App

राजस्थान BJP का फर्जी नियुक्ति पत्र वायरल: लेटर में मदन राठौड़ के हस्ताक्षर, बारां जिलाध्यक्ष ने दर्ज कराई रिपोर्ट

Rajasthan News: बारां में भाजपा प्रदेश कार्यालय के नाम से जारी फर्जी नियुक्ति पत्र सोशल मीडिया पर वायरल होने से हड़कंप मच गया. पत्र में प्रवीण शर्मा को कार्यवाहक जिलाध्यक्ष बनाने का उल्लेख था. भाजपा जिलाध्याक्ष नरेश सिंह सिकरवार ने पत्र को फर्जी बताते हुए शहर कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई है.

राजस्थान BJP का फर्जी नियुक्ति पत्र वायरल: लेटर में मदन राठौड़ के हस्ताक्षर, बारां जिलाध्यक्ष ने दर्ज कराई रिपोर्ट
Image Credit: Zee Media

Rajasthan News: राजस्थान के भाजपा प्रदेश कार्यालय के नाम से जारी एक फर्जी कार्यालय आदेश के सोशल मीडिया पर वायरल होने से संगठन में हड़कंप मच गया. वायरल पत्र में प्रवीण शर्मा को भाजपा बारां का कार्यवाहक जिलाध्यक्ष नियुक्त किए जाने का उल्लेख किया गया है. पत्र पर प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ के हस्ताक्षर भी दर्शाए गए हैं और 7 अक्टूबर की तारीख लिखी हुई है.

शहर कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज

पत्र में संगठनात्मक आवश्यकताओं का हवाला देते हुए प्रवीण शर्मा को कार्यवाहक जिलाध्यक्ष पद पर नियुक्त करने की बात लिखी गई है. पत्र वायरल होने के बाद भाजपा कार्यकर्ताओं में असमंजस की स्थिति बन गई और इसकी सत्यता को लेकर चर्चाएं शुरू हो गईं. मामला सामने आने के बाद भाजपा जिलाध्यक्ष नरेश सिंह सिकरवार ने इसे पूरी तरह फर्जी बताते हुए शहर कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई है.

भाजपा जिलाध्यक्ष ने पत्र को बताया फर्जी

भाजपा जिलाध्यक्ष नरेश सिंह सिकरवार ने पत्र को फर्जी बताते हुए कहा कि प्रदेश कार्यालय की ओर से ऐसा कोई आदेश जारी नहीं किया गया है. उन्होंने आरोप लगाया कि फर्जी पत्र के जरिए पार्टी की छवि को नुकसान पहुंचाने और संगठन में भ्रम की स्थिति पैदा करने का प्रयास किया गया है. वहीं कोतवाली सीआई हीरालाल पूनिया ने बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर वायरल पत्र के स्रोत और उसे सोशल मीडिया पर प्रसारित करने वालों के संबंध में जांच शुरू कर दी है.

पढ़ें एक और बड़ी खबर

अलवर में जिला परिषद और पंचायत चुनावों में टिकिट मांगने वालों की भीड़ आज नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली के कार्यालय 21 मोती डूंगरी पर पहुंची, यहां जूली ने कहा कि भाजपा द्वारा निकाय चुनाव बेईमानी से जीता गया, लेकिन इस बार ईंट का जवाब पत्थर से मिलेगा.

नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने पंचायती राज और नगर निकाय चुनावों को लेकर भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए चुनाव प्रक्रिया में देरी, नामांकन और मतदान के बीच लंबे अंतराल तथा सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन पर सवाल उठाए. उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार की मंशा पर सवाल खड़े हो रहे हैं और कांग्रेस इस बार चुनाव में किसी भी तरह की गड़बड़ी बर्दाश्त नहीं करेगी. इस चुनाव में हम ईंट का जवाब पत्थर से देंगे, जो भी बेईमानी करेगा, गड़बड़ी करेगा, उसको लोग पेड़ों पर बांध देंगे.

जूली ने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ताओं में चुनाव को लेकर उत्साह है और जनता को कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में किए गए काम याद आ रहे हैं. पंचायती राज व्यवस्था के इतिहास का उल्लेख करते हुए कहा कि पंडित जवाहरलाल नेहरू ने राजस्थान के नागौर से पंचायती राज व्यवस्था की शुरुआत की थी. वहीं पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी ने 73वें और 74वें संविधान संशोधनों के माध्यम से पंचायती राज संस्थाओं और नगर निकायों को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की. उन्होंने कहा कि स्थानीय स्वशासन लोकतंत्र की बुनियाद है और इसे मजबूत बनाए रखना जरूरी है.

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Aman Singh

Aman Singh

जून 2023 से ज़ी राजस्थान के साथ कार्यरत अमन लगातार अपनी क्रिएटिविटी और प्रोफेशनल स्किल्स के जरिए पाठकों तक तेज, सटीक और भरोसेमंद खबरें पहुंचा रहे हैं. वे उत्तर प्रदेश के जौनपुर जिले के रहने वाले हैं, अमन ने जौनपुर से ही अपनी इंटरमीडिएट तक की शिक्षा पूरी की. इसके बाद उन्होंने चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय मेरठ से मास कम्युनिकेशन में ग्रेजुएशन किया. डिजिटल पत्रकारिता में गहरी समझ, तेज खबर पकड़ने की क्षमता के कारण अमन सिंह एक उभरते हुए और भरोसेमंद मीडिया प्रोफेशनल के रूप में तेजी से अपनी पहचान बना रहे हैं.
Read More