)
Jhunjhunu News: झुंझुनूं जिले की खेतड़ी नगरपालिका अध्यक्ष पद के चुनाव में बड़ा सियासी बदलाव सामने आया है. कांग्रेस छोड़कर भाजपा में शामिल हुईं गीता सैनी निर्विरोध नगरपालिका अध्यक्ष निर्वाचित हो गई हैं. अध्यक्ष पद के लिए नामांकन के अंतिम दिन भाजपा ने गीता सैनी को अपना प्रत्याशी बनाया. उनके सामने किसी अन्य उम्मीदवार ने नामांकन दाखिल नहीं किया, जिसके बाद उन्हें निर्विरोध अध्यक्ष घोषित कर दिया गया.
नामांकन के आखिरी दिन बदला चुनावी समीकरण
गीता सैनी वार्ड नंबर 5 से कांग्रेस के टिकट पर पार्षद निर्वाचित हुई थीं. वह खेतड़ी नगरपालिका की निवर्तमान चेयरमैन भी थीं. नामांकन के अंतिम दिन दोपहर करीब 3 बजे से कुछ समय पहले उन्होंने भाजपा की सदस्यता ग्रहण की. इसके बाद भाजपा ने उन्हें अध्यक्ष पद का उम्मीदवार बनाया और उन्होंने पार्टी के प्रत्याशी के रूप में नामांकन दाखिल किया. नामांकन के बाद उनके सामने कोई दूसरा प्रत्याशी नहीं आया. ऐसे में गीता सैनी का निर्विरोध निर्वाचन हुआ और खेतड़ी नगरपालिका के अध्यक्ष पद का चुनाव समाप्त हो गया.
विधायक धर्मपाल गुर्जर की भूमिका चर्चा में
गीता सैनी के भाजपा में शामिल होने और अध्यक्ष पद के लिए प्रत्याशी बनाए जाने के बाद स्थानीय राजनीति में विधायक इंजीनियर धर्मपाल गुर्जर की भूमिका भी चर्चा में रही. भाजपा ने नामांकन के अंतिम दिन गीता सैनी पर दांव लगाया, जिससे चुनावी समीकरण बदल गया.
निर्विरोध अध्यक्ष निर्वाचित होने के बाद गीता सैनी ने कहा कि उन्होंने भाजपा इसलिए ज्वाइन की, क्योंकि विधायक धर्मपाल गुर्जर ने पिछले दो वर्षों में खेतड़ी में अच्छे कार्य किए हैं. उन्होंने खेतड़ी के विकास और जनता की सेवा करने की बात कही.
25 वार्डों में भाजपा के 8 पार्षद
खेतड़ी नगरपालिका में कुल 25 वार्ड हैं. चुनाव में भाजपा के 8, कांग्रेस के 4 और 13 निर्दलीय पार्षद निर्वाचित हुए थे. कांग्रेस के टिकट पर जीतकर आईं गीता सैनी के भाजपा में शामिल होने के बाद अध्यक्ष पद का समीकरण बदल गया. बाद उन्हें अध्यक्ष पद हासिल हुआ. वहीं, कांग्रेस के लिए यह घटनाक्रम राजनीतिक झटके के रूप में सामने आया है. अब गीता सैनी के सामने नगरपालिका के विकास कार्यों और जनता से जुड़े मुद्दों पर काम करने की जिम्मेदारी होगी.