SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

जयपुर में महिला सुरक्षा का नया मॉडल: 4 जगह शुरू हुए पिंक बूथ, एक बटन दबाते ही पहुंचेगी पुलिस!

जयपुर में महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा के लिए पुलिस ने चार प्रमुख सार्वजनिक स्थानों पर पिंक बूथ शुरू किए हैं. यहां सुबह 6 बजे से रात 10 बजे तक महिला पुलिसकर्मी तैनात रहेंगी. छेड़छाड़, पीछा करने या किसी भी तरह की परेशानी होने पर महिलाएं मौके पर ही पुलिस सहायता ले सकेंगी. जल्द ही पैनिक बटन भी लगाए जाएंगे, जो अभय कमांड सेंटर से जुड़े होंगे.

Written By Vishnu Prakash Sharma
Published: Nov 21, 2026, 19:46 IST | Updated: Nov 21, 2026, 20:16 IST
Image Credit: AI generated
Join

गुलाबी नगर जयपुर में महिला सुरक्षा को लेकर पुलिस ने एक नई पहल की है. अब महिलाओं और बालिकाओं को किसी परेशानी या छेड़छाड़ की शिकायत लेकर पुलिस थाने तक जाने की जरूरत नहीं होगी बल्कि पुलिस खुद उनके पास मौजूद रहेगी. जयपुर के चार प्रमुख सार्वजनिक स्थानों पर पिंक बूथ शुरू किए गए हैं. इन बूथ पर सुबह 6 बजे से रात 10 बजे तक महिला पुलिसकर्मी तैनात रहेंगी. छेड़छाड़ हो, पीछा करने की शिकायत हो या फिर कोई दूसरी परेशानी, महिलाओं को मौके पर ही पुलिस सहायता मिलेगी.

इतना ही नहीं, आने वाले दिनों में इन बूथ को पैनिक बटन से भी जोड़ा जाएगा, जिसे दबाते ही अभय कमांड सेंटर तक इमरजेंसी अलर्ट पहुंचेगा. महिला सुरक्षा के इस नए मॉडल की शुरुआत कैसे हुई और पिंक बूथ पर महिलाओं को क्या-क्या सुविधाएं मिलेंगी. 
 
जयपुर में महिलाओं की सुरक्षा के लिए शुरू हुई पिंक बूथ व्यवस्था 
राजधानी जयपुर पर्यटन, शिक्षा, व्यापार और रोजगार का बड़ा केंद्र है. रोजाना हजारों महिलाएं और बालिकाएं अपने काम से घरों से बाहर निकलती हैं. कोई कॉलेज जाती है, कोई दफ्तर, कोई बाजार तो कोई सार्वजनिक स्थानों पर अपने परिवार के साथ घूमने पहुंचती हैं लेकिन सार्वजनिक स्थानों पर महिलाओं की सुरक्षा हमेशा एक अहम सवाल रही है.

छेड़छाड़ और पीछा करने की शिकायतों पर मिलेगी तुरंत मदद
छेड़छाड़, पीछा करने, अभद्र व्यवहार और असुरक्षा की शिकायतें महिलाओं के सामने बड़ी चुनौती बनती हैं. कई बार परेशानी होने पर पुलिस तक पहुंचने में भी वक्त लग जाता है. इसी चुनौती को देखते हुए जयपुर पुलिस ने महिला सुरक्षा के लिए एक नई व्यवस्था शुरू की है. नाम है पिंक बूथ. अब महिला को मदद के लिए पुलिस थाने तक जाने की जरूरत नहीं. शहर के प्रमुख सार्वजनिक स्थानों पर ही पुलिस सहायता उपलब्ध होगी.

यह भी पढ़ेंः पहले चुराईं चांदी की चूड़ियां, फिर 24 घंटे के अल्टीमेटम पर लौटाने पहुंची महिला; दुकानदार के सामने मांगी माफी

डीजीपी राजीव कुमार शर्मा ने किया पिंक बूथ का उद्घाटन
जयपुर पुलिस कमिश्नरेट की इस पहल का शनिवार को राजस्थान पुलिस के महानिदेशक राजीव कुमार शर्मा ने शुभारंभ किया. पत्रिका गेट, जवाहर सर्किल पर स्थापित पिंक बूथ का उद्घाटन किया गया. महिला कांस्टेबल से ही फीता कटवाया गया. जवाहर सर्किल के अलावा तीन अन्य बूथों का वर्चुअल शुभारंभ किया गया. अशोक नगर टी-पॉइंट यानी महारानी कॉलेज के पास, गौरव टावर के पास और मानसरोवर के सिटी पार्क में भी पिंक बूथ शुरू किए गए हैं.

