App

धौलपुर में उफान पर पार्वती: आंगई बांध के खुले दो गेट, सैंपऊ-मणियां क्षेत्र पर मंडराया बाढ़ का खतरा!

Dholpur News: धौलपुर में लगातार बारिश के बीच पार्वती बांध आंगई के 2 गेट खोलकर पानी की निकासी की गई है. पार्वती नदी का जलस्तर बढ़ने की संभावना है. प्रशासन ने निचले इलाकों और रपटों के आसपास रहने वालों को सतर्क रहने की अपील की है.

धौलपुर में उफान पर पार्वती: आंगई बांध के खुले दो गेट, सैंपऊ-मणियां क्षेत्र पर मंडराया बाढ़ का खतरा!
Image Credit: पार्वती बांध आंगई के 2 गेट खोले गए.

Dholpur News: धौलपुर जिले के सबसे बड़े पार्वती बांध आंगई से बड़ी खबर सामने आई है. कैचमेंट एरिया में लगातार बारिश होने के कारण बांध में पानी की आवक बनी हुई है. जलस्तर में लगातार बढ़ोतरी को देखते हुए जल संसाधन विभाग ने एहतियात के तौर पर बांध के 2 गेट खोलकर पानी की निकासी शुरू कर दी है.

निचले इलाकों के लोगों को सतर्क रहने की अपील
जल संसाधन विभाग के अधिकारियों के अनुसार बांध में लगातार पानी आने के चलते गेट खोलने का फैसला लिया गया. विभाग ने सैंपऊ-मणियां क्षेत्र सहित निचले इलाकों और रपटों के आसपास रहने वाले ग्रामीणों से विशेष सावधानी बरतने की अपील की है. लोगों को नदी, नालों और रपटों के आसपास आवागमन नहीं करने तथा सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी गई है.

बांध पर लगातार हो रही जलस्तर की निगरानी
पानी की निकासी के दौरान किसी भी अप्रिय घटना से बचने के लिए जल संसाधन विभाग के अधिकारी बांध के जलस्तर की लगातार निगरानी कर रहे हैं. सुरक्षा व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए आंगई थानाधिकारी कृपाल सिंह के नेतृत्व में पुलिस जाब्ता भी बांध पर तैनात किया गया है. प्रशासन ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान नहीं देने और जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है.

पार्वती नदी का बढ़ सकता है जलस्तर
बांध से पानी छोड़े जाने के बाद पार्वती नदी के जलस्तर में बढ़ोतरी होने की संभावना है. ऐसे में नदी और उसके आसपास के इलाकों में रहने वाले लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है.

तीन दिन की बारिश से बिगड़े हालात
धौलपुर जिले में पिछले तीन दिनों से लगातार झमाझम बारिश हो रही है. बारिश के चलते नदी, तालाब, पोखर, जलाशय और खेत पानी से लबालब हो गए हैं. बारिश से जहां लोगों को गर्मी से राहत मिली है, वहीं कई इलाकों में जलभराव के कारण परेशानी बढ़ गई है.

धौलपुर शहर की एक दर्जन से अधिक कॉलोनियां जलभराव की चपेट में हैं. कई जगहों पर हालात ऐसे हैं कि लोगों के घरों में पानी घुसने की स्थिति बन गई है.

फसलों पर भी बारिश का असर
लगातार बारिश का असर किसानों पर भी दिखाई दे रहा है. खरीफ की बाजार, तिलहन, ग्वार और ज्वार सहित कई फसलें पूरी तरह तैयार होने की स्थिति में हैं. ऐसे समय में बारिश से फसलों को नुकसान की आशंका बढ़ गई है. खेतों में पानी भरने और फसल के गिरने से किसानों की चिंता बढ़ी है.

इन जिलों में मौसम का अलर्ट
मौसम विभाग के अनुसार नागौर, भीलवाड़ा, राजसमंद, प्रतापगढ़, बारां, कोटा, झालावाड़, बूंदी, चित्तौड़गढ़, सवाई माधोपुर, टोंक, बांसवाड़ा, उदयपुर, सलूंबर, डूंगरपुर और पाली तथा आसपास के क्षेत्रों में कहीं-कहीं हल्के से मध्यम मेघगर्जन के साथ 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं. कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश की भी संभावना है. विभाग ने मेघगर्जन के दौरान पेड़ों के नीचे खड़े नहीं होने और सुरक्षित स्थान पर रहने की सलाह दी है.

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Sandhya Yadav

Sandhya Yadav

लखनऊ यूनिवर्सिटी से पत्रकारिता में मास्टर्स की डिग्री हासिल करने वाली संध्या ने Zee News से पहले Newstrack और ETV Bharat जैसे प्रतिष्ठित डिजिटल न्यूज़ संस्थानों में अपनी सेवाएं दी हैं. जमीनी खबरों की गहरी समझ रखने वाली संध्या ने राजस्थान विधानसभा चुनाव, पंचायत चुनाव, गहलोत-पायलट राजनीतिक संकट और कोविड-19 महामारी समेत कई बड़े और जटिल घटनाक्रमों की बेहतरीन कवरेज की है.आप संध्या यादव से सीधे SANDHYA.YADAV@zeemedia.com पर ईमेल के जरिए संपर्क कर सकते हैं. इसके अलावा राजस्थान की खबरों के रियल-टाइम अपडेट्स के लिए आप उनसे लिंक्डइन (https://in.linkedin.com/in/sandhya-yadav-5734ba144) पर भी कनेक्ट कर सकते हैं.
Read More