)
राजस्थान के बीकानेर की मूंगफली का स्वाद देश ही नहीं, विदेशों तक पहचान रखता है एशिया की प्रमुख मूंगफली मंडियों में शुमार बीकानेर से देश के अलग-अलग राज्यों के साथ अंतरराष्ट्रीय बाजारों तक मूंगफली पहुंचती है इंडोनेशिया, वियतनाम, मलेशिया, चीन और फिलीपींस जैसे देशों में भारतीय मूंगफली की मांग है.
हर साल दीपावली के बाद बीकानेर की अनाज मंडी में नई फसल की आवक रफ्तार पकड़ती है लेकिन इस बार मौसम की मार ने पूरे कारोबार का गणित बिगाड़ दिया है. आवक में भारी कमी का असर अब सीधे किसानों, व्यापारियों और तेल मिलों पर दिखाई दे रहा है.
दीपावली के बाद भी मंडी में नहीं बढ़ी मूंगफली की आवक
जिले की अनाज मंडी में इन दिनों मूंगफली के ढेर तो नजर आ रहे हैं लेकिन पिछले सीजन जैसी रौनक दिखाई नहीं दे रही है. दीपावली के बाद जिस मंडी में नई फसल की आवक तेजी से बढ़ती थी, वहां इस बार माल की कमी कारोबारियों की चिंता बढ़ा रही है. आंकड़े इस गिरावट की तस्वीर साफ कर रहे हैं. बीकानेर मूंगफली मंडी से जुड़े व्यापारी के अनुसार, सामान्य दिनों में इन दिनों मंडियों में प्रतिदिन 50 से 60 हजार बोरी मूंगफली पहुंचती थी लेकिन इस बार आवक घटकर महज 5 से 10 हजार बोरी रह गई है.
कम बारिश और मौसम की मार से उत्पादन में 30% तक गिरावट
इसकी बड़ी वजह कम बारिश और मौसम की मार बताई जा रही है. राजस्थान में पिछले साल जहां मूंगफली का उत्पादन करीब 15 से 17 लाख टन था. वहीं, इस बार इसके घटकर 11 से 12 लाख टन रहने का अनुमान है यानी उत्पादन में करीब 25 से 30 प्रतिशत तक की कमी का अनुमान कारोबारियों ने जताया है.
बीकानेर से अंतरराष्ट्रीय बाजार तक पहुंचती है मूंगफली
बीकानेर का मूंगफली कारोबार सिर्फ स्थानीय मंडी तक सीमित नहीं है यहां से मूंगफली की खरीद, सफाई और प्रोसेसिंग के बाद देश के अलग-अलग हिस्सों में सप्लाई होती है. निर्यात के लिहाज से भी बीकानेर अहम केंद्र है. भारत की मूंगफली इंडोनेशिया, वियतनाम, मलेशिया, चीन और फिलीपींस जैसे देशों तक पहुंचती है. ऐसे में बीकानेर में उत्पादन और आवक प्रभावित होने का असर सप्लाई चेन पर भी पड़ सकता है. कम आवक के चलते मूंगफली दाने और तेल के कारोबार में कच्चे माल की उपलब्धता चुनौती बन रही है.
मूंगफली, दाने और तेल के भाव में 30% तक बढ़ोतरी
रिपोर्ट के मुताबिक, पिछले साल की तुलना में मूंगफली, दाने और तेल के भाव में करीब 25 से 30 प्रतिशत तक बढ़ोतरी हुई है. किसानों के सामने कम उत्पादन की चुनौती है तो व्यापारियों और तेल मिल संचालकों के सामने मांग के मुताबिक, माल जुटाने का संकट है.
मौसम की मार से धीमी हुई कारोबार की रफ्तार, सप्लाई पर नजर
बीकानेर की मूंगफली की पहचान अब स्थानीय मंडी से निकलकर अंतरराष्ट्रीय बाजार तक पहुंच चुकी है लेकिन इस बार मौसम की मार ने इस कारोबार की रफ्तार धीमी कर दी है. अब निगाहें आने वाले दिनों की आवक और बाजार के भाव पर हैं क्योंकि इसका असर सिर्फ मंडी तक नहीं, बल्कि खेत से लेकर तेल मिल और निर्यात कारोबार तक पड़ रहा है.
Report- Raunak Vyas