)
झुंझुनूं जिले के सुलताना थाना इलाके के चनाना के समीप तारा का बास में एक व्यक्ति का शव क्षत-विक्षत हालत में मिला है. यही नहीं अपने ही घर के पास दीवार के सहारे मिले शव को जलाने की कोशिश की गई है. लकड़ियां भी पास मिली है. वहीं कुत्तों ने भी शव को नोंच रखा है. इसके बाद मामला संदिग्ध हो गया है. पुलिस हर एंगल से इस मामले की जांच में जुट गई है.
घर के पीछे क्षत-विक्षत हालत में मिला शव
तारा का बास में घर के पीछे शव मिलने की सूचना शिव जांगिड़ ने दी थी. सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची तो शव काफी क्षत-विक्षत अवस्था में मिला. शव को कुत्तों द्वारा भी आंशिक रूप से नोंचे जाने के निशान मिले.
शव जलाने की कोशिश
घटनास्थल की परिस्थितियों को देखते हुए शव को जलाने के प्रयास की आशंका भी सामने आई है. मामले की सूचना मिलने पर सुलताना थानाधिकारी रामनिवास और चिड़ावा डीएसपी गौरव गुर्जर मौके पर पहुंचे. पुलिस ने जांच के लिए एफएसएल टीम को भी बुलाया. टीम ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए.
11 अक्टूबर से लापता थे जुगल किशोर
इसके बाद शव को चिड़ावा अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया. पुलिस की प्रारंभिक पूछताछ में परिजनों ने बताया कि जुगल किशोर शराब पीने के आदी थे और अक्सर 10 से 15 दिन तक घर से गायब रहते थे. अभी भी सात दिन पहले 11 अक्टूबर के बाद से जुगलकिशोर जांगिड़ गायब थे लेकिन परिजनों कोई गुमशुदगी दर्ज नहीं करवाई. पुलिस इसे हत्या, हादसा या फिर सामान्य मौत, हर एंगल से देख रही है. फिलहला पुलिस ने शव को रखवाकर अपनी जांच शुरू कर दी है और लोगों से पूछताछ में जुटी है.
मुंबई में करता था काम
बता दें मृतक जुगलकिशोर जांगिड़ काफी सालों से मुंबई रहते थे. वे कारपेंटर का काम करते थे. सालभर पहले ही वे गांव लौटकर आए थे. यहां पर वे अपनी पत्नी और दो बेटों के साथ रहते थे.
Report- Sandeep Kedia