सीमा पर तैनात महिला जवानों के भाई बने CM भजनलाल: BSF कैंप में मनाया भाई दूज
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा बुधवार को जैसलमेर के एक दिवसीय दौरे पर रहे. इस दौरान उन्होंने भारत-पाकिस्तान सीमा के पास स्थित तनोट माता मंदिर में दर्शन कर पूजा-अर्चना की और विजय स्तंभ पर पुष्पचक्र अर्पित कर शहीदों को श्रद्धांजलि दी. भाई दूज के अवसर पर मुख्यमंत्री BSF की महिला जवानों के बीच भाई बनकर पहुंचे और उन्हें मिठाई खिलाकर त्योहार की शुभकामनाएं दीं.
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा बुधवार को जैसलमेर के एक दिवसीय दौरे पर रहे. मुख्यमंत्री ने भारत-पाकिस्तान अंतरराष्ट्रीय सीमा के निकट स्थित प्रसिद्ध तनोट माता मंदिर पहुंचकर मां के दर्शन किए और विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर प्रदेश की खुशहाली की कामना की. इस दौरान उन्होंने रुमाल वाली माता के मंदिर में मन्नत का रुमाल बांधा. इसके बाद विजय स्तंभ पर पुष्पचक्र अर्पित कर देश की रक्षा में प्राण न्योछावर करने वाले वीर शहीदों को श्रद्धांजलि दी.
भाई दूज के पावन अवसर पर मुख्यमंत्री ने सीमा सुरक्षा बल (BSF) के जवानों के बीच पहुंचकर त्योहार की खुशियां साझा कीं. उन्होंने जवानों को मिठाई खिलाई और भारत-पाक सीमा पर तैनात BSF की महिला जवानों को भाई दूज की शुभकामनाएं दीं. मुख्यमंत्री ने महिला जवानों से संवाद कर उनका हौसला बढ़ाया और देश की सीमाओं की सुरक्षा में उनके योगदान की सराहना की.
यह भी पढ़ेंः जेल की सलाखों के पीछे मना भाईदूज, भाइयों से मिलते ही छलक पड़े बहनों के आंसू!
महिला जवानों के बीच भाई बनकर पहुंचे मुख्यमंत्री
BSF जवानों को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि भाई दूज स्नेह, विश्वास और सुरक्षा के संकल्प का पर्व है. आज तनोट माता के पवित्र धाम में महिला जवानों के बीच उपस्थित होकर उन्हें गर्व और प्रसन्नता की अनुभूति हो रही है. उन्होंने कहा कि देश की अनेक बहनों के भाई अपने परिवारों से दूर रहकर देश की सुरक्षा का दायित्व निभा रहे हैं. ऐसे में सीमा पर तैनात महिला जवानों के बीच भाई दूज मनाना उनके लिए विशेष भावनात्मक क्षण है.
मुख्यमंत्री ने कहा कि तनोट माता की पवित्र धरती का कण-कण वीर जवानों की शौर्य गाथाओं का साक्षी है. यह धाम हर व्यक्ति को मां भारती की सेवा और सुरक्षा की भावना से भर देता है. सीमा सुरक्षा बल भारत की संप्रभुता, अखंडता और राष्ट्रीय स्वाभिमान का सशक्त प्रहरी है. राष्ट्र की सीमाओं की सुरक्षा में BSF का योगदान अतुलनीय है और पूरा देश इसके लिए जवानों का कृतज्ञ है.
ऑपरेशन सिंदूर में जवानों के पराक्रम की सराहना
मुख्यमंत्री ने कहा कि दिन हो या रात, गर्मी हो या सर्दी, BSF के जवान हमेशा देश की सीमाओं पर मुस्तैद रहते हैं. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में संचालित ऑपरेशन सिंदूर के दौरान भारतीय सेना और BSF के जवानों ने वीरता और पराक्रम का ऐसा उदाहरण प्रस्तुत किया, जिस पर हर भारतीय को गर्व है.
उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार सीमा सुरक्षा व्यवस्था को आधुनिक, मजबूत और आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में ऐतिहासिक कार्य कर रही है. केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के मार्गदर्शन में सीमा सुरक्षा के लिए आधुनिक तकनीक, बेहतर आधारभूत सुविधाओं और मजबूत समन्वय पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है. स्मार्ट बॉर्डर की परिकल्पना के साथ भारत की सीमा सुरक्षा व्यवस्था को विश्व की सबसे आधुनिक व्यवस्थाओं में शामिल करने के प्रयास किए जा रहे हैं.
यह भी पढ़ेंः धनतेरस से भाईदूज तक: जयपुर में पांच दिन तक छाई रही खुशियों की रोशनी
सीमावर्ती 184 गांवों के विकास पर जोर
मुख्यमंत्री ने कहा कि सुरक्षित सीमा, समृद्ध सीमांत और सजग समाज से ही देश सुरक्षित हो सकता है. सीमावर्ती क्षेत्रों में जनसांख्यिकीय बदलाव के पीछे घुसपैठ एक प्रमुख कारण है. ऐसे में घुसपैठ रोकने और देश को घुसपैठियों से मुक्त बनाने के लिए मजबूत तंत्र विकसित किया जा रहा है.
उन्होंने वाइब्रेंट विलेजेज कार्यक्रम का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश के अंतिम गांव को प्रथम गांव का दर्जा दिया है. इसका उद्देश्य सीमावर्ती क्षेत्रों से पलायन रोकना, रोजगार के अवसर बढ़ाना और सरकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है. राजस्थान में वाइब्रेंट विलेजेज प्रोग्राम-2 के तहत जैसलमेर, बाड़मेर, बीकानेर और श्रीगंगानगर जिलों के 184 सीमावर्ती गांवों को विकास के लिए चुना गया है.
2029 तक नशामुक्त भारत का लक्ष्य
मुख्यमंत्री ने नशामुक्त भारत अभियान का जिक्र करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री के संकल्प और केंद्रीय गृह मंत्री के मार्गदर्शन में वर्ष 2029 तक नशामुक्त भारत के लक्ष्य को लेकर व्यापक रोडमैप तैयार किया गया है. राजस्थान सरकार भी इस दिशा में प्रतिबद्धता के साथ काम कर रही है. प्रदेश में एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स का गठन किया गया है और 350 से अधिक महाविद्यालयों में नई किरण नशा मुक्ति केंद्र स्थापित किए गए हैं.
उन्होंने महिला शक्ति का अभिनंदन करते हुए कहा कि आज देश की बेटियां सुरक्षा के प्रत्येक क्षेत्र में अपनी क्षमता और समर्पण का परिचय दे रही हैं. BSF की महिला जवानों ने कठिन परिस्थितियों में साहस, अनुशासन और कर्तव्यनिष्ठा से नई मिसाल कायम की है, जब देश की बेटियां सशक्त होंगी, तभी राष्ट्र और अधिक सशक्त बनेगा.
जैसलमेर पहुंचकर भाजपा कार्यकर्ताओं से करेंगे मुलाकात
तनोट माता मंदिर में दर्शन और BSF जवानों के साथ संवाद कार्यक्रम के बाद मुख्यमंत्री हेलीकॉप्टर से जैसलमेर के लिए रवाना हुए. जैसलमेर पहुंचने पर होटल महिंद्रा क्लब में भाजपा कार्यकर्ताओं से मुलाकात और बैठक का कार्यक्रम निर्धारित रहा. बैठक में आगामी पंचायत चुनावों को लेकर फीडबैक लेने के साथ चुनावी रणनीति पर चर्चा प्रस्तावित रही. इसके बाद मुख्यमंत्री शाम करीब पांच बजे विशेष विमान से जयपुर के लिए रवाना होंगे.