)
सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर नेहा बिष्ट के घर पर अभिनय कुमार सिंह के साथ कथित मारपीट और 14 तारीख को हुई उनकी मौत का मामला अब नए सवाल खड़े कर रहा है. इस मामले में सामने आए सीसीटीवी फुटेज और पड़ोसी के बयान से घटना की परिस्थितियों को लेकर कई अहम बातें सामने आई हैं. अब इस पूरे मामले में नेहा बिष्ट के पड़ोसी नीरज खटाना का पक्ष सामने आया है, जो खुद को घटना का चश्मदीद बता रहे हैं. नीरज का दावा है कि उन्होंने घटना के दौरान अभिनय कुमार सिंह के साथ मारपीट होते देखी थी और इसकी सूचना देने के लिए पुलिस के 100 नंबर पर कॉल भी किया था.
पड़ोसी नीरज खटाना ने पुलिस को किया था फोन
नीरज खटाना नेहा बिष्ट के घर से एक मकान छोड़कर रहते हैं. उनके मुताबिक, घटना के समय वह मौके पर मौजूद थे. उन्होंने देखा कि अभिनय कुमार सिंह की घर के बाहर पिटाई की जा रही थी. नीरज का आरोप है कि इस दौरान नेहा बिष्ट के पिता वीरेंद्र, भाई जय बिष्ट, पंकज और कुछ अन्य रिश्तेदार भी वहां मौजूद थे और अभिनय के साथ मारपीट कर रहे थे. यह सब देखने के बाद नीरज ने पुलिस के 100 नंबर पर कॉल कर घटना की जानकारी दी.
नीरज के मुताबिक, जब तक पुलिस मौके पर पहुंची, तब तक अभिनय कुमार सिंह की हालत बिगड़ चुकी थी. इसके बाद पुलिस उन्हें बाइक पर बैठाकर वहां से ले गई.
चश्मदीद होने के बावजूद दर्ज नहीं हुआ बयान?
इस मामले में अब एक और सवाल सामने आया है. नीरज खटाना का दावा है कि वह घटना के चश्मदीद हैं और उन्होंने पुलिस को फोन करके सूचना भी दी थी, लेकिन अब तक पुलिस ने उनका बयान दर्ज नहीं किया है. नीरज के मुताबिक, उन्होंने इस संबंध में जांच अधिकारी (IO) को कई बार मैसेज करके पूछा कि उनका बयान अब तक क्यों दर्ज नहीं किया गया.
नीरज का कहना है कि बार-बार संपर्क करने के बावजूद उनका बयान दर्ज नहीं हुआ. वही जांच अधिकारी जीवन आनंद की ओर से उन्हें जानकारी दी गई कि अब IO बदल चुके हैं और नए अधिकारी संदीप हैं. बताया गया है कि संदीप 14 तारीख को ही, जिस दिन अभिनय कुमार सिंह की मौत हुई थी, पॉइंट ड्यूटी पर थे और उसी दिन से 30 तारीख तक छुट्टी पर चले गए थे.
वकील ने बेल एप्लीकेशन को लेकर उठाए सवाल
अब इस मामले में अभिनय कुमार सिंह के वकील विमल यादव का पक्ष भी सामने आया है. उनका कहना है कि नेहा बिष्ट के परिवार की ओर से रिकॉर्ड के तौर पर जो सामग्री पेश की गई है, उसमें इंस्टाग्राम से जुड़े कुछ तथ्य दिखाई देते हैं. वकील के मुताबिक, इन रिकॉर्ड्स में अभिनय कुमार सिंह और नेहा बिष्ट के बीच वर्ष 2024 से संपर्क होने की बात सामने आती है.
विमल यादव का यह भी कहना है कि बेल एप्लीकेशन में कहीं भी यह नहीं लिखा गया है कि अभिनय कुमार सिंह चोरी करने के इरादे से वहां पहुंचे थे. उन्होंने मामले में पेश किए गए तथ्यों और दावों को लेकर सवाल उठाए हैं.
नेहा बिष्ट के परिवार ने नहीं दिया जवाब
इस मामले में नेहा बिष्ट और उनके परिवार का पक्ष जानने के लिए टीम उनके घर भी पहुंची. वहां परिवार से बातचीत करने की कोशिश की गई, लेकिन कोई भी सदस्य सामने आकर बात करने के लिए तैयार नहीं हुआ. आसपास के पड़ोसियों ने भी इस मामले पर कुछ कहने से परहेज किया.
इसके बाद टीम ने नेहा बिष्ट को फोन किया, लेकिन उन्होंने कॉल रिसीव नहीं किया. उन्हें मैसेज भेजकर भी उनका पक्ष जानने की कोशिश की गई, लेकिन खबर लिखे जाने तक कोई जवाब नहीं मिला.
इस मामले में पड़ोसी के दावे, सीसीटीवी फुटेज और वकील की ओर से उठाए गए सवालों के बीच कई पहलुओं पर स्थिति स्पष्ट होना बाकी है. पुलिस की जांच और संबंधित पक्षों के आधिकारिक बयान सामने आने के बाद ही पूरे घटनाक्रम की तस्वीर साफ हो सकेगी.