App

दो दिन तक डर से खामोश रहा मासूम, मां के पूछने पर बताई स्कूल की खौफनाक आपबीती; गिरफ्तारी तक धरना

मेरठ के परतापुर स्थित स्कूल के ट्रांसपोर्ट इंचार्ज पर नाबालिग बच्चों को अश्लील वीडियो दिखाने और कुकर्म के प्रयास का आरोप लगा है. परिजनों ने स्कूल में धरना दिया, पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू की.

दो दिन तक डर से खामोश रहा मासूम, मां के पूछने पर बताई स्कूल की खौफनाक आपबीती; गिरफ्तारी तक धरना
Image Credit: Meerut News

पारस गोयल/मेरठ: मेरठ के परतापुर क्षेत्र में दिल्ली-दून बाईपास स्थित श्रीराम सिंह ग्लोबल स्कूल में नाबालिग बच्चे के साथ अश्लील हरकत और कुकर्म के प्रयास का मामला सामने आने से हड़कंप मच गया. घटना के बाद बच्चा इतना सहम गया कि दो दिन तक परिजनों के बार-बार पूछने के बावजूद कुछ नहीं बता पा रहा था. शनिवार को मां ने प्यार से भरोसे में लेकर पूछा तो बच्चे ने पूरी आपबीती सुना दी. बच्चे की बातें सुनते ही परिवार के होश उड़ गए. गुस्साए परिजन और ग्रामीण स्कूल पहुंच गए और धरने पर बैठ गए.

परिजनों के मुताबिक, दो दिन पहले ट्रांसपोर्ट इंचार्ज कुछ नाबालिग बच्चों को टॉयलेट में ले गया था. आरोप है कि वहां बच्चों को अश्लील वीडियो दिखाए गए और उनके साथ कुकर्म करने की कोशिश की गई. विरोध करने पर उन्हें डराने-धमकाने की कोशिश भी की गई. घटना के बाद बच्चा दो दिन से स्कूल जाने में आनाकानी कर रहा था. परिवार के लोगों ने कई बार उसके मन की बात जानने की कोशिश की, लेकिन डर के कारण वह खुलकर कुछ नहीं बता पा रहा था.

शिकायत लेकर पहुंचे तो प्रबंधन ने नहीं की बात

पीड़ित छात्र के पिता का आरोप है कि शुक्रवार को स्कूल की छुट्टी होने के बावजूद प्रशासन ने वैन भेजकर बच्चों को स्कूल बुलवाया था. उन्होंने प्रधानाचार्य प्रीति, शिक्षिका सलोनी और प्रबंधन के सामने शिकायत रखी, लेकिन आरोप है कि मामले को गंभीरता से लेने के बजाय दबाने का प्रयास किया गया. शनिवार सुबह परिजन दोबारा स्कूल पहुंचे तो प्रबंधन ने उनसे बात करने से इनकार कर दिया. इसके बाद परिजन धरने पर बैठ गए.

सैकड़ों ग्रामीण पहुंचे, गिरफ्तारी की मांग

मामले की जानकारी पर कुंडा गांव के पार्षद प्रशांत कसाना, पुष्पेंद्र कसाना, निशांत बढ़ाना और ऋतिक कसाना समेत सैकड़ों ग्रामीण स्कूल पहुंच गए. उन्होंने आरोपी ट्रांसपोर्ट इंचार्ज और स्कूल प्रबंधन के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। परिजनों ने आरोपी की गिरफ्तारी तक धरना जारी रखने का ऐलान किया.

मुकदमा दर्ज कर आरोपी की तलाश में जुटी पुलिस

हंगामे की सूचना पर परतापुर पुलिस मौके पर पहुंची। परतापुर थाना प्रभारी मानवेंद्र सिंह ने बताया कि मामले में मुकदमा दर्ज किया जा रहा है. आरोपी की तलाश में पुलिस टीम जुटी है. जल्द गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं. 

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

Preeti Chauhan

Preeti Chauhan

प्रीति चौहान को पत्रकारतिा के क्षेत्र में 10 साल का अनुभव है. प्रिंट मीडिया के साथ टीवी चैनल का अनुभव भी है. डिजिटल मीडिया में गहरी पकड़ है. ग्राउंड-जीरो रिपोर्टिंग का अनुभव है. वर्तमान में वे Zee News रीजनल टीम में सीनियर सब-एडिटर के रूप में काम कर रही हैं. हाइपरलोकल की राजनीति, क्राइम और अन्य खबरों की गहराई से कवरेज करना उनकी एक्सपर्टीज है.अलीगढ़ मुस्लिम यूनिवर्सिटी (AMU) से पत्रकारिता में डिप्लोमा पूरा करने के बाद प्रीति चौहान ने मीडिया जगत में अपना सफर शुरू किया. ज़ी न्यूज़ से पहले उन्होंने हिंदुस्थान समाचार (न्यूज एंजेसी के डिजिटल प्लेटफॉर्म), अमर उजाला, इंडिया वॉच और श्रीन्यूज जैसे प्रमुख समाचार चैनलों और डिजिटल प्लेटफॉर्म्स में काम किया है. इस दौरान उन्होंने न्यूज़ रिपोर्टिंग, कंटेंट आइडिएशन और डेस्क मैनेजमेंट की अहम जिम्मेदारियां संभाली. वे खबरों की प्रामाणिकता और ग्राउंड रियलिटी को प्राथमिकता देती हैं, ताकि पाठकों तक सटीक और भरोसेमंद जानकारी पहुंचे.प्रीति चौहान से आप PREETI.CHAUHAN@india.com पर ईमेल के माध्यम से संपर्क कर सकते हैं. 
Read More