जयपुर के चार प्रमुख स्थानों पर शुरू हुए पिंक बूथ 
इस मौके पर डीजीपी ने जयपुर पुलिस की पहल की सराहना की. उन्होंने कहा कि पिंक बूथ से महिलाओं और बालिकाओं को सार्वजनिक स्थानों पर सुरक्षित माहौल के साथ तत्काल पुलिस सहायता मिल सकेगी. पुलिस कमिश्नर सचिन मित्तल ने बताया कि पहले चरण में शहर के चार महत्वपूर्ण स्थानों को चुना गया है. आगे जरूरत के मुताबिक इस व्यवस्था का विस्तार किया जाएगा.

सुबह 6 से रात 10 बजे तक तैनात रहेंगी महिला पुलिसकर्मी 
अब सवाल है कि इन पिंक बूथ पर महिलाओं को क्या सुविधाएं मिलेंगी तो सबसे खास बात यह है कि यहां सुबह 6 बजे से रात 10 बजे तक महिला पुलिसकर्मी मौजूद रहेंगी. दो शिफ्टों में दो- दो महिला पुलिसकर्मी ड्यूटी करेंगी यानी दिन हो या शाम, किसी महिला को सार्वजनिक स्थान पर परेशानी होती है तो वह सीधे पिंक बूथ पहुंचकर पुलिस से मदद मांग सकती है.

छेड़छाड़ से लेकर घरेलू हिंसा तक की शिकायतों पर मिलेगी सहायता
छेड़छाड़, पीछा करना, अभद्र व्यवहार, उत्पीड़न या घरेलू हिंसा से जुड़ी शिकायत. हर मामले में महिला को पुलिस सहायता और जरूरी मार्गदर्शन उपलब्ध कराया जाएगा. यहां शिकायत सुनी जाएगी और जरूरत पड़ने पर संबंधित पुलिस थाने से संपर्क किया जाएगा. आवश्यक कार्रवाई के लिए पुलिस टीम को भी सूचना दी जाएगी. जयपुर पुलिस का मकसद साफ है. महिला की शिकायत को गंभीरता से सुनना और उसे तत्काल सहायता उपलब्ध कराना. 
 
CCTV और QR कोड जैसी आधुनिक सुविधाओं से लैस होंगे बूथ
पिंक बूथ को सिर्फ महिला पुलिसकर्मियों की तैनाती तक सीमित नहीं रखा गया है. इसमें आधुनिक तकनीक का भी इस्तेमाल किया गया है. बूथ पर CCTV कैमरों की व्यवस्था की गई है. QR कोड आधारित सुविधाएं दी गई हैं. राजकॉप सिटीजन ऐप के जरिए भी महिलाएं पुलिस से जुड़ सकती हैं यानी पुलिस की प्रत्यक्ष मौजूदगी के साथ डिजिटल तकनीक का इस्तेमाल भी होगा.

सैनिटरी पैड से लेकर प्राथमिक उपचार तक की सुविधा 
इन बूथ पर महिलाओं के लिए सुरक्षित प्रतीक्षा स्थल बनाया गया है. प्राथमिक उपचार की सुविधा रखी गई है. जरूरत पड़ने पर सैनिटरी पैड भी उपलब्ध होंगे. पुलिस और PCR से तत्काल संपर्क की व्यवस्था भी की गई है. इसके अलावा महिला गरिमा हेल्पलाइन 1090 और आपातकालीन हेल्पलाइन 112 की सुविधा भी उपलब्ध रहेगी. लेकिन जयपुर पुलिस की तैयारी यहीं खत्म नहीं होती.

यह भी पढ़ेंः 10 लाख सब्सक्राइबर्स वाली किसान बेटी की चुनाव में एंट्री: अनिता सिंह ने BJP के दिग्गज को हराया

जल्द लगेगा पैनिक बटन, अभय कमांड सेंटर से जुड़ेगा
पिंक बूथ को आने वाले दिनों में और ज्यादा हाईटेक बनाने की योजना है. इन बूथ पर जल्द ही पैनिक बटन की सुविधा भी उपलब्ध कराई जाएगी. इस पैनिक बटन को अभय कमांड सेंटर से जोड़ा जाएगा.कल्पना कीजिए, कोई महिला या बालिका किसी आपात स्थिति में फंस जाती है, उसके पास फोन करने का समय नहीं है. ऐसे में वह पैनिक बटन दबाकर तत्काल पुलिस सहायता मांग सकेगी.

एक बटन दबाते ही पुलिस तक पहुंचेगा इमरजेंसी अलर्ट
बटन दबते ही इसकी सूचना अभय कमांड सेंटर तक पहुंचेगी. वहां से परिस्थिति के अनुसार पुलिस सहायता और जरूरी संसाधन मौके पर भेजे जा सकेंगे यानी आने वाले समय में मदद के लिए सिर्फ फोन पर निर्भर रहने की जरूरत नहीं होगी. एक बटन दबाते ही पुलिस तक इमरजेंसी सूचना पहुंचाने की व्यवस्था विकसित की जाएगी. यह सुविधा पिंक बूथ को महिला सुरक्षा के एक आधुनिक केंद्र के रूप में स्थापित करने की दिशा में अहम कदम होगी.

