SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

झुंझुनूं में आसमान से उतरी दुल्हनिया! इटली वाले ससुर ने बहू को दिया खास सरप्राइज

झुंझुनूं के सिंघाना में एक दुल्हन की शाही एंट्री इन दिनों सुर्खियों में है. इटली में रहने वाले ससुर हजारीलाल बड़गुर्जर ने बेटे की शादी को यादगार बनाने के लिए बहू ईशा को हेलीकॉप्टर से ससुराल लाने का खास सरप्राइज दिया. आसमान से उतरी दुल्हनिया को देखने के लिए पूरा गांव उमड़ पड़ा, वहीं ससुराल के इस अनोखे तोहफे को देखकर दुल्हन भी भावुक हो गईं

Reported By Sandeep Kedia
Published: Nov 29, 2026, 12:06 IST | Updated: Nov 29, 2026, 12:27 IST
Image Credit: jhunjhunu NEWS
Join

शादियों में दुल्हन की विदाई और ससुराल में एंट्री के आपने कई खूबसूरत नजारे देखे होंगे. कभी फूलों से सजी लग्जरी कार, तो कभी पारंपरिक डोली. लेकिन झुंझुनूं जिले के सिंघाना कस्बे में जो नजारा देखने को मिला, उसने हर किसी का दिल जीत लिया. यहां जब आसमान में हेलीकॉप्टर की गूंज सुनाई दी, तो पूरा गांव छतों और गलियों में निकल आया. हर किसी की निगाहें आसमान पर टिकी थीं. जैसे ही हेलीकॉप्टर जमीन पर उतरा, उसमें से लाल जोड़े में सजी नई दुल्हन ईशा बाहर निकलीं. दुल्हन की इस शाही एंट्री को देखने के लिए मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी.

इटली में रहने वाले ससुर ने सजाया बहू का खास दिन
इस अनोखे और शाही इंतजाम के पीछे एक ससुर का अपनी बहू के प्रति बेइंतहा प्यार और सम्मान छिपा है. दरअसल, सिंघाना निवासी हजारीलाल बड़गुर्जर इटली में रहते हैं. जब उनके बेटे उमेश की शादी बगड़ की रहने वाली ईशा से तय हुई, तो उन्होंने ठान लिया कि वे इस पल को अपनी बहू के लिए जिंदगी भर का सबसे यादगार तोहफा बनाएंगे. इसी सोच के तहत उन्होंने बगड़ से सिंघाना तक बहू की हेलीकॉप्टर से विदाई और ससुराल में एंट्री का खास सरप्राइज प्लान किया. हेलीकॉप्टर उतारने के लिए नारनौल रोड पर बाकायदा एक अस्थायी हेलीपैड तैयार किया गया था. भीड़ और सुरक्षा को देखते हुए सिंघाना पुलिस प्रशासन की टीम भी मौके पर मुस्तैद रही. जैसे ही दुल्हन ईशा हेलीपैड पर उतरीं, परिवार के लोगों ने फूलों की बारिश और पूरी गर्मजोशी के साथ अपनी नई बहू का भव्य स्वागत किया.

'एक बड़ी मालकिन, दूसरी छोटी मालकिन' — ससुर ने दिया बड़ा संदेश
यह शादी सिर्फ शाही अंदाज के लिए ही नहीं, बल्कि ससुर हजारीलाल बड़गुर्जर की खूबसूरत सोच के लिए भी चर्चा में है. उन्होंने कहा कि वे खुद को सौभाग्यशाली मानते हैं कि ईशा के लिए यह खास पल यादगार बना सके. उन्होंने अपनी दोनों बहुओं को घर की मालकिन बताते हुए कहा कि एक घर की बड़ी मालकिन है और दूसरी छोटी मालकिन. उन्होंने ईश्वर से प्रार्थना की कि दोनों हमेशा खुश रहें और उनके जीवन में दुनिया की सारी खुशियां आएं.

समाज को एक बेहद सकारात्मक संदेश देते हुए हजारीलाल ने कहा, "बेटी ही बहू होती है. बहू को भी अपनी बेटी की तरह ही सम्मान और प्यार मिलना चाहिए. बेटियां लक्ष्मी का रूप होती हैं. आज के आधुनिक दौर में माता-पिता और सास-ससुर अपनी बेटियों व बहुओं के लिए जो भी बेहतर कर सकते हैं, वह जरूर करना चाहिए"

सरप्राइज देख भावुक हुईं दुल्हन ईशा
हेलीकॉप्टर से ससुराल पहुंचीं दुल्हन ईशा भी ससुराल पक्ष के इस प्यार और खास सरप्राइज को देखकर भावुक नजर आईं. उन्होंने खुशी जाहिर करते हुए कहा कि उन्होंने कभी सपने में भी कल्पना नहीं की थी कि उनके साथ ऐसा कुछ होगा. यह उनकी जिंदगी का बिल्कुल नया और पहला ऐसा अनुभव था. ईशा ने अपने नए परिवार का दिल से आभार जताते हुए कहा कि इस सरप्राइज ने उनकी शादी के दिन को हमेशा के लिए यादगार बना दिया है. फिलहाल पूरे सिंघाना और आसपास के इलाकों में हेलीकॉप्टर से आई इस दुल्हनिया और एक ससुर की इस प्यारी पहल की जमकर चर्चा हो रही है.

ये भई पढ़ें : सांगानेर की नई RLP प्रधान सीमा चौधरी का ऐलान- 'प्रधान पति' नहीं, खुद लूंगी फैसले
 

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

संदीप केडिया झुंझुनूं जिले के चिड़ावा कस्बे के निवासी और वरिष्ठ पत्रकार हैं. वे पिछले करीब 25 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं तथा वर्ष 2015 से Zee Media से जुड़े हुए हैं. उन्होंने VMOU Kota से बीजेएमसी और एमजेएमसी की पढ़ाई की है. संदीप केडिया को झुंझुनूं जिले की पत्रकारिता के मजबूत और भरोसेमंद नामों में गिना जाता है. राजस्थान सरकार के अधिस्वीकृत पत्रकारों की सूची में 2013 से शामिल संदीप केडिया को प्रिंट और सोशल मीडिया का भी अच्छा खासा अनुभव है.
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES