App

18 नवंबर से शुरू दिल्ली विधानसभा का शीतकालीन सत्र, इस बार क्या होगा खास; जानें एजेंडा और अहम मुद्दे

दिल्ली कैबिनेट ने 18 से 23 दिसंबर तक विधानसभा का शीतकालीन सत्र आयोजित करने को मंजूरी दी है. इस दौरान विकास, जनहित और सरकार की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं पर चर्चा की जा सकती है.

18 नवंबर से शुरू दिल्ली विधानसभा का शीतकालीन सत्र, इस बार क्या होगा खास; जानें एजेंडा और अहम मुद्दे
Image Credit: 18 नवंबर से दिल्ली विधानसभा का शीतकालीन सत्र शुरू

दिल्ली विधानसभा का शीतकालीन सत्र 18 दिसंबर से शुरू होने वाला है, जो कि 23 दिसंबर तक चलेगा. मंगलवार को मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता की अध्यक्षता में दिल्ली सचिवालय में हुई कैबिनेट बैठक में इस प्रस्ताव को मंजूरी दी गई. इस सत्र के दौरान राजधानी के विकास, जनहित और सरकार की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं से जुड़े अहम मुद्दों पर चर्चा की जाएगी.

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि सरकार दिल्ली के लोगों के हितों को प्राथमिकता देते हुए जरूरी फैसले लेने और उन्हें प्रभावी ढंग से लागू करने के लिए प्रतिबद्ध है. उन्होंने विधानसभा सत्र को दिल्ली के विकास से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर गंभीर और सार्थक चर्चा का अवसर बताया.

LG से मुलाकात में भी शीतकालीन सत्र पर हुई चर्चा
शीतकालीन सत्र की तारीखों के ऐलान के बीच मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने मंगलवार को LG तरनजीत सिंह संधू से भी मुलाकात की. इस दौरान दिल्ली के विकास, जनकल्याण और राजधानी की भविष्य की प्राथमिकताओं पर चर्चा हुई. मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर मुलाकात की जानकारी साझा करते हुए बताया कि बातचीत में 18 दिसंबर से शुरू होने वाले विधानसभा के शीतकालीन सत्र का मुद्दा भी शामिल रहा.

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत के विजन के अनुरूप दिल्ली को आधुनिक सुविधाओं, मजबूत बुनियादी ढांचे और बेहतर जीवन स्तर वाली विश्वस्तरीय राजधानी बनाने का लक्ष्य है. इसके लिए सरकार सभी के सहयोग और समन्वय से विकास कार्यों को गति देने की दिशा में काम कर रही है.

विधानसभा सुरक्षा मामले में आरोपी को नियमित जमानत
इसी बीच दिल्ली विधानसभा की सुरक्षा में सेंध लगाने के मामले में आरोपी सरबजीत सिंह को तीस हजारी कोर्ट से नियमित जमानत मिल गई है. अदालत ने आरोपी की स्वास्थ्य स्थिति और अप्रैल 2026 से हिरासत में रहने की अवधि को ध्यान में रखते हुए यह राहत दी. सुनवाई के दौरान अदालत के सामने बताया गया कि आरोपी बाइपोलर डिसऑर्डर से पीड़ित है और मामले की जांच पूरी हो चुकी है.

आरोपी को 6 अप्रैल 2026 को गिरफ्तार किया गया था. उस पर आरोप है कि उसने तेज रफ्तार कार से विधानसभा के गेट को टक्कर मारी और परिसर में प्रवेश कर सुरक्षा व्यवस्था का उल्लंघन किया. इस मामले में पुलिस चार्जशीट दाखिल कर चुकी है.

अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश अंकुर जैन ने 50 हजार रुपये के जमानती बॉन्ड और समान राशि के दो जमानतदारों सहित निर्धारित शर्तों पर आरोपी को जमानत दी. दिल्ली पुलिस ने जमानत का विरोध करते हुए आरोपों को गंभीर बताया था.

(Input: ANI)

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Renu Akarniya

Renu Akarniya

रेनू अकर्णिया, वर्तमान में Zee News में सब-एडिटर के पद पर कार्यरत हैं और दिल्ली-एनसीआर और हरियाणा की लेटेस्ट, ट्रेंडिंग कंटेंट, यूटिलिटी जुड़ी खबरों पर काम कर रहे हैं. रेनू पिछले 3 सालों से डिजिटल मीडिया में सक्रिय हैं. पत्रकारिता में ग्रेजुएशन करने के बाद उन्होंने 2022 में Zee News से करियर की शुरुआत की.  लोकल चैनल समाचार प्लस में इंटर्न से शुरुआत की और कारवां बढ़ता हुआ जी न्यूज पहुंचा.
Read More