App

झुंझुनूं में रिटायर्ड फौजी पिता का सपना बेटे ने किया पूरा: हेलीकॉप्टर से गांव लेकर आया दुल्हन

झुंझुनूं के ढंढारिया गांव में एक दुल्हन की हेलीकॉप्टर से शाही एंट्री चर्चा का विषय बन गई. मर्चेंट नेवी में कार्यरत अभिनव पूनिया अपनी पत्नी निकिता कुलहरी को 11 नवंबर को हेलीकॉप्टर से गांव लेकर पहुंचे. अभिनव के पिता राजेश पूनिया भारतीय सेना से रिटायर्ड हैं. पिता और बेटे का सपना था कि शादी के बाद दुल्हन को हेलीकॉप्टर से गांव लाया जाए.

झुंझुनूं में रिटायर्ड फौजी पिता का सपना बेटे ने किया पूरा: हेलीकॉप्टर से गांव लेकर आया दुल्हन
Image Credit: एक दुल्हन की हेलीकॉप्टर से शाही एंट्री

भारतीय सेना से सेवानिवृत्त पिता का सपना बेटे ने अपनी शादी में पूरा कर दिया. बेटे की दुल्हन हेलीकॉप्टर से गांव पहुंची तो उसे देखने के लिए पूरा गांव उमड़ पड़ा. हेलीकॉप्टर से दुल्हन की शाही एंट्री ग्रामीणों के लिए आकर्षण का केंद्र रही.

जानकारी के अनुसार, झुंझुनूं जिले की पिलानी पंचायत समिति क्षेत्र के ढंढारिया निवासी अभिनव पूनिया की चूरू जिले के बिंजूसर निवासी निकिता कुलहरी के साथ शादी हुई. इसके बाद 11 नवंबर को अभिनव अपनी दुल्हन को हेलीकॉप्टर से लेकर गांव पहुंचा. दुल्हन के हेलीकॉप्टर से गांव पहुंचने पर ग्रामीणों ने गर्मजोशी से स्वागत किया. इस अनोखे नजारे को देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग एकत्रित हुए.

बीएससी के बाद मर्चेंट नेवी में जॉइन की नौकरी 
अभिनव पूनिया ने बताया कि बीएससी के बाद उन्होंने मर्चेंट नेवी जॉइन की थी. 5 दिसंबर 2025 को उनकी निकिता कुलहरी के साथ सगाई हुई थी. सगाई के बाद से ही उनका और उनके पिता राजेश पूनिया का सपना था कि शादी के बाद दुल्हन को हेलीकॉप्टर से गांव लेकर आएंगे.

2008 में सेना से रिटायर हुए थे पिता
इसी सपने को साकार करने के लिए शादी के बाद दुल्हन को हेलीकॉप्टर से गांव लाने का फैसला लिया गया. अभिनव के पिता राजेश पूनिया साल 2008 में भारतीय सेना से सेवानिवृत्त हुए थे. वर्तमान में वे मिलिट्री इंजीनियरिंग सर्विस की टेक्निकल विंग में कार्यरत हैं और दिल्ली में पोस्टेड हैं.

बीएससी नर्सिंग तक पढ़ी हैं दुल्हन निकिता 
वहीं, दुल्हन निकिता कुलहरी बीएससी नर्सिंग तक पढ़ी हैं. उनके माता-पिता दोनों शिक्षक हैं, जबकि छोटा भाई अभी पढ़ाई कर रहा है. गांव में हेलीकॉप्टर की लैंडिंग को लेकर मंड्रेला पुलिस प्रशासन मौके पर मौजूद रहा. वहीं, पिलानी से दमकल की टीम भी पहुंची.

बेटे ने पूरा किया पिता का सपना
सुरक्षा एवं व्यवस्थाओं के बीच हेलीकॉप्टर से दुल्हन की एंट्री ने पूरे गांव में उत्सव जैसा माहौल बना दिया. पिता के सपने को बेटे ने पूरा कर शादी के इस खास पल को परिवार और गांव के लिए यादगार बना दिया. 
 

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Sandeep Kedia

Sandeep Kedia

संदीप केडिया झुंझुनूं जिले के चिड़ावा कस्बे के निवासी और वरिष्ठ पत्रकार हैं. वे पिछले करीब 25 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं तथा वर्ष 2015 से Zee Media से जुड़े हुए हैं. उन्होंने VMOU Kota से बीजेएमसी और एमजेएमसी की पढ़ाई की है. संदीप केडिया को झुंझुनूं जिले की पत्रकारिता के मजबूत और भरोसेमंद नामों में गिना जाता है. राजस्थान सरकार के अधिस्वीकृत पत्रकारों की सूची में 2013 से शामिल संदीप केडिया को प्रिंट और सोशल मीडिया का भी अच्छा खासा अनुभव है.
Read More