)
Pushkar Mela: विश्व प्रसिद्ध पुष्कर पशु मेले में इन दिनों विशालकाय भैंसा काला बादल लोगों के आकर्षण का केंद्र बना हुआ है. महज 22 महीने की उम्र में इसका वजन करीब 760 किलो बताया जा रहा है. भारी-भरकम शरीर और चमकदार काली चमड़ी के चलते इसे देखने के लिए मेले में आने वाले पर्यटकों और श्रद्धालुओं की भीड़ जुट रही है. कई लोग इसके साथ सेल्फी लेते हुए भी नजर आ रहे हैं.
भैंसे के मालिक शैलेंद्र चौधरी के मुताबिक, काला बादल मध्य प्रदेश का है. इतनी कम उम्र में इसका इतना वजन होना पशुपालन के क्षेत्र में लोगों के लिए हैरानी की बात है. मालिक का दावा है कि मध्य प्रदेश में यह भैंसा अपनी अलग पहचान रखता है और संभवत: प्रदेश में इसके जैसा दूसरा भैंसा नहीं है.
रोजाना पीता है 35 लीटर दूध
काला बादल की सबसे खास बात इसकी डाइट है. मालिक शैलेंद्र चौधरी बताते हैं कि यह रोजाना करीब 35 लीटर दूध पीता है. इसकी खाने-पीने की व्यवस्था का विशेष ध्यान रखा जाता है. शैलेंद्र का कहना है कि जिस तरह परिवार के सदस्य को भरपेट खाना खिलाया जाता है, उसी तरह इस भैंसे का भी पूरा ख्याल रखा जाता है.
इसकी डाइट में भूसा, खल और हरा चारा जैसे पारंपरिक खाद्य पदार्थ शामिल हैं. इसके अलावा इसे मक्खन और सूखे मेवे भी खिलाए जाते हैं. मालिक का कहना है कि इसकी डाइट को लेकर उन्हें कोई चिंता नहीं रहती और इसके खाने-पीने में किसी तरह की कमी नहीं रखी जाती.
चमकदार चमड़ी और भारी शरीर ने खींचा ध्यान
आमतौर पर भैंसों का रंग काला होता है और काला बादल भी काले रंग का ही है, लेकिन इसकी चमड़ी काफी चमकदार है. इसके साथ ही इसका विशाल शरीर मेले में आने वाले लोगों का ध्यान अपनी ओर खींच रहा है.
सेल्फी लेने के लिए जुट रहे पर्यटक
पुष्कर मेले में आने वाले पर्यटक और श्रद्धालु काला बादल को करीब से देखने के लिए उत्साहित हैं. कई लोग इसके साथ तस्वीरें और सेल्फी लेते दिखाई दे रहे हैं. 22 महीने की उम्र, करीब 760 किलो वजन और रोजाना 35 लीटर दूध की डाइट के कारण यह भैंसा मेले में चर्चा का विषय बना हुआ है.
अजमेर से कौशल जैन की रिपोर्ट