अलवर में पहाड़ी पर लगी भीषण आग: 3 किलोमीटर के दायरे में धधकी पहाड़ियां, देर रात तक बुझाने के प्रयास जारी
अलवर के रामगढ़ क्षेत्र में सरहेटा गांव के पास सोमवार सुबह पहाड़ी पर लगी आग तेज हवाओं के कारण विकराल हो गई. आग सरहेटा और बर्डोद की पहाड़ियों से करीब 3 किलोमीटर दूर गोहा की पहाड़ी तक फैल गई. आग पर काबू पाने के लिए प्रशासन, वन विभाग और दमकल की टीमें दिनभर जुटी रहीं.
राजस्थान के अलवर जिले में रामगढ़ नगर पालिका क्षेत्र के वार्ड नंबर 3 स्थित सरहेटा गांव के समीप सोमवार सुबह पहाड़ी पर लगी आग ने देर शाम तक विकराल रूप धारण कर लिया. सूखी झाड़ियों में लगी आग तेज हवाओं के साथ फैलते हुए सरहेटा और बर्डोद की पहाड़ियों से करीब तीन किलोमीटर दूर गोहा की पहाड़ी तक पहुंच गई. पहाड़ियों पर आग की लपटें उठती देख आसपास के ग्रामीणों में हड़कंप मच गया.
सूखी झाड़ियों में लगी आग
आग पर काबू पाने के लिए प्रशासन, वन विभाग और दमकल की टीमें दिनभर जुटी रहीं. देर रात आग बुझाने के लिए एनडीआरएफ की टीम को भी बुलाया गया. जानकारी के अनुसार, सोमवार सुबह करीब 10 बजे सरहेटा की पहाड़ी पर अज्ञात कारणों से सूखी झाड़ियों में आग लग गई. देखते ही देखते आग ने बड़े क्षेत्र को अपनी चपेट में ले लिया. सूचना मिलने पर तहसीलदार सहित प्रशासनिक अधिकारी, वन विभाग के कर्मचारी और दमकलकर्मी मौके पर पहुंचे. ग्रामीणों ने भी टहनियों और पानी की मदद से आग बुझाने में सहयोग किया.
यह भी पढ़ें- प्रतापगढ़ में अफीम पट्टे और जमीन विवाद में खूनी संघर्ष: महिला से अभद्रता और पति पर कुल्हाड़ी से हमले का आरोप
दिनभर की मशक्कत के बाद सरहेटा और बर्डोद की पहाड़ियों पर करीब ढाई किलोमीटर क्षेत्र में फैली आग पर काबू पाने के प्रयास किए गए, लेकिन तेज हवाओं और सूखी घास के कारण आग लगातार आगे बढ़ती रही. देर शाम गोहा की पहाड़ी तक आग पहुंचने की सूचना मिलने पर प्रशासन की चिंता बढ़ गई. इसके बाद आग बुझाने के प्रयास तेज कर दिए गए.
अंधेरा बढ़ने से आग बुझाने में आई परेशानी
देर शाम तक आग का दायरा बढ़ने और अंधेरा होने के कारण राहत एवं बचाव कार्य में मुश्किलें आने लगीं. मौके पर दो दमकल गाड़ियां तैनात की गईं. वन विभाग के रेंज अधिकारी और प्रशासनिक अधिकारी स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं. आग पर प्रभावी नियंत्रण पाने के लिए एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की टीमों को बुलाया गया.
यह भी पढ़ें- अलवर में मतदान के दौरान हंगामा: सरपंच प्रत्याशी की मां से मारपीट का आरोप, दोबारा वोटिंग की मांग
आग पर काबू पाने के प्रयास जारी- तहसीलदार बोले
रामगढ़ तहसीलदार आशीष शर्मा ने बताया कि सोमवार सुबह आग लगने की सूचना मिलते ही प्रशासन की टीम मौके पर पहुंच गई थी. ग्रामीणों के सहयोग से सरहेटा और बर्डोद की पहाड़ियों पर आग बुझाने के प्रयास किए गए. हालांकि, देर शाम गोहा की पहाड़ी तक आग फैलने की सूचना मिली. आग पर काबू पाने के लिए प्रशासन, वन विभाग और दमकल की टीमें जुटी हुई हैं. एनडीआरएफ की टीम के सहयोग से आग बुझाने के प्रयास किए जाएंगे.
Reporter- Jugal Gandhi