App

194 KM का सफर तय कर राजस्थान पहुंचा कूनो का KGP-13, फिर बयाना के जंगलों में दी दस्तक; गांवों में अलर्ट

कूनो नेशनल पार्क से निकला चीता KGP-13 करीब 194 किलोमीटर का सफर तय कर भरतपुर के बयाना स्थित गजनुआ गांव के जंगलों में पहुंच गया है. जिसके बाद वन विभाग ने सैटेलाइट कॉलर से निगरानी बढ़ाते हुए ग्रामीणों को सतर्क रहने की सलाह दी है.

194 KM का सफर तय कर राजस्थान पहुंचा कूनो का KGP-13, फिर बयाना के जंगलों में दी दस्तक; गांवों में अलर्ट
Image Credit: 194 KM का सफर तय कर राजस्थान पहुंचा कूनो का KGP-13, फिर बयाना के जंगलों में दी दस्तक; गांवों में अलर्ट

मध्यप्रदेश के कूनो नेशनल पार्क से निकलकर राजस्थान के जंगलों में अपनी मौजूदगी दर्ज करा रहा चीता KGP-13 एक बार फिर बयाना के जंगलों में पहुंच गया है. करीब 194 किलोमीटर का सफर तय कर चीता गढ़ी बाजना थाना क्षेत्र के गजनुआ गांव के जंगलों में पहुंचा है. उसकी मूवमेंट सामने आने के बाद वन विभाग अलर्ट मोड पर आ गया है. विभाग की टीमें सैटेलाइट कॉलर के जरिए उसकी लोकेशन पर लगातार नजर रख रही हैं.

दरअसल, कूनो नेशनल पार्क से निकलने के बाद KGP-13 लगातार राजस्थान के वन क्षेत्रों की ओर मूवमेंट कर रहा है. चंबल के बीहड़ों और धौलपुर के जंगलों को पार करते हुए वह भरतपुर जिले के बयाना उपखंड स्थित बंध बारैठा वन क्षेत्र में पहुंचा है. बंध बारैठा के जंगल इस चीते को खासे रास आ रहे हैं. यही वजह है कि वह पहले भी इस इलाके में लंबा समय बिता चुका है.

अप्रैल-मई में 15 दिन तक रहा था बंध बारैठा के जंगलों में
खास बात यह है कि इसी साल अप्रैल-मई में भी चीता KGP-13 करीब 15 दिनों तक बंध बारैठा वन क्षेत्र के अलग-अलग इलाकों में घूमता रहा था. उस दौरान उसकी लगातार बदलती लोकेशन को लेकर क्षेत्र में काफी चर्चा रही थी. अब एक बार फिर गजनुआ गांव के जंगलों में उसकी दस्तक से वन विभाग ने निगरानी बढ़ा दी है.

सैटेलाइट कॉलर से हर मूवमेंट पर नजर
चीते की लोकेशन और गतिविधियों पर सैटेलाइट कॉलर के माध्यम से नजर रखी जा रही है. वन विभाग की टीमें उसकी लोकेशन के आधार पर मूवमेंट वाले क्षेत्रों को चिह्नित कर रही हैं, ताकि आसपास के ग्रामीण इलाकों में समय रहते सतर्कता बरती जा सके.

ग्रामीणों को जंगल में अकेले नहीं जाने की सलाह
वन विभाग ने गजनुआ और आसपास के गांवों के लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है. ग्रामीणों से जंगल में अकेले नहीं जाने, झाड़ियों और सुनसान इलाकों में सावधानी बरतने और चीते को दिखाई देने पर उसके नजदीक नहीं जाने की अपील की गई है. साथ ही उसे परेशान करने या पीछा करने से बचने और सुरक्षित दूरी बनाए रखने की हिदायत दी गई है.

फिलहाल वन विभाग की नजर चीते की हर गतिविधि पर बनी हुई है. अब देखना होगा कि KGP-13 बंध बारैठा के जंगलों में कितने दिन ठहरता है या फिर आगे किसी नए वन क्षेत्र की ओर रुख करता है.

(भरतपुर से देवेंद्र सिंह की रिपोर्ट)

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Renu Akarniya

Renu Akarniya

रेनू अकर्णिया, वर्तमान में Zee News में सब-एडिटर के पद पर कार्यरत हैं और हाइपर लोकल की लेटेस्ट, ट्रेंडिंग, यूटिलिटी से जुड़ी खबरों पर काम कर रही हैं. रेनू पिछले 4 सालों से डिजिटल मीडिया में सक्रिय हैं. DU से पत्रकारिता में ग्रेजुएशन करने के बाद उन्होंने 2022 में Zee News से अपने करियर की शुरुआत की. लोकल चैनल समाचार प्लस में इंटर्न से शुरुआत की और कारवां बढ़ता हुआ जी न्यूज पहुंचा है.रेनू अकर्णिया से आप renu.akarniya@india.com पर ईमेल के माध्यम से संपर्क कर सकते हैं. इसके अलावा, एक्स (ट्विटर) के जरिए भी उनसे सीधा संवाद कर सकते हैं. 
Read More