)
Dholpur News : धौलपुर की लाइफ लाइन पार्वती बांध में इस बार मानसून की मेहरबानी के चलते पानी अपनी क्षमता का 92 फीसदी भर चुका है. सिर्फ 1.16 मीटर पानी आना बाकी है. अगर इसी तरह बारिश जारी रही तो अगले 7 से 10 दिन में बांध पूरी तरह लबालब हो जाएगा.
पार्वती के साथ-साथ जिले के अन्य प्रमुख बांधों की स्थिति भी काफी बेहतर है. रामसागर बांध की कुल भराव क्षमता 7.65 मीटर है और उसमें 7.62 मीटर पानी आ चुका है. उर्मिला सागर बांध की कुल क्षमता 8.69 मीटर है और वर्तमान में उसमें 7.38 मीटर पानी भरा हुआ है. इसके अलावा तालाबशाही बांध 3.35 मीटर में से 2.53 मीटर, अंगई बांध 2.90 मीटर में से 1.19 मीटर और हुनिगिर बांध 2.90 मीटर में से 1.49 मीटर तक भर गया है.
खरीफ और रबी की फसल को होगा फायदा
धौलपुर में इस बार औसत से अधिक बारिश दर्ज की गई है. अब तक 508 एमएम बारिश हो चुकी है, जबकि पिछले साल इस समय तक केवल 350 एमएम के आसपास ही बारिश हुई थी. श्रावण मास में हुई लगातार बारिश किसान खरीफ की बुवाई में जुटे हुए हैं. कृषि विभाग का कहना है कि इस बार अच्छी बारिश से पैदावार भी अच्छी रहेगी ऐसी उम्मीद है.
आपको बता दें कि पार्वती बांध के भरने से धौलपुर शहर सहित बाड़ी, बसेड़ी, राजाखेड़ा और सरमथुरा क्षेत्र के करीब 500 गांवों में पेयजल आपूर्ति सुचारू हो सकेगी. इस बांध से करीब 50 हजार हेक्टेयर भूमि में सिंचाई होती है, जिससे रबी की फसल के लिए भी पर्याप्त पानी मिल सकेगा. किसानों का कहना है कि पार्वती बांध उनके लिए संजीवनी है, जिसके भरने से पूरे साल की चिंता ही खत्म हो जाती है.
निचले इलाकों में रहने वालों के लिए अलर्ट
जिला प्रशासन ने बांधों की सुरक्षा को लेकर निगरानी बढ़ा दी है. जल संसाधन विभाग के अधिशासी अभियंता ने बताया कि पार्वती बांध पर 24 घंटे कर्मचारी तैनात किए गए हैं और जलस्तर पर नजर रखी जा रही है. बांध के सभी गेटों की जांच भी कर ली गई है, ताकि जरूरत पड़ने पर गेट खोलकर पानी छोड़ा जा सके. कलेक्टर ने भी अधिकारियों को निर्देश दिए हुए हैं कि बांध के निचले इलाकों में रहने वाले लोगों को पहले से अलर्ट किया जाए.