)
वर्ल्ड रेसलिंग एंटरटेनमेंट (WWE) में अपने अनोखे अंदाज से फाइट कर करोड़ों दिलों पर राज करने वाले दिग्गज रे मिस्टेरियो ने अपने रिटायरमेंट की घोषणा कर दी है. रविवार (29 नवंबर) को उन्होंने जानकारी दी कि वो 2027 में अपने घरेलू प्रशंसकों के सामने अपने करियर को अलविदा कहेंगे. WWE हॉल ऑफ फेमर रे मिस्टेरियो ने 2002 में स्मैकडाउन (SmackDown) से अपने शानदार WWE करियर की शुरुआत की थी.
छोटे कद के रे मिस्टेरियो WWE की रिंग में बड़े-बड़े धुरंधरों को चारों खाने चित कर चुके हैं. उन्हें फैंस कई नामों से बुलाते हैं, जिसमें से सबसे मशहूर है- '619 का जादूगर'. आइए जानते हैं कि उन्हें ये टैग क्यों दिया गया और इसका क्या मतलब है? साथ ही ये भी खुलासा करेंगे कि आखिर क्यों रे मिस्टेरियो दुनिया से अपना असली चेहरा छिपाकर रखते थे. वो रिंग में हमेशा मास्क पहनकर फाइट करते हैं.
WWE में अपने शानदार सफर के दौरान, मिस्टेरियो ने कई बड़ी उपलब्धियां हासिल कीं; वे तीन बार वर्ल्ड चैंपियन, रॉयल रंबल विजेता, तीन बार यूनाइटेड स्टेट्स चैंपियन, दो बार इंटरकॉन्टिनेंटल चैंपियन और पांच बार टैग टीम चैंपियन बने. उन्होंने 1989 में प्रो रेसलिंग में अपना डेब्यू किया था.
अपने रिटायरमेंट की घोषणा करते हुए मिस्टेरियो ने कहा, ''2027 एक बहुत ही खास साल होने वाला है. हम मेक्सिको सिटी जा रहे हैं, जहां एस्टाडियो एज्टेका और एस्टाडियो बैनोर्टे जैसे स्टेडियम हैं और तारीख होगी 12 जून. हम वहां होंगे और वह मेरा आखिरी मैच होगा.

रे मिस्टेरियो WWE के उन सुपरस्टार्स में से हैं, जिनकी पहचान ही उनका मास्क है. वो सालों से रिंग में मास्क पहनकर उतरते हैं और इसके पीछे सिर्फ स्टाइल नहीं, बल्कि परंपरा, सम्मान और निजी पहचान से जुड़ी वजहें हैं. उनका मास्क उन्हें दुनिया के बाकी रेसलर्स से अलग पहचान देता है. उनका चेहरा नहीं, बल्कि मास्क ही उनकी ब्रांड पहचान बन चुका है.
रे मिस्टेरियो मास्क इसलिए नहीं पहनते कि वो अपना चेहरा दुनिया से छिपाना चाहते हैं, बल्कि यह उनके रेसलिंग कल्चर, विरासत और किरदार का हिस्सा है. मैक्सिकन लुचा लिब्रे में मास्क पहलवान की पहचान और सम्मान से जुड़ा होता है.
619 एक ऐसा मूव है, जिसमें रे मिस्टेरियो अपने विरोधी को रिंग की रस्सियों के बीच फंसाकर, बाहर की तरफ से दौड़ते हुए घूमकर दोनों पैरों से उसके चेहरे या छाती पर जोरदार किक मारते हैं. इस मूव में उनकी फुर्ती, टाइमिंग, संतुलन और शानदार एथलेटिक क्षमता देखने को मिलती है. यही वजह है कि जब रे मिस्टेरियो 619 लगाने के लिए दौड़ते हैं, तो फैंस रोमांचित हो उठते हैं.
619 सैन डिएगो का एरिया कोड है, जहां रे मिस्टेरियो का जन्म हुआ और उनका संबंध रहा है. उन्होंने इसी नंबर को अपने सिग्नेचर मूव का नाम बनाया, जो आगे चलकर उनकी पहचान बन गया.