कुश्ती में कोटा की बेटियों का दम! तीन को मिला ₹1.53 लाख का सम्मान
कोटा में महिला कुश्ती को बढ़ावा देने के लिए जिला कुश्ती संघ ने अनूठी पहल की है. अंडर-14 नेशनल कुश्ती प्रतियोगिता में रजत पदक जीतने वाली श्रुति शर्मा, कांस्य पदक विजेता दिव्यांश कश्यप और प्रतियोगिता में हिस्सा लेने वाली नंदनी सेन को 51-51 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि दी गई. तीनों को कुल 1.53 लाख रुपये देकर सम्मानित किया गया.
खेल के मैदान में जीत का जश्न तो अक्सर मनाया जाता है, लेकिन हार-जीत से आगे बढ़कर खिलाड़ियों के प्रयासों को सम्मान देना खेल संस्कृति को नई दिशा देता है. कोटा में महिला कुश्ती को बढ़ावा देने के लिए ऐसी ही एक पहल की गई है. यहां पदक जीतने वाली दो महिला पहलवानों के साथ नेशनल प्रतियोगिता में हिस्सा लेने वाली तीसरी पहलवान को भी समान सम्मान दिया गया. कोटा जिला कुश्ती संघ की ओर से तीनों महिला पहलवानों को 51-51 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि दी गई यानी बेटियों के खेल को आगे बढ़ाने के लिए कुल 1 लाख 53 हजार रुपये की राशि प्रदान की गई.
गुरुवार को राजस्थान राज्य कुश्ती संघ के अध्यक्ष राजीव दत्ता ने तीनों खिलाड़ियों को प्रोत्साहन राशि के चेक सौंपे. इस पहल की खास बात यह रही कि सम्मान का आधार सिर्फ पदक नहीं, बल्कि प्रतियोगिता में भागीदारी और खेल के प्रति समर्पण भी रहा. इसका उद्देश्य कोटा के साथ पूरे हाड़ौती क्षेत्र में बालिकाओं को कुश्ती के अखाड़े तक लाना और उन्हें राष्ट्रीय स्तर पर आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित करना है.
यह भी पढ़ेंः 17 साल की उम्र में स्टार्टअप शुरू कर किया कमाल, किए 500 से ज्यादा प्रोडक्ट तैयार
नेशनल कुश्ती में कोटा की बेटियों ने दिखाया दम
कोटा जिला कुश्ती संघ के कोषाध्यक्ष तेजेंद्र पाल सिंह बराड़ ने बताया कि दिल्ली में 31 अक्टूबर से 5 नवंबर तक आयोजित अंडर-14 स्कूली नेशनल कुश्ती प्रतियोगिता में कोटा की तीन पहलवानों ने भाग लिया था. प्रतियोगिता में श्रुति शर्मा ने 33 किलोग्राम भार वर्ग में शानदार प्रदर्शन करते हुए रजत पदक अपने नाम किया. वहीं, 36 किलोग्राम भार वर्ग में दिव्यांश कश्यप ने कांस्य पदक हासिल कर कोटा का मान बढ़ाया. दूसरी ओर, 50 किलोग्राम भार वर्ग में नंदनी सेन ने भी राष्ट्रीय प्रतियोगिता में हिस्सा लेकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया.
पदक के साथ भागीदारी को भी सम्मान
कुश्ती संघ की ओर से तीनों खिलाड़ियों को समान रूप से 51-51 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि दी गई. इस पहल के जरिए यह संदेश देने की कोशिश की गई कि खेल में सिर्फ मेडल जीतना ही महत्वपूर्ण नहीं है, बल्कि प्रतियोगिता तक पहुंचने के लिए की गई मेहनत और मैदान में उतरने का साहस भी उतना ही मायने रखता है.
राजस्थान राज्य कुश्ती संघ के अध्यक्ष राजीव दत्ता ने कहा कि इस प्रोत्साहन राशि का उद्देश्य केवल पदक विजेता खिलाड़ियों को सम्मानित करना नहीं है, बल्कि कोटा सहित संपूर्ण हाड़ौती में अधिक से अधिक बालिकाओं की कुश्ती में भागीदारी सुनिश्चित करना है. बेटियों को आगे बढ़ने के अवसर और प्रोत्साहन मिलेगा तो वे कुश्ती के क्षेत्र में बेहतर प्रदर्शन कर प्रदेश और देश का नाम रोशन कर सकेंगी.
यह भी पढ़ेंः झुंझुनूं में रिटायर्ड फौजी पिता का सपना बेटे ने किया पूरा: हेलीकॉप्टर से गांव लेकर आया दुल्हन
अब हाड़ौती की बेटियों को अखाड़े तक लाने की कोशिश
कोटा में हुई यह पहल महिला कुश्ती को प्रोत्साहित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण प्रयास है. इसमें पदक विजेता और प्रतिभागी खिलाड़ी के बीच प्रोत्साहन राशि का अंतर नहीं रखा गया. इसका मकसद नई लड़कियों को भी कुश्ती अपनाने के लिए प्रेरित करना है, ताकि वे जिला और राज्य स्तर से आगे बढ़कर राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं तक पहुंचने का सपना देख सकें.