)
फेरों से पहले दूल्हे ने किया मतदान
राजमथाई पंचायत समिति के ग्राम पंचायत फलसूंड में मतदान के दौरान उस वक्त हर कोई हैरान रह गया, जब दूल्हा श्रवण अपनी शादी के समारोह और व्यस्त रस्मों के बीच पारंपरिक वेशभूषा में सजा-धजा मतदान केंद्र पहुंच गया. दूल्हे राजा को अपने परिजनों के साथ वोट डालने आया देख वहां मौजूद अन्य मतदाता और चुनाव कर्मी भी अभिभूत हो गए. श्रवण ने अपने मताधिकार का प्रयोग कर समाज को यह संदेश दिया कि लोकतंत्र में वोट की कीमत सबसे बढ़कर है.
रामदेवरा में बंपर वोटिंग, 11 बजे तक 40% मतदान
वहीं, जिले की सबसे चर्चित और अति संवेदनशील ग्राम पंचायत रामदेवरा में भी पंच और सरपंच पद के लिए बैलट पेपर (मतपत्र) से शांतिपूर्ण तरीके से मतदान चल रहा है. सुबह 7 बजे से ही मतदान केंद्रों के बाहर पुरुष और महिला मतदाताओं की लंबी-लंबी कतारें लग गईं. जैसे-जैसे दिन चढ़ा, ये कतारें और लंबी होती गईं.
पहली बार वोट डाल रहे 18 साल के युवाओं से लेकर 100 साल तक के बुजुर्गों में गजब का जोश देखा जा रहा है. महिलाएं भी घर का कामकाज निपटाकर बड़ी संख्या में मतदान केंद्रों पर पहुंच रही हैं. प्रत्याशियों द्वारा भी मतदाताओं को मतदान केंद्र तक लाने के पूरे प्रयास किए जा रहे हैं. सुबह 11 बजे तक ही रामदेवरा में 40% से अधिक मतदान शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हो चुका था.
चप्पे-चप्पे पर पुलिस का पहरा
रामदेवरा में अति संवेदनशील मतदान केंद्रों को देखते हुए प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है. चुनाव के दौरान किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना को रोकने के लिए भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है. शांतिपूर्ण मतदान और मतदाताओं के भारी जोश को देखकर साफ है कि जैसलमेर की जनता अपनी गांव की सरकार चुनने के लिए पूरी तरह तैयार है.
राजस्थान में 116 पंचायत समितियों से आई रिपोर्ट के मुताबिक सुबह 10 बजे तक कुल 22.47 फीसदी मतदान दर्ज किया गया है. इसमें बालोतरा की पादरू पंचायत समिति के मतदाताओं ने सबसे ज्यादा उत्साह दिखाया है, जहां सर्वाधिक 33.56 प्रतिशत वोट पड़े हैं. वहीं, ब्यावर की बदनोर पंचायत समिति में सबसे कम 13.82 फीसदी मतदान हुआ है. राजधानी जयपुर में सुबह 10 बजे तक 19.71 प्रतिशत वोटिंग हुई है. इसके अलावा बीकानेर जिले की नोखा (31.27%), जसरासर (30.83%) और पांचू (29.03%) और जैसलमेर की नाचना (29.55%) पंचायत समितियों में भी सुबह से ही मतदाताओं की अच्छी खासी भीड़ देखी जा रही है.