)
राजस्थान विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी मंगलवार को जोधपुर दौरे पर रहे. इस दौरान उन्होंने मीडिया से बातचीत में देश के लोकतंत्र, संविधान, विपक्ष के आंदोलन, यूजीसी विवाद और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के 100 साल पूरे होने सहित कई मुद्दों पर अपनी बात रखी. देवनानी ने कहा कि भारत का लोकतंत्र दुनिया के सबसे मजबूत और स्थायी लोकतंत्रों में से एक है. देश में हिंसा और अराजकता के लिए कोई जगह नहीं है.
'संविधान को कोई हिला भी नहीं सकता'
विपक्ष के संविधान बचाओ और लोकतंत्र बचाओ के नारों पर देवनानी ने कहा कि भारत के संविधान को कोई हिला भी नहीं सकता. बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर ने देश को मजबूत संविधान दिया है. चुनाव आयोग, संसद, शासन व्यवस्था और सुप्रीम कोर्ट जैसी संस्थाएं लोकतंत्र को मजबूती देती हैं.
उन्होंने कहा कि बांग्लादेश और नेपाल सहित दूसरे देशों में सत्ता परिवर्तन के अलग-अलग हालात देखने को मिले हैं, लेकिन भारत में बदलाव लोकतांत्रिक व्यवस्था के तहत ही संभव है. हालांकि, उन्होंने यह भी कहा कि लोकतंत्र में सभी को आंदोलन करने की आजादी है.
यूजीसी विवाद पर समिति की रिपोर्ट का इंतजार करने की बात
यूजीसी विवाद और इससे जुड़े आंदोलनों पर देवनानी ने कहा कि इस मामले में सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई चल रही है. सरकार ने भी कोर्ट में समिति बनाने की बात कही है. ऐसे में समिति की रिपोर्ट का इंतजार करना चाहिए. उन्होंने कहा कि जल्दबाजी के बजाय सभी पक्षों को साथ लेकर ऐसा समाधान निकालना चाहिए, जिससे संविधान के अधिकारों की रक्षा हो और सभी को न्याय मिले.
विधानसभा में सुरक्षा के लिए आधुनिक तकनीक का इस्तेमाल
विधानसभा की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर देवनानी ने बताया कि परिसर में आधुनिक बैरियर और तकनीकी व्यवस्था विकसित की गई है. इसके जरिए वाहनों में किसी भी अवैध वस्तु की पहचान कर उन्हें रोका जा सकेगा. वहीं विधानसभा के म्यूजियम में 3D तकनीक से नया अनुभव विकसित किया जा रहा है. इसके जरिए दर्शक एक जगह बैठकर देश के ऐतिहासिक और धार्मिक स्थलों का आभासी अनुभव ले सकेंगे. टेंडर प्रक्रिया पूरी हो चुकी है और अगले तीन-चार महीनों में इसे शुरू करने की तैयारी है.
डेढ़ साल में 55 हजार से ज्यादा लोगों ने देखा विधानसभा परिसर
देवनानी ने बताया कि विधानसभा को आमजन से जोड़ने के लिए जनदर्शन की व्यवस्था शुरू की गई है. पिछले डेढ़ साल में करीब 55 हजार से अधिक लोग विधानसभा परिसर का भ्रमण कर चुके हैं. इनमें स्कूली विद्यार्थी, कॉलेज के छात्र और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले युवा शामिल हैं.
संघ के 100 साल पूरे होने पर कही ये बात
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के 100 वर्ष पूरे होने पर देवनानी ने कहा कि संघ व्यक्ति निर्माण और राष्ट्रभक्ति की भावना विकसित करने का काम करता है. सामाजिक समरसता और एकात्मता भी इसके प्रमुख अंग हैं. उन्होंने संघ की शाखाओं में जाति नहीं पूछे जाने और सभी स्वयंसेवकों के साथ रहने, खेलने और भोजन करने का जिक्र किया.
उन्होंने महात्मा गांधी के संघ शिविर में जाने का प्रसंग सुनाते हुए कहा कि वहां स्वयंसेवकों के बीच जाति का भेद दिखाई नहीं दिया. देवनानी के अनुसार, सामाजिक समरसता केवल भाषणों से नहीं, बल्कि व्यवहार में अपनाने से दिखाई देती है.