SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

करौली निकाय चुनाव के नतीजे: किसके सिर सजा अध्यक्ष पद का ताज? देखें पूरी लिस्ट

करौली जिले के नगर निकायों में सोमवार को अध्यक्ष पद के चुनाव के नतीजे घोषित हुए. करौली में कांग्रेस के सुनील सैनी सभापति बने, जबकि सपोटरा में भाजपा की सपना बैरवा, टोडाभीम में निर्दलीय ललिता देवी, मंडरायल में कांग्रेस की तुलसा जाटव और सूरौठ में भाजपा की कमला महावर ने जीत दर्ज की. हिण्डौन सिटी में भाजपा की विजय कुमारी चतुर्वेदी पहले ही निर्विरोध सभापति चुनी जा चुकी हैं. अब 22 सितंबर को उपसभापति और उपाध्यक्ष पद के चुनाव होंगे.

Written By Sneha Aggarwal
Published: Sep 21, 2026, 04:26 PM IST | Updated: Sep 21, 2026, 04:36 PM IST
Image Credit: Karauli nikay chunav result
Join

Karauli News: राजस्थान के करौली जिले के नगर निकायों में अध्यक्ष पद के चुनाव के परिणाम सोमवार को घोषित हो गए. करौली नगर परिषद में कांग्रेस के सुनील सैनी सभापति निर्वाचित हुए, जबकि सपोटरा नगर पालिका में भाजपा की सपना बैरवा, टोडाभीम में निर्दलीय ललिता देवी, मंडरायल में कांग्रेस की तुलसा जाटव और सूरौठ में भाजपा की कमला महावर अध्यक्ष निर्वाचित हुईं.

हिण्डौन सिटी में भाजपा की विजय कुमारी चतुर्वेदी पहले ही निर्विरोध सभापति निर्वाचित हो चुकी हैं. अध्यक्षों के निर्वाचन के बाद समर्थकों ने जीत का जश्न मनाया. अब 22 सितंबर को नगर निकायों में उपसभापति और उपाध्यक्ष पद के चुनाव होंगे.

करौली में कांग्रेस की जीत, सुनील सैनी बने सभापति 
करौली नगर परिषद सभापति पद के लिए सोमवार को हुए चुनाव में कांग्रेस के सुनील सैनी ने भाजपा के वीरेंद्र शर्मा को हराकर जीत दर्ज की. मतगणना के बाद रिटर्निंग अधिकारी राकेश कुमार रावत ने परिणाम घोषित किया. सुनील सैनी को 30 वोट, जबकि भाजपा प्रत्याशी वीरेंद्र शर्मा को 25 वोट मिले. 55 वार्डों वाली करौली नगर परिषद में हुए चुनाव में कांग्रेस के 28, भाजपा के 11, बसपा का एक और निर्दलीय 15 पार्षद निर्वाचित हुए थे. सभापति पद के चुनाव में सभी 55 पार्षदों ने मतदान किया.

परिणाम घोषित होते ही कांग्रेस समर्थकों में खुशी की लहर दौड़ गई. समर्थकों ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर बधाई दी और पटाखे चलाकर जीत का जश्न मनाया. चुनाव के दौरान एडीएम जगदीश गौड़ और एएसपी रामकुमार कस्वा सहित प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी मौके पर मौजूद रहे.

सपोटरा में भाजपा की सपना बैरवा अध्यक्ष निर्वाचित
सपोटरा नगर पालिका अध्यक्ष पद का चुनाव भी सोमवार को संपन्न हुआ. रिटर्निंग अधिकारी अनूप सिंह ने परिणाम घोषित किया. भाजपा की सपना बैरवा ने कांग्रेस की कविता महावर को हराकर अध्यक्ष पद पर जीत दर्ज की.  सपना बैरवा को 16 वोट, जबकि कांग्रेस प्रत्याशी कविता महावर को 4 वोट मिले. नगर पालिका के सभी 20 निर्वाचित पार्षदों ने बैलेट पेपर के जरिए मतदान किया.

