)
राजस्थान के प्रतापगढ़ जिले में छोटीसादड़ी क्षेत्र के महुड़िया गांव में अफीम पट्टे और जमीन के विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच मारपीट का मामला सामने आया है. एक महिला ने पुलिस को रिपोर्ट देकर दूसरे पक्ष के लोगों पर मारपीट, कुल्हाड़ी से पति के सिर पर वार करने, अभद्रता और धमकी देने के आरोप लगाए हैं.
महिला की रिपोर्ट के अनुसार हरीश ने उसके देवर गोपाल को अफीम पट्टे और जमीन के विवाद पर बातचीत करने के लिए घर बुलाया था. इसके बाद महिला अपने पति किशनलाल, दोनों बेटों, सास, देवर और भाई के साथ वहां पहुंची. महिला का आरोप है कि घर पर मौजूद लोगों ने उन्हें घेर लिया और मेन दरवाजा बंद कर दिया.
महिला ने आरोप लगाया कि हरीश ने दांतली से उसके हाथ पर वार किया और उसकी गर्दन पकड़ ली. एक अन्य व्यक्ति ने उसकी चोटी पकड़ ली. महिला ने ब्लाउज फाड़ने की कोशिश करने और अभद्रता करने का भी आरोप लगाया. रिपोर्ट के अनुसार, इसी दौरान हरीश कुल्हाड़ी लेकर आया और उसके पति किशनलाल के सिर पर वार कर दिया, जिससे उनके माथे पर गंभीर चोट आई और खून बहने लगा.
महिला के अनुसार, बीच-बचाव करने आए उसके बेटे गजेन्द्र और भाई मांगीलाल के साथ भी मारपीट की गई, जिससे वे घायल हो गए. घायल किशनलाल को छोटीसादड़ी के सरकारी अस्पताल ले जाया गया, जहां से गंभीर चोट के चलते उन्हें अन्य अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया.
महिला ने आरोप लगाया कि दूसरे पक्ष के लोगों ने उन्हें गांव से भगाने, जमीन-मकान छीनने और इस बार अफीम का पट्टा नहीं बोने देने की धमकी भी दी. उसने पुलिस से घायलों का मेडिकल करवाने, मामले की जांच करने और आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है. मामले में लगाए गए आरोपों की पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगी.