'गहलोत सपने देखते रहें...' पंचायत चुनाव के बीच मदन राठौड़ का बड़ा हमला, कांग्रेस पर किया वार
Rajasthan News: राजस्थान पंचायत चुनाव के बीच BJP प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने कांग्रेस पर निशाना साधा. उन्होंने जीत का दावा करते हुए गोविंद सिंह डोटासरा की सूची वाले बयान पर पलटवार किया. अशोक गहलोत के चौथी बार CM बनने के नारों और कांग्रेस अध्यक्ष बनने की इच्छा पर भी तंज कसा.
Rajasthan Politics News: राजस्थान में पंचायत चुनावों को लेकर सियासी पारा चढ़ा हुआ है. निकाय चुनावों के बाद अब पंचायत चुनावों में भी बीजेपी और कांग्रेस ने पूरी ताकत झोंक दी है. बीजेपी जहां सरकार के कामकाज और संगठन की ताकत के दम पर जीत का दावा कर रही है, वहीं कांग्रेस भी सत्ता पक्ष को घेरने में जुटी है. इस बीच पंचायत चुनाव, अधिकारियों की कथित सूची और कानून-व्यवस्था जैसे मुद्दों पर बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा. वहीं, अशोक गहलोत के चौथी बार मुख्यमंत्री बनने के नारों पर भी राठौड़ ने तंज कसा.
पंचायत चुनाव में जीत का दावा
पंचायत चुनावों को लेकर बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने जीत का दावा किया है. राठौड़ ने कहा कि निकाय चुनावों में मिली सफलता के बाद बीजेपी पंचायत चुनावों में भी जीत हासिल करेगी. बागियों और टिकट वितरण को लेकर उन्होंने कहा कि सीटें सीमित होती हैं, ऐसे में प्रत्याशियों का चयन करना मुश्किल होता है. बीजेपी ने जनता की पसंद के अनुसार प्रत्याशियों को मैदान में उतारा है. जिन्हें टिकट नहीं मिला है, उन्हें दूसरे कामों में लगाया जायेगा .
स्थानीय नेताओं के हाथ प्रचार की कमान
पंचायत चुनावों में प्रचार की रणनीति पर मदन राठौड़ ने कहा कि स्थानीय नेता ही प्रचार की कमान संभालेंगे. उन्होंने मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के फैसले का जिक्र करते हुए कहा कि प्रदेश में एक साथ चुनाव हो रहे हैं. बीजेपी सरकार के कामकाज के आधार पर जनता से वोट मांग रही है और जनता का आशीर्वाद भी मिल रहा है.
डोटासरा पर राठौड़ का पलटवार
अधिकारियों की सूची बनाने को लेकर PCC चीफ गोविंद सिंह डोटासरा के बयान पर भी मदन राठौड़ ने पलटवार किया. राठौड़ ने कहा कि डोटासरा को पहले अपने परिजनों और पार्टी के नेताओं की सूची बनानी चाहिए. उन्होंने कहा कि डोटासरा सपने देख रहे हैं, लेकिन अधिकारी डरने वाले नहीं हैं. अधिकारी नियमानुसार काम करेंगे और न्याय करेंगे.
RSS जिला प्रचारक से मारपीट का मामला
RSS के जिला प्रचारक के साथ मारपीट के मामले पर मदन राठौड़ ने कहा कि जो अधिकारी नियमों के मुताबिक काम नहीं करते, उनके खिलाफ कार्रवाई होती है. राठौड़ ने SMS अस्पताल जाकर जिला प्रचारक से मुलाकात भी की. उन्होंने पूरे मामले की जांच कराने और जांच के बाद कठोर कार्रवाई होगी.
भड़ाना हत्याकांड पर कांग्रेस को जवाब
पूर्व विधायक भड़ाना हत्याकांड को मदन राठौड़ ने दुर्भाग्यपूर्ण बताया. कानून-व्यवस्था को लेकर कांग्रेस नेताओं के सवालों पर राठौड़ ने कहा कि मामले में तुरंत गिरफ्तारी की गई और आरोपियों को भागने नहीं दिया गया. उन्होंने कहा कि इस मामले में बड़ी संख्या में गिरफ्तारियां हुई हैं.
गहलोत के चौथी बार CM बनने के नारों पर तंज
बीकानेर में अशोक गहलोत के चौथी बार मुख्यमंत्री बनने के नारों पर भी मदन राठौड़ ने तंज कसा. गहलोत के इसी बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए राठौड़ ने कहा कि गहलोत सपने देखते रहें, उन्हें सपने देखने से कौन रोक सकता है.
अशोक गहलोत कांग्रेस का राष्ट्रीय अध्यक्ष बनना चाहते हैं- मदन राठौड़
मदन राठौड़ ने अशोक गहलोत की राजनीतिक भूमिका पर सवाल उठाते हुए कहा कि इन दिनों उनकी छवि भी कमजोर हुई है. उन्होंने कहा कि अशोक गहलोत राहुल गांधी से वरिष्ठ हैं, ऐसे में उन्हें अपने नेता को सही बात बतानी चाहिए. राठौड़ ने सवाल किया कि राहुल गांधी जो बयान दे रहे हैं, उन पर अशोक गहलोत उनके साथ क्यों खड़े हैं. उन्होंने कहा कि जनता गहलोत को परख रही है और उनके बयानों पर भी नजर रख रही है. राठौड़ ने कहा कि गहलोत खुद को आगे बढ़ाना चाहते हैं. इस लिय दूसरे नेताओं की छबि खराब कर रहे है. उन्होंने गहलोत के पुराने बयान का जिक्र करते हुए कहा कि गहलोत ने पहले कहा था कि वह कांग्रेस का राष्ट्रीय अध्यक्ष बनना चाहते थे, लेकिन सचिन पायलट ने उन्हें रोक दिया. राठौड़ ने तंज कसते हुए कहा कि पायलट अभी भी उनके पीछे लगे हुए हैं. उन्होंने गहलोत की राजनीति को खतरनाक बताते हुए आरोप लगाया कि वह खुद को आगे बढ़ाने की कोशिश कर रहे हैं.
Reporter - Vishnu Sharma