)
Land Mafia, Ghanshyam Sharma: जयपुर शहर पुलिस ने भूमाफिया के खिलाफ कार्रवाई करते हुए सांगानेर सदर थाना क्षेत्र में हिस्ट्रीशीटर घनश्याम शर्मा को गिरफ्तार किया है. पुलिस के मुताबिक आरोपी पर 1.83 करोड़ रुपए कीमत के आवासीय भूखंड को हड़पने की कोशिश का आरोप है. मामले में आरोपी द्वारा कथित तौर पर फर्जी दस्तावेज तैयार कर प्लॉट पर कब्जा करने का प्रयास किया गया. पुलिस के अनुसार घनश्याम के खिलाफ पहले से करीब 16 मामले दर्ज हैं.
1.83 करोड़ के प्लॉट को हड़पने का आरोप
पुलिस के मुताबिक ग्राम ग्वार ब्राह्मणान क्षेत्र में सचिवालय सिटी स्थित 533 वर्ग गज के आवासीय भूखंड को हड़पने की साजिश रची गई. परिवादिया लता शर्मा के मुताबिक प्लॉट का सौदा 1 करोड़ 83 लाख रुपए में तय हुआ था. इकरारनामे के समय 20 लाख रुपए RTGS और 1 लाख रुपए नकद दिए गए थे. बाकी रकम तय समय में देने के बाद रजिस्ट्री और कब्जा सौंपा जाना था.
इकरारनामे में फर्जी भुगतान दर्शाने का आरोप
आरोप है कि इकरारनामे के दौरान परिवादिया के हस्ताक्षर और अंगूठे के निशान स्टाम्प की पिछली तरफ भी करवा लिए गए. इसके बाद कथित तौर पर उसी जगह पर 1.50 करोड़ रुपए नकद भुगतान किए जाने का फर्जी उल्लेख कर दिया गया.
पुलिस के अनुसार इकरारनामे का समय बढ़ाते हुए बिना भुगतान किए ही 1.50 करोड़ रुपए नकद दिए जाने की बात लिखी गई. इसके बाद परिवादिया लता शर्मा को डराने-धमकाने और प्लॉट पर कब्जा करने का प्रयास किए जाने का आरोप है.
जांच में आरोपी नहीं हुआ शामिल
मामले में BNS की विभिन्न धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई. जांच के दौरान पुलिस के मुताबिक आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी, कूटरचना और अन्य आरोपों में अपराध प्रमाणित पाए गए. पुलिस ने आरोपी को नोटिस दिया, लेकिन वह जांच में शामिल नहीं हुआ.
13 सितंबर को पुलिस ने पकड़ा
डीसीपी साउथ राजर्षि राज के निर्देशन में आरोपी की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम गठित की गई. सांगानेर सदर थाना पुलिस और तकनीकी टीम ने आरोपी की तलाश शुरू की. लगातार तलाश के बाद पुलिस ने 13 सितंबर को घनश्याम शर्मा को पकड़ लिया. अनुसंधान के बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया.
आरोपी के खिलाफ करीब 16 मामले दर्ज
40 वर्षीय घनश्याम गोविंदपुरा, सांगानेर का रहने वाला है और सांगानेर सदर थाने का हिस्ट्रीशीटर बताया गया है. पुलिस के मुताबिक वह आदतन अपराधी और भूमाफिया है. उसके खिलाफ सांगानेर सदर, सांगानेर और बस्सी थानों में करीब 16 प्रकरण दर्ज हैं. इनमें मारपीट, जुआ, छेड़छाड़, अवैध कब्जे, गृह अतिचार और धोखाधड़ी जैसे मामले शामिल हैं. पुलिस अब कूटरचित दस्तावेज और पूरे जमीन सौदे से जुड़े तथ्यों की जांच कर रही है.