निर्वाचन के बाद सपना बैरवा को निर्वाचन प्रमाण पत्र सौंपा गया और शपथ दिलाई गई. जीत के बाद उन्होंने कहा कि सपोटरा नगर पालिका क्षेत्र का विकास उनकी प्राथमिकता रहेगा. विधायक हंसराज मीणा और भाजपा कार्यकर्ताओं ने जीत की खुशी मनाई. विधायक ने इसे सपोटरा की जनता की जीत बताया.

टोडाभीम में निर्दलीय ललिता देवी की बड़ी जीत
टोडाभीम नगरपालिका अध्यक्ष पद का चुनाव परिणाम भी घोषित कर दिया गया. रिटर्निंग अधिकारी अमन चौधरी ने परिणाम जारी किया.  निर्दलीय प्रत्याशी ललिता देवी ने भाजपा की ज्योति महावर को 17 वोटों से हराकर अध्यक्ष पद पर जीत दर्ज की.  ललिता देवी को 26 वोट, जबकि भाजपा प्रत्याशी ज्योति महावर को 9 वोट मिले. नगरपालिका के सभी 35 पार्षदों ने मतदान में हिस्सा लिया.

जीत की घोषणा के बाद समर्थकों में खुशी की लहर दौड़ गई. समर्थकों ने ललिता देवी के समर्थन में नारे लगाए.  चुनाव को देखते हुए पुलिस की ओर से सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे. अब 22 सितंबर को टोडाभीम नगरपालिका में उपाध्यक्ष पद का चुनाव होगा.

मंडरायल में कांग्रेस की तुलसा जाटव अध्यक्ष बनीं
मंडरायल नगर पालिका अध्यक्ष पद के चुनाव में कांग्रेस की तुलसा जाटव ने जीत दर्ज की. उन्होंने भाजपा प्रत्याशी शकुंतला धोबी को 2 वोटों से हराया.  मंडरायल नगर पालिका में कांग्रेस के 10, भाजपा के 8 और 2 निर्दलीय पार्षद निर्वाचित हुए थे. अध्यक्ष पद के लिए कांग्रेस की तुलसा जाटव और भाजपा की शकुंतला धोबी आमने-सामने थीं.

सूरौठ में भाजपा की कमला महावर ने मारी बाजी
सूरौठ नगर पालिका अध्यक्ष पद के चुनाव में भाजपा की कमला महावर ने कांग्रेस की सोमोती महावर को 2 वोटों से हराया. कमला महावर को 11 वोट, जबकि सोमोती महावर को 9 वोट मिले. 20 वार्डों वाली सूरौठ नगर पालिका में पहली बार अध्यक्ष पद के लिए चुनाव हुआ. 11 सितंबर को हुए पार्षद चुनाव में भाजपा और कांग्रेस के 2-2 पार्षद और 16 निर्दलीय पार्षद निर्वाचित हुए थे. अध्यक्ष के निर्वाचन के बाद भाजपा कार्यकर्ताओं और शहरवासियों ने कमला महावर को बधाई दी.

हिण्डौन में विजय कुमारी चतुर्वेदी निर्विरोध सभापति
हिण्डौन सिटी नगर परिषद में भाजपा की विजय कुमारी चतुर्वेदी पहले ही निर्विरोध सभापति निर्वाचित हो चुकी हैं. अब 22 सितंबर को उपसभापति और उपाध्यक्ष पद के चुनाव होंगे. 

Report-Ashish Chaturvedi    

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

मैं स्नेहा अग्रवाल जी राजस्थान न्यूज में सब एडिटर के रूप में कार्यरत हूं और राजस्थान से जुड़ी हर बड़ी से बड़ी और छोटी से छोटी न्यूज़ पर पकड़ रखती हूं. क्राइम और कल्चर की खबरों में दिलचस्पी है. मुझे डिजिटल मीडिया का करीब 4 साल का साल का अनुभव है. इससे पहले मैं ZeeBihar में अपनी सेवाएं दे चुकी हूं. 4 साल के जर्नलिज्म करियर में लोकल, क्राइम, हेल्थ, एंटरटेनमेंट, वायरल और लाइफस्टाइल बीट पर काम किया है. मैंने यहां पर राजस्थान विधानसभा चुनाव, पंचायत चुनाव, ऑपेरशन सिंदूर समेत कई बड़े ईवेंट्स कवर किए हैं.
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES