)
जयपुर में चोरों और नकबजनों के हौसले बुलंद हैं. शहर के अलग-अलग थाना इलाकों में चोरी की एक के बाद एक वारदातें सामने आई हैं. कहीं घर के बाहर खड़ी मोटरसाइकिलें गायब हो रही हैं तो कहीं पार्किंग और व्यस्त बाजारों के बाहर से वाहन पार किए जा रहे हैं. शातिर चोरों ने अब शादी समारोहों को भी निशाना बनाना शुरू कर दिया है.
हरमाड़ा के मंगल बेला गार्डन में बहन के भात की रस्म निभाने पहुंचे एक व्यक्ति के 3 लाख 25 हजार रुपये चोरी हो गए. वहीं, जवाहर सर्किल इलाके में शादी समारोह में शामिल होने गई युवती की कार का शीशा तोड़कर चोर आईपैड, नकदी और अन्य सामान ले गए.
10 जगहों से मोटरसाइकिलें चोरी
वाहन चोरी की वारदातों पर नजर डालें तो सांगानेर, खो-नागोरियान, करणी विहार, वैशाली नगर, हरमाड़ा, माणक चौक और मानसरोवर समेत कई थाना इलाकों में मोटरसाइकिल चोरी के मामले दर्ज हुए हैं. सांगानेर थाना इलाके में दो अलग-अलग वारदातों में मोटरसाइकिलें चोरी हुई. प्रताप नगर निवासी नवीन की मोटरसाइकिल को अज्ञात चोर ले गए. वहीं, सूर्य नगर सांगानेर निवासी भंवरलाल की मोटरसाइकिल भी चोरी हो गई.
खो-नागोरियान थाना इलाके में JNU के पास से भैरूलाल प्रजापत की मोटरसाइकिल चोरी हो गई. पीड़ित के मुताबिक, उसने सुबह मोटरसाइकिल खड़ी की थी, लेकिन दोपहर में वापस लौटा तो बाइक गायब मिली. करणी विहार थाना इलाके में भी वाहन चोरों ने दो वारदातों को अंजाम दिया. रजनी विहार स्थित हनुमान वाटिका की पार्किंग से शुभम पारीक की या मोटरसाइकिल नंबर चोरी हो गई. वहीं, सूर्य रेजिडेंसी इलाके से नरेंद्र कुमार की मोटरसाइकिल चोरी कर ली गई.
वैशाली नगर के हनुमान नगर सी ब्लॉक में कोटक महिंद्रा बैंक के बाहर खड़ी मोहित नारेड़ा की मोटरसाइकिल नंबर भी चोर ले गए. हरमाड़ा थाना इलाके में सीतावाली फाटक के पास रानी बाग गार्डन के बाहर लॉक लगाकर खड़ी रमेश मीणा की मोटरसाइकिल चोरी हो गई. माणक चौक थाना इलाके में गोपालजी के रास्ते से गोविंद खंडेलवाल की मोटरसाइकिल चोरी हुई.
मानसरोवर में भी वाहन चोर सक्रिय
मानसरोवर और आसपास के इलाकों में भी वाहन चोरी की वारदातें सामने आई हैं. अशोक विहार से विकास जाव की मोटरसाइकिल चोरी हो गई. वहीं, अग्रवाल फार्म इलाके में शिशिर वशिष्ठ की मोटरसाइकिल घर के बाहर से चोरी कर ली गई. रामतीर्थ मार्ग झालाना घोड़ इलाके में सतवीर सिंह के दोस्त की मोटरसाइकिल भी चोरी हो गई. बाइक को रात करीब 10 बजे लॉक करके खड़ा किया गया था. सुबह 7 बजे देखा तो मोटरसाइकिल गायब थी.
मकानों के ताले तोड़कर सोना-चांदी और नकदी पार
वाहन चोरी के साथ ही शहर में नकबजनी की वारदातें भी सामने आई हैं. मानसरोवर थाना इलाके के वरुण पथ पर 83 वर्षीय महेश चंद्र जैन के मकान को चोरों ने निशाना बनाया. बदमाश मकान से सोने की चेन, लॉकेट, कानों के झुमके, सोने-हीरे की अंगूठी और चांदी के कई आभूषण चोरी कर ले गए. चोरी हुए सामान में चांदी के सिक्के, कटोरी-चम्मच, पायल, कड़े, बिछिया और मोती-स्टोन के हार भी शामिल हैं. मकान से करीब 30 हजार रुपये नकद भी चोरी हुए.
मुहाना थाना इलाके के मदरामपुरा में चोरों ने रीकेमचंद आचार्य के मकान के ताले तोड़कर वारदात को अंजाम दिया. बदमाश करीब 35 हजार रुपये नकद, डेढ़ किलो चांदी, चांदी के सिक्के, पायजेब, हार, मंगलसूत्र और करीब 60 ग्राम सोने के आभूषण चोरी कर ले गए.
वहीं, सांगानेर सदर थाना इलाके के सीतापुरा स्थित फैक्ट्री में भी लाखों रुपए की चोरी हुई. फैक्ट्री में दीपावली पूजन के लिए पहुंचे अकाउंट मैनेजर को स्ट्रॉन्ग रूम में सामान बिखरा मिला और तिजोरी कटी हुई मिली. जांच करने पर गोल्ड, सिल्वर और जेम स्टोन का स्टॉक गायब मिला. चोरी हुए सामान की अनुमानित कीमत करीब 20 लाख रुपये बताई गई है. इसमें 18.56 ग्राम सोना, 7345 ग्राम चांदी और 190.10 ग्राम जेम स्टोन शामिल हैं.
शादी समारोह में भी चोरों का धावा, 3.25 लाख रुपये पार
चोरी की वारदातों का सिलसिला शादी समारोहों तक पहुंच गया है. हरमाड़ा थाना इलाके के सीकर रोड स्थित मंगल बेला गार्डन में पप्पू शर्मा अपनी बहन के भात की रस्म निभाने पहुंचे थे. रस्म पूरी करने के दौरान रुपयों से भरा बैग चोरी हो गया. बैग में 3 लाख 25 हजार रुपये रखे हुए थे. पीड़ित ने हरमाड़ा थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है.
कार का शीशा तोड़कर आईपैड और सामान चोरी
जवाहर सर्किल थाना इलाके में मैरिज पैराडाइज के सामने खड़ी कार को चोरों ने निशाना बनाया. विधुती अपनी सहेली के भाई की शादी में शामिल होने पहुंची थीं. उन्होंने कार गार्डन के सामने खड़ी की थी. रात करीब 9:30 बजे वापस लौटीं तो कार का पिछला शीशा टूटा मिला. कार में रखा आईपेड, लॉ की किताबें, बैग में रखे 5300 रुपये, करीब 10 हजार रुपये की मेकअप किट, पावर बैंक और नामी कम्पनी के जूते गायब थे.
अलग-अलग थानों में मुकदमे दर्ज, पुलिस के सामने चुनौती
शहर के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में सामने आई इन वारदातों ने पुलिस की गश्त और वाहन चोरी की रोकथाम पर सवाल खड़े किए हैं. वाहन चोरी, मकानों में नकबजनी और शादी समारोहों में चोरी के मामलों में संबंधित थानों में भारतीय न्याय संहिता की धाराओं के तहत मुकदमे दर्ज किए गए हैं. अब पुलिस के सामने इन वारदातों का खुलासा करने और चोरों तक पहुंचने की चुनौती है.