)
Congress Protest : अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर सीकर जिला कांग्रेस कमेटी की ओर से गुरुवार को जिला कलेक्ट्रेट पर विरोध प्रदर्शन किया गया. कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने वोट चोरी के आरोप लगाते हुए मुख्य निर्वाचन अधिकारी ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग की. प्रदर्शन के दौरान कलेक्ट्रेट पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच जोर-आजमाइश भी देखने को मिली. प्रदर्शन से पहले कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने शहर के डाक बंगले से जिला कलेक्ट्रेट तक आक्रोश रैली निकाली. इस दौरान कार्यकर्ताओं ने काली पट्टी बांध रखी थी और कई कार्यकर्ता काले कपड़ों में नजर आए.
हाथ में संविधान की किताब लेकर पहुंचीं जिलाध्यक्ष
रैली में कांग्रेस जिलाध्यक्ष सुनीता गठाला हाथ में संविधान की किताब लेकर सबसे आगे चल रही थीं. प्रदर्शन के दौरान उन्होंने केंद्र सरकार और मुख्य निर्वाचन अधिकारी ज्ञानेश कुमार पर SIR के नाम पर वोट चोरी करने का आरोप लगाया. सुनीता गठाला ने कहा कि देश में बड़े स्तर पर वोट चोरी हुई है. उन्होंने करीब 13 करोड़ मतदाताओं के नाम मतदाता सूची से हटाए जाने का आरोप लगाया. कांग्रेस जिलाध्यक्ष ने कहा कि जब तक ज्ञानेश कुमार इस्तीफा नहीं देते, तब तक पार्टी का संघर्ष जारी रहेगा.
दिल्ली में कथित लाठीचार्ज का भी विरोध
कांग्रेस नेताओं ने दिल्ली में कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल के साथ हुए कथित लाठीचार्ज और दुर्व्यवहार को लेकर भी विरोध जताया. सुनीता गठाला ने इंडिया गठबंधन के सांसदों, राहुल गांधी और प्रियंका गांधी के साथ दिल्ली पुलिस के कथित व्यवहार की आलोचना की. उन्होंने केंद्र सरकार पर ईडी, इनकम टैक्स और सीबीआई जैसी संवैधानिक संस्थाओं के दुरुपयोग का भी आरोप लगाया.
निकाय चुनावों को लेकर भी लगाए आरोप
प्रदर्शन को संबोधित करते हुए कांग्रेस जिलाध्यक्ष ने राजस्थान के हालिया निकाय चुनावों का भी मुद्दा उठाया. उन्होंने भाजपा सरकार पर पुलिस और प्रशासनिक तंत्र के दुरुपयोग का आरोप लगाया. उन्होंने कहा कि देश संविधान से चलेगा, तानाशाही और वोट चोरी से नहीं. प्रदर्शन में पूर्व सभापति जीवण खां, शहर कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष राजेश सैनी, प्रदेश प्रवक्ता गोविंद पटेल, कांग्रेस सेवादल जिलाध्यक्ष रविकांत तिवाड़ी, लॉ कॉलेज के पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष राकेश गढ़वाल समेत बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे.