)
मुजफ्फरपुर के सदर थाना क्षेत्र के पताही जगन्नाथ गांव के लक्ष्मी नगर मोहल्ले में एक दर्दनाक घटना सामने आई है, जहां एक महिला अपने दो बच्चों के साथ बंद कमरे में फंदे से लटक गई, जिसमें महिला और उसकी 4 साल की बेटी की मौके पर मौत हो गई. जबकि, समय पर पहुंची 112 की टीम ने तत्काल फंदे से लटक रहे डेढ़ साल के मासूम बेटे के शरीर में जान बचे होने का अहसास होते ही फंदे से खोलकर अस्पताल पहुंचाया, जहां उसकी जान बच गई.
मृतका की पहचान पारु के चिन्तावपुर निवासी निर्भय कुमार की पत्नी 28 वर्षीय रीना कुमारी और 4 वर्षीय पुत्री आकृति कुमारी के रूप में हुई है. मूल रूप से पारु के रहने वाले निर्भय कुमार पेशे से प्राइवेट शिक्षक हैं, जो अपनी पत्नी और दो बच्चों के साथ पताही जगन्नाथ के लक्ष्मी नगर में एक किराए के कमरे में रहते थे.
स्थानीय लोगों के अनुसार, मृतका के पति निर्भय ने अपनी बहन की शादी के लिए पत्नी के गहनों पर गोल्ड लोन लिया था, जिसकी ईएमआई भरना मुश्किल हो रहा था. जिसकी वजह से कर्ज का बोझ बढ़ गया. इसी बात को लेकर घर में तनाव चल रहा था और पति-पत्नी के बीच बहस भी हुई थी. घटना के समय पति बाहर गया हुआ था. इसी दौरान पत्नी ने दोनों बच्चों के साथ कमरे को बंद कर पंखे से फंदा बांधकर फांसी लगा ली. जब पति वापस लौटा, तो कमरा अंदर से बंद मिला. काफी प्रयास के बाद भी जब दरवाजा नहीं खुला, तब उसने स्थानीय लोगों को जानकारी देते हुए 112 नंबर पर पुलिस और परिजनों को सूचना दी.
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दरवाजा तोड़ा, जहां महिला और उसकी बेटी मृत मिले. वहीं, डेढ़ साल का छोटा बेटा सुरक्षित बच गया. घटना की सूचना मिलते ही एफएसएल (FSL) और पुलिस की टीम जांच में जुट गई है. पुलिस ने दोनों शवों को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए एसकेएमसीएच (SKMCH) भेज दिया है. मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है.
वहीं, परिजनों के अनुसार, मृतका महिला रीना देवी छठ पर्व में मायके जाने की तैयारी कर रही थी और इसी बीच आज इस तरह की घटना सामने आ गई, जिससे आसपास के लोगों में मातम छा गया है.
इनपुट: मणितोष कुमार