)
राजस्थान की राजधानी जयपुर में बुधवार रात हिस्ट्रीशीटर विजय बाजिया की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है. बदमाशों ने पहले उनकी फॉर्च्यूनर गाड़ी को कैम्पर से टक्कर मारकर रोका और फिर घेरकर कुल्हाड़ी और लाठी-डंडों से हमला कर दिया. हमले में विजय की मौके पर ही मौत हो गई. वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी कैम्पर में बैठकर फरार हो गए. बताया जा रहा है कि बदमाशों ने महज पांच मिनट में पूरी वारदात को अंजाम दिया.
शुरुआती जानकारी के अनुसार, जोबनेर थाना क्षेत्र के रहने वाले विजय बाजिया बुधवार रात करीब 8 बजे जोबनेर से जयपुर आ रहे थे. इसी दौरान करधनी थाना क्षेत्र के जगदम्बा नगर में कैम्पर सवार 4 से 6 बदमाशों ने उनकी फॉर्च्यूनर गाड़ी को घेर लिया.
आरोपियों ने सबसे पहले कैम्पर से विजय की गाड़ी को टक्कर मारी. इसके बाद विजय ने बदमाशों से बचने के लिए अपनी गाड़ी दौड़ा दी लेकिन हमलावरों ने उनका पीछा जारी रखा. कुछ दूरी पर बदमाशों ने उनकी गाड़ी को दोबारा रोक लिया.
बताया जा रहा है कि विजय जैसे ही अपनी फॉर्च्यूनर से उतरकर भागने लगे, बदमाशों ने उन्हें घेर लिया. इसके बाद आरोपियों ने कुल्हाड़ी और लाठी-डंडों से उन पर ताबड़तोड़ वार शुरू कर दिए. हमले में विजय गंभीर रूप से घायल हो गए और उन्होंने मौके पर ही दम तोड़ दिया.
वारदात के बाद सभी आरोपी कैम्पर में सवार होकर मौके से फरार हो गए. घटना के दौरान आसपास मौजूद कुछ लोगों ने पूरे घटनाक्रम का वीडियो भी बना लिया, जो अब सामने आया है.
पुलिस की प्रारंभिक जांच में हत्या के पीछे पुरानी रंजिश होने की आशंका जताई जा रही है. बताया जा रहा है कि दूसरे पक्ष के बदमाश काफी समय से विजय का पीछा कर रहे थे. बुधवार रात जब विजय जयपुर आ रहे थे, तब आरोपियों ने उनकी गाड़ी को ट्रैक किया और मौका मिलते ही हमला कर दिया. हत्या की असल वजह और इसमें शामिल लोगों की भूमिका की पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगी.
हत्या की सूचना मिलते ही करधनी थाना पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मॉर्च्युरी भिजवा दिया. वहीं, आरोपियों की तलाश में आसपास के इलाकों में नाकाबंदी करवाई गई है.
पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है. साथ ही वारदात के दौरान बनाए गए वीडियो के आधार पर भी घटनाक्रम की जानकारी जुटाई जा रही है. फिलहाल पुलिस फरार आरोपियों की तलाश में जुटी है.