App

सांगानेर की नई RLP प्रधान सीमा चौधरी का ऐलान- 'प्रधान पति' नहीं, खुद लूंगी फैसले

सांगानेर पंचायत समिति में राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी (RLP) की सीमा चौधरी प्रधान बनी. जीत के बाद पहली बार एक्सक्लूसिव बातचीत में सीमा चौधरी ने ग्रामीण राजनीति में 'प्रधान पति' कल्चर को सिरे से खारिज कर दिया. ये ही नहीं कांग्रेस के साथ भविष्य के तालमेल और विधानसभा चुनाव लड़ने के अपने इरादे भी साफ कर दिए.

सांगानेर की नई RLP प्रधान सीमा चौधरी का ऐलान- 'प्रधान पति' नहीं, खुद लूंगी फैसले
Image Credit: RLP Pradhan Seema Choudhary Exclusive Interview

राजस्थान के पंचायत चुनाव में सांगानेर पंचायत समिति के नतीजों ने सभी को चौंका दिया. यहां राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी (RLP) की सीमा चौधरी ने प्रधान की कुर्सी पर कब्जा जमा लिया है. जीत के बाद खास बातचीत में सीमा चौधरी का आत्मविश्वास देखने लायक था. उन्होंने इस जीत को किसी एक व्यक्ति की नहीं, बल्कि पूरे सांगानेर की जनता की जीत करार दिया है.

'प्रधान पति' कल्चर पर दो टूक- हम अपने फैसले खुद लेंगे
ग्रामीण राजनीति में अक्सर हावी रहने वाले 'सरपंच पति' या 'प्रधान पति' कल्चर को सीमा चौधरी ने सिरे से खारिज कर दिया. जब उनसे पूछा गया कि पंचायत समिति के फैसले वे खुद लेंगी या परिवार का दखल रहेगा, तो उन्होंने दो टूक कहा- "हमारी RLP टीम की महिलाएं मजबूत हैं. हम अपने फैसले खुद लेंगे और जहां जरूरत पड़ेगी, सीधे जनता से पूछकर निर्णय करेंगे कि क्या करना है और किसके लिए करना है."

8 सदस्य फिर भी मिले 11 वोट, कांग्रेस से गठबंधन पर बड़ा संकेत
सांगानेर पंचायत समिति में RLP के पास केवल 8 सदस्य थे, लेकिन प्रधान चुनाव में सीमा चौधरी को 11 वोट मिले. इन 3 अतिरिक्त वोटों के गणित पर उन्होंने कहा कि यह RLP की मजबूती का नतीजा है. उनके मुताबिक, ये 3 वोट कांग्रेस के भी हो सकते हैं, भाजपा के भी या दोनों पार्टियों के, क्योंकि दूसरी पार्टियों के सदस्यों को भी लगा कि RLP मजबूत है.

सबसे बड़ा सियासी बयान उन्होंने कांग्रेस के साथ तालमेल को लेकर दिया. जब पूछा गया कि क्या कांग्रेस के साथ यह समीकरण सिर्फ प्रधान चुनाव तक सीमित है या जिला प्रमुख और आने वाले बड़े चुनावों में भी दिखेगा, तो सीमा चौधरी ने साफ कहा- "बिल्कुल दिखेगा, इसे लेकर बातचीत पहले से ही चल रही है"

विकास के लिए हर कदम उठाने को तैयार, अपनी टीम की मजबूती पर भरोसा
विपक्षी पार्टी से प्रधान बनने के बाद क्षेत्र में विकास कार्यों की रणनीति को लेकर सीमा चौधरी ने पूरा आत्मविश्वास दिखाया. उन्होंने कहा कि उनकी पार्टी और टीम इतनी मजबूत है कि क्षेत्र के विकास में कोई रुकावट नहीं आएगी. भविष्य की कार्ययोजना पर उन्होंने साफ किया कि अभी वे अपनी टीम के साथ ग्राउंड पर काम शुरू करेंगी और सांगानेर के विकास के लिए जहां भी जाना पड़े या जो भी कदम उठाना पड़े, वे हमेशा तैयार रहेंगी.

विधानसभा चुनाव लड़ने का ऐलान, हनुमान बेनीवाल पर क्या बोलीं ?
इस बड़ी जीत के बाद अपने राजनीतिक भविष्य को लेकर सीमा चौधरी ने बड़े इरादे जाहिर कर दिए हैं. भविष्य में विधानसभा चुनाव लड़ने के सवाल पर उन्होंने बिना हिचकिचाहट के कहा— "बिल्कुल लड़ूंगी." अपनी जीत में RLP सुप्रीमो हनुमान बेनीवाल की भूमिका पर उन्होंने बताया कि पूरी रणनीति में हनुमान बेनीवाल का पूरा सपोर्ट और मार्गदर्शन मिला और उनका पूरा परिवार मजबूती से साथ खड़ा रहा.

पहले 100 दिन का एजेंडा : पीने का पानी और जलभराव पहली प्राथमिकता
अपने पहले 100 दिन के एजेंडे पर सीमा चौधरी ने पीने के पानी और जलभराव को सबसे बड़ी समस्या बताया. उन्होंने कहा कि क्षेत्र में पीने के पानी की भारी किल्लत है और सड़कों व घरों के बाहर पानी जमा रहता है, इसलिए नालियों और रास्तों की सफाई उनकी पहली प्राथमिकता होगी.

प्रचार के दौरान मिले फीडबैक का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि लोगों की यही शिकायत थी कि नेता सिर्फ वोट मांगने आते हैं और बाद में सुध नहीं लेते. उन्होंने वादा किया कि वे जनता के बीच रहकर उनकी हर समस्या का समाधान करवाएंगी और इस समर्थन के लिए पूरे सांगानेर का आभार जताया.

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Pragati Pant Awasthi

Pragati Pant Awasthi

मीडिया की दुनिया में 18 साल का सफर... एंकरिंग से लेकर डिजिटल की स्क्रीन तक, हर नया बदलाव दिल से अपनाया, जो सोचती हूं, वही कहती हूं, बातों को घुमाना मेरी आदत नहीं, दिल की बात जुबां पर रखना पहचान है. फिलहाल 'ज़ी राजस्थान डिजिटल' के साथ सफर जारी है और हर दिन कुछ नया सीखने की ललक बरकरार है और रहेगी. Pragati.Pant@india.com ईमेल के जरिए आप संपर्क कर सकते हैं.
Read More