जोधपुर में ऑटो पार्ट्स दुकान में चोरी का खुलासा: 2 आरोपी गिरफ्तार, 14 तोला सोना बरामद
जोधपुर के राजीव गांधी नगर थाना पुलिस ने गहलोत ऑटो पार्ट्स दुकान में हुई चोरी का खुलासा कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया. आरोपियों ने टीन शेड काटकर चोरी की थी. पुलिस ने करीब 14 तोला सोना बरामद किया है. ₹20 हजार नकद भी चोरी हुए थे.
जोधपुर राजीव गांधी नगर थाना पुलिस ने तिलवाड़िया फाटा स्थित गहलोत ऑटो पार्ट्स की दुकान में हुई चोरी की वारदात का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है. आरोपियों ने दुकान का टीन शेड काटकर अंदर प्रवेश किया था और वहां रखे करीब 14 तोला सोने के आभूषण और 20 हजार रुपये नकद चुरा लिए थे. पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 14 तोला सोना बरामद किया है.
पुलिस ने मामले में गोविन्द नायक (18) पुत्र श्यामलाल भील निवासी चंदाला बेरा, नयापुरा चोखा और दिनेश (24) पुत्र हुक्माराम परिहार निवासी काली घाटी, हनुमान सागर, नयापुरा चोखा को गिरफ्तार किया है. पुलिस के अनुसार, चोरी का माल खरीदने वाला आरोपी दिनेश पीड़ित का करीबी रिश्तेदार है.
यह भी पढ़ेंः प्रतापगढ़ में अफीम पट्टे और जमीन विवाद में खूनी संघर्ष: महिला से अभद्रता और पति पर कुल्हाड़ी से हमले का आरोप
दुकान बंद कर घर गया था संचालक, अगले दिन खुली चोरी
राजीव गांधी नगर थानाधिकारी रविंद्र पाल सिंह ने बताया कि चौखा नयापुरा निवासी अमित गहलोत की तिलवाड़िया फाटा पर गहलोत ऑटो पार्ट्स के नाम से दुकान है. 12 अक्टूबर को दुकान बंद कर संचालक घर लौट गया था. अगले दिन 13 अक्टूबर को दुकान पर पहुंचा तो सामान बिखरा हुआ मिला.
जांच करने पर दुकान में रखे मजदूरी के 20 हजार रुपये और उसकी पत्नी के सोने के आभूषण गायब मिले. पीड़ित का मकान निर्माणाधीन होने के कारण उसने अपनी पत्नी के आभूषण दुकान में रखे हुए थे. चोरी की जानकारी मिलने पर पीड़ित ने राजीव गांधी नगर थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाई. पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की.
यह भी पढ़ेंः दो साल पहले धनतेरस पर हुई थी 5 किलो चांदी की चोरी: अब फिर उसी सुनार की दुकान से लाखों का माल पार
दूसरी चोरी के मामले से खुला राज
पुलिस के अनुसार, दो दिन पहले चौपासनी हाउसिंग बोर्ड थाना क्षेत्र में सरस के केबिन की छत काटकर गुटखा, बीड़ी और सिगरेट चोरी करने वाली गैंग का खुलासा हुआ था. स्थानीय लोगों ने गैंग के सदस्यों को पकड़कर पुलिस के हवाले किया था.
चौपासनी हाउसिंग बोर्ड थाना पुलिस ने आरोपियों से पूछताछ की तो चोरी की अन्य वारदातों का भी खुलासा हुआ. इनमें राजीव गांधी नगर थाना क्षेत्र में हुई ऑटो पार्ट्स की दुकान में चोरी का मामला भी सामने आया. इसके बाद राजीव गांधी नगर थाना पुलिस ने 24 अक्टूबर को दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया.
कोर्ट से रिमांड लेकर की पूछताछ, सोना बरामद
गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने आरोपियों को न्यायालय में पेश कर एक दिन का रिमांड प्राप्त किया. पूछताछ के दौरान आरोपियों ने दुकान में चोरी की वारदात करना स्वीकार किया. पुलिस ने उनके कब्जे से करीब 14 तोला सोना बरामद किया है. मामले में आगे की जांच जारी है.
Report- Deves Vyas