)
दिल्ली के पांडव नगर में शनिवार शाम एक दिल दहला देने वाली घटना हुई. खेलने के लिए घर से निकले 14 साल के लड़के को चाकू मारकर मौत के घाट उतार दिया गया. मृतक आठवीं क्लास का छात्र था. पुलिस ने इस मामले में दो लड़कों को हिरासत में लिया है.
पवन नाम का ये लड़का पांडव नगर में अपने माता-पिता के साथ रहता था. पिता मिस्त्री का काम करते हैं. जानकारी के मुताबिक शनिवार को स्कूल से वापस आने के बाद उसने मां से खेलने जाने के लिए कहा और घर से बाहर चला गया. थोड़ी देर बाद ही एक लड़का भागता हुआ उसके घर पहुंचा. उसने बताया कि पवन नाली के किनारे खून से लथपथ पड़ा है. घरवाले दौड़कर वहां पहुंचे तो देखा कि उसके पेट और गले पर चाकू के गहरे घाव थे. उसे तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे बचा नहीं पाया.
जांच में पुलिस को पता चला है कि ये हमला अचानक नहीं हुआ. करीब 4-5 दिन पहले पवन का इन दोनों लड़कों से किसी बात पर कहा-सुनी हुई थी. उसी बात को लेकर दोनों मन में रंजिश पाले हुए थे और मौका मिलते ही उन्होंने पवन पर चाकू से हमला कर दिया. पुलिस अब ये पता लगा रही है कि आखिर उस दिन झगड़ा किस बात पर हुआ था.
पीड़ित के परिवार का एक सदस्य बताता है, "वह (पीड़ित) अभी स्कूल से लौटा ही था। उसने अपनी माँ—जो दिल की बीमारी से जूझ रही हैं—से कहा कि वह बाहर खेलने जा रहा है... करीब पाँच मिनट बाद, एक लड़का आया और बोला, 'आंटी, आपका बेटा नाली में पड़ा है; उसके शरीर में चाकू धंसा हुआ है।' उसकी माँ तुरंत वहाँ पहुँचीं और देखा कि उसके पेट में चाकू घोंपा गया था, गला रेता गया था, और शरीर पर एक और चाकू का घाव था... वह आठवीं कक्षा में पढ़ता है... पुलिस ने दो लोगों को पकड़ा है।"
शाम करीब 7 बजे पुलिस को सूचना मिली कि कोटला गांव में आरएस पब्लिक स्कूल के पास एक लड़के को चाकू मारा गया है. पांडव नगर थाने की टीम फौरन मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक परिजन उसे एलबीएस अस्पताल ले जा चुके थे. पुलिस ने आसपास की दुकानों और घरों में लगे CCTV कैमरे चेक किए. फुटेज में दोनों हमलावर साफ नजर आए. इसी के आधार पर पुलिस ने दोनों को पकड़ लिया और हत्या में इस्तेमाल हुआ चाकू भी उनके पास से मिल गया.पूर्वी दिल्ली के डीसीपी राजीव कुमार ने बताया कि दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है और उनसे पूछताछ चल रही है. उधर, पवन की मौत से उसके घर में कोहराम मचा हुआ है.