कर्जा करने के बाद भी मौज-मस्ती में आ रही थी कमी: मास्टरमाइंड कैब ड्राइवर ने बैंककर्मियों से लूट लिए 41.70 लाख
Jaipur Robbery: जयपुर के रामनगरिया इलाके में बैंक कर्मचारियों से 41.70 लाख रुपये की लूट के मामले में पुलिस फरार तीन कैब ड्राइवरों की तलाश कर रही है. मुख्य आरोपी मस्तराम मीणा की गर्लफ्रेंड अंशु कुमारी जाटव को 26.80 लाख रुपये के साथ गिरफ्तार किया गया है. पुलिस CCTV फुटेज खंगालने के साथ करौली-धौलपुर के डांग इलाकों में दबिश दे रही है.
Jaipur Crime News: जयपुर के रामनगरिया थाना क्षेत्र में बैंक कर्मचारियों से 41.70 लाख रुपये की लूट के मामले में फरार तीन आरोपियों का अभी तक सुराग नहीं लगा है. पुलिस के अनुसार, वारदात में शामिल तीनों आरोपी जयपुर में ओला-उबर कंपनियों के लिए कैब चलाते हैं. पुलिस मुख्य आरोपी मस्तराम मीणा और उसके दो साथियों की तलाश में जुटी है. वहीं, गिरफ्तार आरोपी की गर्लफ्रेंड से पूछताछ कर लूट की पूरी साजिश का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है.
गर्लफ्रेंड से करवाई ATM बूथ की रेकी
14 सितंबर को अक्षय पात्र चौराहे के पास बैंक ऑफ इंडिया के ATM से कैश लेकर जा रहे कर्मचारियों को बदमाशों ने निशाना बनाया था. पुलिस जांच के मुताबिक, मस्तराम मीणा ने अपनी गर्लफ्रेंड अंशु कुमारी जाटव से ATM बूथ की रेकी करवाई थी. अंशु को 26.80 लाख रुपये के साथ गिरफ्तार किया गया है.
पुलिस के अनुसार, अंशु की मस्तराम से करीब 6-7 महीने पहले दोस्ती हुई थी. पिछले डेढ़ महीने से दोनों लिव-इन रिलेशनशिप में रह रहे थे. अंशु रामनगरिया क्षेत्र में किराए के मकान में रहती थी और डी-मार्ट में नौकरी करती थी.
ये भी पढ़ें- रिसॉर्ट में Thailand युवतियों संग झूम रहा था रसूखदार, छापा लगते ही हो गया गायब, अब पुलिस दे रही सफाई
कर्जा चुकाने और मौज-मस्ती के लिए बनाई योजना
पूछताछ में सामने आया कि मस्तराम मीणा, पुष्पेंद्र मीणा उर्फ पुस्सी और सुमित जंगम पर कर्ज था. पुलिस के मुताबिक, तीनों ने पैसों की जरूरत पूरी करने के लिए लूट की योजना बनाई. बैंक में काम करने वाले एक परिचित से ATM बूथ की कैश डिपोजिट मशीन के बारे में जानकारी जुटाई गई थी.
गणेश चतुर्थी के दिन अंशु को निगरानी के लिए भेजा गया. बैंक कर्मचारियों के कैश लेकर बाहर निकलते ही उसने आरोपियों को सूचना दी. इसके बाद तीनों बदमाश मौके पर पहुंचे और लूट की वारदात को अंजाम दिया.
ये भी पढ़ें- 20 लाख RTGS, 1 लाख कैश: फिर 1.50 करोड़ का फर्जी भुगतान! प्लॉट हड़पने निकला भूमाफिया गिरफ्तार
CCTV से फरार आरोपियों की तलाश
वारदात के बाद तीनों आरोपी अपनी कारें छिपाकर फरार हो गए. पुलिस जांच में कारों के GPS सिस्टम बंद मिले हैं. CCTV फुटेज में कारों के जयपुर से बाहर जाने की पुष्टि नहीं हुई है. हालांकि, पुलिस को आशंका है कि आरोपी लूट की बाकी रकम लेकर शहर से बाहर निकल गए हैं.
पुलिस की टीमें करौली-धौलपुर के डांग इलाकों में दबिश दे रही हैं. इसके अलावा CCTV फुटेज और आरोपियों के हुलिए के आधार पर पूछताछ की जा रही है. लूट में इस्तेमाल अपाचे बाइक की भी तलाश जारी है.