Rajsamand News: राजसमंद के गढ़बोर स्थित प्रसिद्ध चारभुजा नाथ मंदिर में जलझूलनी एकादशी के अवसर पर दो दिवसीय लक्खी मेले का आयोजन हो रहा है. मेले में राजस्थान के साथ गुजरात, मध्यप्रदेश और महाराष्ट्र से बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे हैं. कई भक्त पैदल यात्रा कर चारभुजा धाम पहुंचे और भगवान चारभुजानाथ के दर्शन किए.
चारभुजानाथ की शाही शोभायात्रा शुरू
जलझूलनी एकादशी पर चारभुजा नाथ मंदिर से ठाकुरजी की भव्य शोभायात्रा दूधतलाई के लिए रवाना हुई. ठाकुरजी को पारंपरिक सोने की पालकी में विराजमान कराया गया है. इसके साथ शाही लवाजमा भी चल रहा है. शोभायात्रा में हाथी, घोड़े और पुजारी परिवार के सदस्य शामिल हैं.
शोभायात्रा को लेकर मंदिर परिसर में सुबह से ही विशेष तैयारियां देखने को मिलीं. ठाकुरजी की पालकी के बाहर आने का पुजारी परिवार के सदस्यों के साथ श्रद्धालु भी बेसब्री से इंतजार करते नजर आए. पालकी के साथ बड़ी संख्या में भक्त भी आगे बढ़ रहे हैं.
सोने-चांदी के अस्त्र-शस्त्र भी शोभायात्रा का हिस्सा
शाही शोभायात्रा से पहले मंदिर के पारंपरिक सोने-चांदी के अस्त्र-शस्त्र भी बाहर निकाले गए. इनमें गदा, भाला, तलवार, बंदूक सहित अन्य अस्त्र-शस्त्र शामिल हैं. इन्हें भगवान की शक्ति और वैभव का प्रतीक माना जाता है. इनकी सुरक्षा और पूजा की जिम्मेदारी पुजारी परिवार संभालता है. शोभायात्रा के दौरान गुलाल उड़ाने की भी परंपरा है. इस दौरान श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखने को मिलता है.
दूधतलाई में होगा ठाकुरजी का स्नान
मंदिर से निकलने के बाद ठाकुरजी की शोभायात्रा नगर भ्रमण करते हुए दूधतलाई पहुंचेगी. यहां पहले दूधतलाई की परिक्रमा की जाएगी. इसके बाद भगवान चारभुजानाथ को स्नान कराया जाएगा और अमल का भोग लगाया जाएगा.
जलझूलनी एकादशी का यह विशेष आयोजन साल में एक बार होता है. धार्मिक मान्यता के अनुसार इस दिन श्रद्धालुओं को भगवान के साथ इस विशेष मिलन का अवसर मिलता है.
सुरक्षा के लिए 700 से अधिक पुलिसकर्मी तैनात
लक्खी मेले में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने को देखते हुए राजसमंद पुलिस ने सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए हैं. कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए 700 से अधिक पुलिसकर्मियों का जाब्ता तैनात किया गया है. पुलिस के जवान चारभुजा क्षेत्र में जगह-जगह तैनात हैं.
मेले और शोभायात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की भारी भीड़ के बीच पुलिस लगातार व्यवस्था संभाल रही है. चारभुजा धाम में जलझूलनी एकादशी के इस आयोजन को लेकर पूरे क्षेत्र में धार्मिक उत्साह का माहौल बना हुआ है.
बता दें कि जलझूलनी एकादशी भगवान विष्णु को समर्पित पावन पर्व है. इस दिन मंदिरों में ठाकुरजी की विशेष पूजा-अर्चना की जाती है और कई स्थानों पर भगवान की शोभायात्रा निकालकर जल विहार कराया जाता है. राजस्थान के चारभुजा धाम में इस अवसर पर भव्य मेला लगता है, जिसमें दूर-दराज से बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं.