App

Zee के शेयरहोल्डर्स की लगी लॉटरी, 600 करोड़ रुपये के मेगा बायबैक का ऐलान; क्या तय हुआ शेयर का भाव?

देश की दिग्गज कंटेंट एंड टेक्नोलॉजी कंपनी जी एंटरटेनमेंट एंटरप्राइजेज लिमिटेड के बोर्ड ने शेयर बायबैक प्रपोजल पर मुहर लगा दी है. 600 करोड़ रुपये के इस बॉयबैक प्रपोजल के लिए 91 रुपये प्रति शेयर का भाव तय किया गया है.

Zee के शेयरहोल्डर्स की लगी लॉटरी, 600 करोड़ रुपये के मेगा बायबैक का ऐलान; क्या तय हुआ शेयर का भाव?
Image Credit: (File Pic) कंपनी के प्रमोटर्स और प्रमोटर ग्रुप के सदस्यों ने इस बायबैक में हिस्सा नहीं लेने का फैसला किया है.

शेयर बाजार में चल रहे उतार-चढ़ाव के बीच देश की दिग्गज कंटेंट और टेक्नोलॉजी कंपनी जी एंटरटेनमेंट एंटरप्राइजेज लिमिटेड (Zee Entertainment Enterprises Ltd) ने अपने निवेशकों को बड़ी खुशखबरी दी है. कंपनी की गुरुवार को हुई बोर्ड मीटिंग में 600 करोड़ रुपये तक के शेयर बायबैक प्रपोजल को मंजूरी दे दी गई है. कंपनी की तरफ से इसके लिए 91 रुपये प्रति शेयर की दर तय की गई. इस फैसले का मकसद लंबे समय से कंपनी के साथ जुड़े शेयरहोल्डर्स को बेहतर रिटर्न देना और निवेशकों के भरोसे को औरमजबूत करना है. जब कोई कंपनी खुद अपने शेयर बाजार से वापस लेती है तो यह इस बात का संकेत होता है कि कंपनी को अपने भविष्य और कमाई की क्षमता पर पूरा भरोसा है.

जी एंटरटेनमेंट की तरफ से दी गई जानकारी के अनुसार बायबैक के तहत 91 रुपये प्रति शेयर की दर से अधिकतम 6,59,34,065 इक्विटी शेयर को वापस खरीदा जाएगा. यह कंपनी की कुल पेड-अप इक्विटी शेयर कैपिटल का 6.86 प्रतिशत हिस्सा है. Zee Entertainment की तरफ से साफ किया गया कि पूरा बायबैक टेंडर ऑफर रूट (Tender Offer Route) के माध्यम से पूरा किया जाएगा. कंपनी के प्रमोटर्स और प्रमोटर ग्रुप के सदस्यों ने इस बायबैक में हिस्सा नहीं लेने का फैसला किया है. इसका मतलब यह है कि ऑफर का पूरा फायदा आम और पब्लिक शेयरहोल्डर्स को मिलने वाला है.

क्यों लिया 600 करोड़ के बायबैक का फैसला?

बोर्ड की तरफ से अपनी वित्तीय मजबूती, फ्री कैश फ्लो और भविष्य के बिजनेस आउटलुक की गहराई से समीक्षा करने के बाद यह कदम उठाया गया है. कंपनी चेयरमैन आर गोपालन ने कहा, बोर्ड का मानना है कि कंपनी की आंतरिक वैल्यू फिलहाल उसके मौजूदा मार्केट वैल्यूएशन में सही से पता नहीं चल पा रही. उन्होंने बताया, बायबैक शेयरहोल्डर्स के हितों की रक्षा करने और कंपनी की लॉन्गटर्म कैपेसिटी पर भरोसा जताने का बेहतरीन मौका है. बोर्ड ने अलग-अलग ऑप्शन और निवेशकों से मिले फीडबैक पर विचार करने के बाद सर्वसम्मति से इस प्रस्ताव पर मुहर लगाई.

ग्रोथ और डिजिटल पर कंपनी का पूरा फोकस

कंपनी के सीईओ पुनीत गोयनका ने इस मौके पर कहा कि ZEE ने कंटेंट, डिजिटल और उभरते हुए नए मौकों पर फोकस बढ़ाया है. कंपनी की तरफ से ऑपरेशनल एफिशिएंसी बढ़ाने पर भी काम किया जा रहा है और मजबूत ग्रोथ ट्रैक पर आगे बढ़ रही है. सीईओ गोयनका ने कहा, बोर्ड की तरफ से बायबैक प्लान को मंजूरी देना कंपनी की मजबूत बुनियाद और आने वाले समय के मौकों को भुनाने की ताकत को दर्शाता है. मुश्किल आर्थिक माहौल और बदलते इंडस्ट्री ट्रेंड्स के बीच भी कंपनी ने पहले भी  डिविडेंड देकर निवेशकों को फायदा पहुंचाया है. कंपनी ने 'ट्रूली योर्स' एम्प्लॉई स्टॉक ऑप्शन प्लान के जरिये कर्मचारियों को भी इस ग्रोथ स्टोरी का हिस्सा बनाया है. कंपनी का मकसद डिजिटल ग्रोथ को बढ़ाना और नई टेक्नोलॉजी के जरिये इनकम के नए रास्ते खोलना है.

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Kriyanshu Saraswat

Kriyanshu Saraswat

क्रियांशु सारस्वत वरिष्ठ बिजनेस जर्नलिस्ट (Business Journalist) हैं, उन्हें डिजिटल और प्रिंट मीडिया में 17 साल का अनुभव है. मौजूदा समय में वह Zee News (Hindi) की डिजिटल टीम में बतौर 'असिस्टेंट न्यूज एडिटर' कार्यरत हैं. क्रियांशु को बिजनेस, पर्सनल फाइनेंस, टैक्सेशन, कमोडिटी और सरकारी योजनाओं आदि से जुड़ी खबरों को आसान भाषा में पाठकों तक पहुंचाने में महारथ हासिल है. Zee News से पहले क्रियांशु ने टाइम्स इंटरनेट, हिन्दुस्तान, दैनिक जागरण और अमर उजाला की वेबसाइट में अहम संपादकीय जिम्मेदारियां निभाई हैं. इस दौरान क्रियांशु ने ऑटो, टेक्नोलॉजी और लाइफस्‍टाइल लीड की जिम्मेदारी संभाली है. अभी क्रियांशु बिजनेस लीड हैं. यूपी से ताल्‍लुक रखने वाले क्र‍ियांशु पत्रकार‍िता में पोस्ट ग्रेजुएट हैं.
Read More