महिलाओं को आत्मरक्षा का प्रशिक्षण देने की भी योजना
पिंक बूथ का एक और अहम पहलू है. महिलाओं में सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाना. यहां आने वाली महिलाओं और बालिकाओं को सुरक्षा से जुड़ी जानकारियां दी जाएंगी. उन्हें बताया जाएगा कि किसी भी तरह की छेड़छाड़ या उत्पीड़न की स्थिति में उन्हें क्या करना चाहिए. पुलिस से किस तरह संपर्क करना है और कानूनी मदद कैसे प्राप्त करनी है. इतना ही नहीं, बूथ पर महिलाओं को आत्मरक्षा का प्रशिक्षण देने की भी योजना है.

बाजारों, कॉलेजों और पर्यटन स्थलों तक होगा विस्तार
जयपुर पुलिस की कोशिश है कि महिलाएं केवल पुलिस पर निर्भर न रहें. बल्कि किसी भी विपरीत परिस्थिति का सामना करने के लिए खुद भी जागरूक और आत्मविश्वास से भरी हों. पुलिस कमिश्नर सचिन मित्तल ने साफ किया है कि पिंक बूथ को केवल चार स्थानों तक सीमित नहीं रखा जाएगा. भविष्य में प्रमुख बाजारों, शैक्षणिक संस्थानों, पर्यटन स्थलों, पार्कों और सार्वजनिक परिवहन केंद्रों तक इस व्यवस्था का विस्तार किया जा सकता है.

यह भी पढ़ेंः पाक के ड्रोन पर राजस्थान का सुरक्षा कवच! 51 करोड़ में खरीदे जाएंगे 10 एंटी ड्रोन सिस्टम

महिलाओं की सुरक्षा से तय होती है शहर की तरक्की
दरअसल महिला सुरक्षा सिर्फ कानून व्यवस्था का विषय नहीं है. यह समाज की जिम्मेदारी भी है. पुलिस कमिश्नर सचिन मित्तल ने अपने संबोधन में कहा कि किसी भी शहर की तरक्की का पैमाना सिर्फ उसकी सड़कें, इमारतें और आधुनिक सुविधाएं नहीं होतीं बल्कि यह भी होता है कि वहां महिलाएं कितनी सुरक्षित और स्वतंत्र महसूस करती हैं.

पिंक बूथ की सफलता पुलिस की त्वरित कार्रवाई पर निर्भर
उन्होंने कहा कि किसी महिला को यह महसूस नहीं होना चाहिए कि उसकी शिकायत छोटी है या उसकी बात सुनने वाला कोई नहीं है. पिंक बूथ पर तैनात महिला पुलिसकर्मियों से भी संवेदनशीलता के साथ काम करने की अपेक्षा की गई है ताकि वहां पहुंचने वाली हर महिला को अपनापन, भरोसा और सुरक्षा का एहसास हो लेकिन इस पहल की असली सफलता सिर्फ बूथ बनाने से तय नहीं होगी. बल्कि इस बात से तय होगी कि जरूरत पड़ने पर कितनी जल्दी मदद पहुंचती है. शिकायत पर कितनी संवेदनशीलता से कार्रवाई होती है और महिलाएं इन बूथों पर कितना भरोसा कर पाती हैं. जयपुर पुलिस ने महिला सुरक्षा की दिशा में एक नई शुरुआत की है. अब निगाहें इस बात पर रहेंगी कि यह व्यवस्था कितनी प्रभावी साबित होती है और कब तक पूरे शहर में इसका विस्तार होता है.

 

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

जी राजस्थान में सीनियर कॉरेस्पॉन्डेंट के रूप में कार्यरत विष्णु प्रकाश शर्मा पत्रकारिता के क्षेत्र में विगत 30 वर्षों से सक्रिय हैं. जी मीडिया में वे BJP, तीसरा मोर्चा,  RSS सहित अन्य राजनीतिक विषय या गृह, वित्त और क्राइम से जुड़ी खबरों को प्रमुखता से कवर करते हैं. बात चाहे बीजेपी संगठन में किसी भी हलचल की या फिर पार्टी के वीवीआईपी दौरों से लेकर कानून व्यवस्था से जुड़ी खबरों की, विष्णु शर्मा सक्रिय रूप से इन सभी की न्यूज कवर कर दर्शकों तक पहुंचाते हैं। राजनीतिक और गृह-पुलिस की खबरों पर भी गहरी पकड़ रखते हैं. राजनीति से जुड़ी हर छोटी बड़ी खबरों को भी दर्शकों तक पहुंचाते हैं.  विष्णु प्रकाश शर्मा जी मीडिया समूह से पहले दैनिक भास्कर में 10 साल, राजस्थान पत्रिका में 12 साल, फर्स्ट इंडिया न्यूज 7 महीने कार्य कर चुके हैं.
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES