SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

खजूरी बवाल में नया मोड़: SP विवाद पर MLA गोपीचंद का यू-टर्न, जानिए अब क्या कहा

भीलवाड़ा की खजूरी पंचायत समिति में प्रधान चुनाव से शुरू हुई सियासी रार थमने का नाम नहीं ले रही है. उपप्रधान चुनाव के दौरान माहौल तनावपूर्ण हो गया था. नोकझोंक और अभद्र भाषा के आरोपों के बाद अब विधायक गोपीचंद मीणा अपने बयान पर सफाई देते नजर आ रहे हैं. मीडिया से बातचीत में उन्होंने यू-टर्न लेते हुए कहा कि उन्होंने पुलिस प्रशासन या एसपी सागर राणा के लिए किसी भी तरह की अभद्र भाषा का इस्तेमाल नहीं किया

Written By Zee Rajasthan Web Team
Published: Nov 29, 2026, 06:11 IST | Updated: Nov 29, 2026, 06:29 IST
Image Credit: Bhilwara Khajuri News
Join

इस पूरे घटनाक्रम के दौरान जहाजपुर विधायक गोपीचंद मीणा और जिला पुलिस अधीक्षक सागर राणा के बीच तीखी नोकझोंक हुई थी. विधायक ने पुलिस पर बाहरी लोगों और हिस्ट्रीशीटर की गाड़ी को एस्कॉर्ट उपलब्ध कराने के आरोप लगाए. इसी दौरान अभद्र भाषा के इस्तेमाल को लेकर भी विवाद खड़ा हो गया था

विवाद बढ़ा तो विधायक गोपीचंद मीणा ने लिया यू-टर्न
लेकिन अब विधायक गोपीचंद मीणा अपने बयान पर सफाई देते नजर आ रहे हैं. उनके मुताबिक, वे शब्द बाहरी लोगों और माहौल खराब करने वाले कथित बदमाशों के लिए कहे गए थे. विधायक ने यह भी जोड़ा कि वे पुलिस प्रशासन का हमेशा सम्मान करते हैं और एसपी से उनकी बातचीत सम्मानपूर्वक हुई थी.

बहुमत के बावजूद ऐसे पलटा था प्रधान चुनाव का गणित
भीलवाड़ा की 16 पंचायत समितियों के प्रधान चुनावों ने जिले की राजनीति का पूरा समीकरण बदल दिया है. चुनाव से पहले 13 पंचायत समितियों में कांग्रेस के पास बहुमत था, जबकि भाजपा सिर्फ 3 पर आगे थी. सबसे ज्यादा चर्चा खजूरी पंचायत समिति की रही, जहां 15 में से 10 सदस्य कांग्रेस के और 5 भाजपा के जीते थे. स्पष्ट बहुमत होने के बावजूद प्रधान की कुर्सी भाजपा के खाते में चली गई.

दरअसल, प्रधान चुनाव वाले दिन मतदान केंद्र पहुंचने से पहले ही कांग्रेस के निर्वाचित सदस्यों की बस को ग्रामीणों ने रास्ते में रोक लिया. सड़क जाम कर दी गई, बस के शीशे तोड़े गए और जमकर हंगामा हुआ. इस दौरान विधायक गोपीचंद मीणा भी मौके पर मौजूद थे. हंगामे की वजह से कांग्रेस के सदस्य वोट डालने नहीं पहुंच सके. नतीजतन, सिर्फ 5 सदस्यों ने मतदान किया और भाजपा की आशा देवी मीणा प्रधान चुन ली गईं, जबकि कांग्रेस प्रत्याशी मीरा देवी मीणा को एक भी वोट नहीं मिला. इसके बाद कांग्रेस के नवनिर्वाचित सदस्यों ने देर रात तक धरना दिया, जिसमें कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव धीरज गुर्जर भी पहुंचे. बाद में एडिशनल एसपी राकेश आर्य की समझाइश पर धरना खत्म हुआ.

रामलाल जाट का पलटवार, कोर्ट जाने की चेतावनी
इस पूरे विवाद पर पूर्व राजस्व मंत्री और कांग्रेस देहात जिलाध्यक्ष रामलाल जाट ने भाजपा और विधायक पर तीखा हमला बोला है. उन्होंने इसे विधायक की बौखलाहट और जनादेश को स्वीकार न कर पाने की स्थिति बताया. रामलाल जाट ने कहा कि भीलवाड़ा की जनता ने कांग्रेस की रीति-नीति पर भरोसा जताते हुए जिला परिषद और पंचायत समितियों में 69 प्रतिशत सीटों पर जीत दिलाई है, लेकिन भाजपा इसे पचा नहीं पा रही है.

उन्होंने कहा कि खजूरी का घटनाक्रम लोकतंत्र को कमजोर करने वाला है. विधायक ने संविधान की शपथ ली है, इसलिए उन्हें लाठी-डंडों के दम पर जनादेश रोकने के बजाय उसका सम्मान करना चाहिए. जाट ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार प्रशासनिक अधिकारियों पर दबाव बना रही है और साम, दाम, दंड, भेद की नीति से जनादेश को प्रभावित करने की कोशिश कर रही है. उन्होंने यह भी कहा कि आज पुलिस प्रशासन की मुस्तैदी से उनका प्रधान और उपप्रधान निर्वाचित हुआ है, लेकिन अब सरकार से न्याय की उम्मीद नहीं है और वे इस मामले में न्यायालय का दरवाजा खटखटाएंगे.

फिलहाल बहुमत के बावजूद कांग्रेस की हार, बस में तोड़फोड़, बाहरी लोगों को एस्कॉर्ट देने के आरोप और अब विधायक की सफाई ने चुनावी प्रक्रिया और कानून व्यवस्था पर कई सवाल खड़े कर दिए हैं. भीलवाड़ा की सियासत में यह मामला चर्चा का बड़ा विषय बना हुआ है और अब सबकी नजरें पुलिस प्रशासन की आगे की कार्रवाई पर टिकी हैं.

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

ZEENEWS TRENDING STORIES