड़े पर्व छठ को लेकर पर्याप्त इंतजाम क्यों नहीं किए गए?
हैरानी की बात ये रही कि जिस मंच को गोवर्धन पूजा जैसे सांस्कृतिक और धार्मिक आयोजन के लिए तैयार किया गया था, वहां से राजनीतिक संदेश भी खूब दिए गए. पप्पू यादव ने यादव समाज से एकजुट होकर उत्तर प्रदेश चुनाव में भागीदारी करने की अपील तक कर डाली.
पप्पू यादव की गाड़ी को BJP कार्यकर्ताओं घेरा
असली सियासी टकराव कार्यक्रम खत्म होने के बाद देखने को मिला. जैसे ही पप्पू यादव मंच से उतरे और अपनी गाड़ी में बैठकर रवाना होने लगे, तभी बीजेपी कार्यकर्ताओं ने उनकी गाड़ी घेर ली. बीजेपी जिंदाबाद के नारे गूंजने लगे. अचानक बढ़े इस तनाव के बीच आसपास मौजूद लोगों ने हस्तक्षेप कर मामला शांत कराया.
फिहलाल सवाल यही है कि गोवर्धन पूजा जैसे धार्मिक आयोजन के मंच से सियासत करना कितना उचित है? भक्ति के मंच पर सियासी बयानबाजी और फिर गाड़ी घेरकर नारेबाजी... मुकुंदपुर का यह गोवर्धन महोत्सव कई राजनीतिक सवाल छोड़ गया.
(दिल्ली से नसीम अहमद की रिपोर्ट)