राजस्थान के अलवर जिले में प्रतापगढ़ थाने से महज 100 मीटर की दूरी पर स्थित सुनार की एक दुकान को चोरों ने एक बार फिर निशाना बनाया. आधी रात के बाद हुई इस वारदात में चोर करीब 2 किलो चांदी और अन्य सामान चोरी कर ले गए. शुरुआती अनुमान के मुताबिक, चोरी से करीब 4 से 5 लाख रुपये का नुकसान हुआ है. सुबह दुकान पर पहुंचने पर वारदात का पता चला, जिसके बाद इलाके में हड़कंप मच गया.
जानकारी के अनुसार, चोरों ने रात के अंधेरे में दुकान में चोरी की वारदात को अंजाम दिया. सुबह दुकान पहुंचने पर चोरी का पता चलने के बाद पुलिस को सूचना दी गई. अब पुलिस जांच में जुटने और घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने के साथ आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने से चोरों के संबंध में सुराग मिलने की उम्मीद है.
दुकानदार के अनुसार, करीब दो साल पहले धनतेरस की पहली रात भी इसी दुकान का शटर तोड़कर चोरी की गई थी. उस दौरान चोर करीब 5 किलो चांदी और अन्य सामान ले गए थे. दुकानदार का दावा है कि पुरानी वारदात का अब तक खुलासा नहीं हुआ है और उस मामले में किसी आरोपी की गिरफ्तारी भी नहीं हुई.
एक ही दुकान में दोबारा चोरी की वारदात और वह भी थाने से महज 100 मीटर की दूरी पर होने से बाजार की सुरक्षा व्यवस्था तथा रात के समय पुलिस गश्त पर सवाल खड़े हो रहे हैं. अब देखना होगा कि पुलिस इस बार चोरी की वारदात का खुलासा कर आरोपियों तक कब पहुंचती है और क्या पुरानी चोरी के मामले में भी कोई कार्रवाई आगे बढ़ पाती है.
अलवर के अरावली विहार थाना क्षेत्र के मंगल विहार में चोरों ने एक सूने मकान को निशाना बनाते हुए सोने-चांदी के आभूषण और 70 हजार रुपए की नकदी पर हाथ साफ कर दिया. चोरी हुए सामान की कुल कीमत करीब साढ़े 3 लाख रुपए बताई जा रही है. पीड़िता की रिपोर्ट पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
जानकारी के अनुसार, गौरी देवी महाविद्यालय से सेवानिवृत्त चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी बिरमा देवी 21 अक्टूबर को अपने पीहर बानसूर गई हुई थीं. वहीं उनका बड़ा बेटा नरेंद्र कुमार, जो शोभाराम कला महाविद्यालय में लेक्चरर है, चुनाव ड्यूटी पर गया हुआ था. इसी दौरान घर को सूना पाकर चोरों ने वारदात को अंजाम दिया.
चोर मकान से सोने की अंगूठियां, कान के कुंडल, बालियां, चांदी की आधा दर्जन से अधिक पायजेब सहित अन्य आभूषण और 70 हजार रुपए की नकदी चोरी कर ले गए. शुक्रवार को जब बिरमा देवी वापस घर लौटीं तो मुख्य गेट पर ताला लगा हुआ था, लेकिन अंदर का ताला टूटा मिला. घर के अंदर सामान बिखरा देखकर उन्हें चोरी का पता चला. इसके बाद पीड़िता ने अरावली विहार थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई.