)
राजस्थान के झुंझुनूं जिले के बगड़ थाना इलाके में काटली नदी के पास मिले युवक के शव की गुत्थी पुलिस ने सुलझा ली है. इस हत्याकांड की कहानी बेहद चौंकाने वाली है, जिस मां पर बेटे की सुरक्षा और परवरिश की जिम्मेदारी थी. उसी मां ने कथित तौर पर अपने अवैध संबंधों में बाधा बन रहे बेटे को रास्ते से हटाने की साजिश रच डाली.
गाय लाने के बहाने घर से निकला था सुनील, तीन दिन बाद मिला शव
मृतक की पहचान पोषाणा निवासी सुनील कुमार के रूप में हुई. 13 नवंबर को केहरपुरा खुर्द निवासी उसके मामा राजू ने सुनील की गुमशुदगी दर्ज करवाई थी. बताया गया कि सुनील 11 नवंबर को गाय लाने की बात कहकर घर से निकला था लेकिन वापस नहीं लौटा. इसके तीन दिन बाद 16 नवंबर को भड़ौंदा खुर्द क्षेत्र में काटली नदी के कूंचों में सुनील का शव मिला. पोस्टमार्टम और पुलिस जांच में सामने आया कि सुनील की गला घोंटकर हत्या की गई थी.
मोबाइल की कॉल डिटेल से मिला हत्याकांड का सुराग
पुलिस ने मामले की तह तक पहुंचने के लिए तकनीकी साक्ष्य जुटाए और सुनील के मोबाइल की कॉल डिटेल खंगाली. इसी दौरान एक नंबर से बार-बार बातचीत होने का सुराग मिला. पुलिस ने कालीपहाड़ी निवासी 30 वर्षीय जितेंद्र सिंह उर्फ जीतू को हिरासत में लिया.
पूछताछ में सामने आया मां और उसके साथी का नाम
पूछताछ में उसने खतेहपुरा निवासी 42 वर्षीय गुलाब रैबारी का नाम बताया. इसके बाद गुलाब से पूछताछ हुई तो इस सनसनीखेज हत्याकांड के पीछे मृतक की 42 वर्षीय मां सीमा की भूमिका भी सामने आई. पुलिस के मुताबिक, सीमा और गुलाब की मुलाकात पिछले साल चींचड़ोली क्षेत्र में हुई थी. सीमा वहां बंटाई पर खेत में बुवाई करवाती थी, जबकि गुलाब ऊंटों का रेवड़ चराता था. इसी दौरान दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ गईं.
मां के संबंधों का विरोध करता था सुनील
गुलाब का सीमा के घर लगातार आना-जाना सुनील को पसंद नहीं था. वह इसका विरोध करता था. इसी बात को लेकर पिछले तीन महीने से मां-बेटे के बीच विवाद चल रहा था. आरोप है कि इसी विरोध से परेशान होकर सीमा और गुलाब ने सुनील की हत्या की साजिश रची. गुलाब ने अपने दोस्त जितेंद्र सिंह और एक नाबालिग को भी इस साजिश में शामिल कर लिया. पुलिस की प्रारंभिक जांच के अनुसार, सुनील को गाय बेचने के बहाने बुलाया गया था. 11 नवंबर की दोपहर वह अपने ननिहाल केहरपुरा खुर्द से भड़ौंदा कलां स्थित शनि मंदिर के पास पहुंचा. वहां गुलाब और जितेंद्र पहले से मौजूद थे.
मां समेत तीन आरोपी गिरफ्तार, नाबालिग निरुद्ध
आरोप है कि मौका पाकर गुलाब ने रस्सी से सुनील का गला घोंट दिया और हत्या के बाद शव को काटली नदी के कूंचों यानी झाड़ियों में छिपाकर फरार हो गए. 16 नवंबर को शव मिलने के बाद आसपास के घरों की महिलाओं ने सबसे पहले दुर्गंध महसूस की थी. इसके बाद पुलिस ने जांच तेज की और आखिरकार इस हत्याकांड की परतें खुलती चली गईं. बगड़ पुलिस ने मामले में मृतक की मां सीमा सहित तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक नाबालिग को निरुद्ध किया गया है. इस पूरी कार्रवाई में बगड़ थानाधिकारी मुकेश कुमार के नेतृत्व वाली टीम की अहम भूमिका रही.
हत्या के बाद काटली नदी की झाड़ियों में छिपाया शव
एक मां, एक बेटा, अवैध संबंधों का विरोध और फिर हत्या की खौफनाक साजिश. काटली नदी के कूंचों में मिला सुनील का शव अब एक ऐसे पारिवारिक रिश्ते की कहानी बयां कर रहा है, जिसने इंसानियत को झकझोर कर रख दिया. मामले को लेकर आरोपितों से पूछताछ जारी है, जिसमें पुलिस के सामने और भी खुलासे हो सकते हैं. आपको बता दें कि इस मामले में हत्या की आशंका और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर बीडीके अस्पताल में प्रदर्शन भी हुआ था.