App

सपोटरा में 4 दिन से सफाई कर्मचारियों की हड़ताल: नगर पालिका अध्यक्ष सपना देवी ने संभाली कमान, सड़क पर खुद लगाई झाड़ू

Karauli News: करौली के सपोटरा में सफाई कर्मचारियों की 4 दिन से जारी हड़ताल के बीच नगर पालिका अध्यक्ष सपना देवी ने खुद सड़क पर झाड़ू लगाकर सफाई कार्य शुरू करवाया. कर्मचारियों ने दो महीने का बकाया वेतन सहित अन्य मांगों को लेकर सफाई कार्य का विरोध किया.

सपोटरा में 4 दिन से सफाई कर्मचारियों की हड़ताल: नगर पालिका अध्यक्ष सपना देवी ने संभाली कमान, सड़क पर खुद लगाई झाड़ू
Image Credit: Zee Media

Karauli News: राजस्थान के करौली के सपोटरा में सफाई कर्मचारियों की हड़ताल के बीच नगर पालिका अध्यक्ष सपना देवी खुद मैदान में उतर आईं. शहर की बिगड़ती सफाई व्यवस्था को दुरुस्त करने और आमजन को गंदगी से राहत दिलाने के लिए अध्यक्ष सपना देवी ने खुद झाड़ू लगाकर सफाई कार्य की शुरुआत की, लेकिन जैसे ही हड़ताल के बीच शहर में सफाई कार्य शुरू होने की जानकारी सफाई कर्मचारियों को मिली, तो उन्होंने मौके पर पहुंचकर विरोध जताना शुरू कर दिया. देखते ही देखते मामला गरमा गया और स्थिति को संभालने के लिए पुलिस प्रशासन को मोर्चा संभालना पड़ा.

इन मांगों को लेकर सफाई कर्मचारी लगातार कर रहे कार्य बहिष्कार

दरअसल, सपोटरा नगर पालिका में सफाई कर्मचारी पिछले चार दिनों से हड़ताल पर हैं. कर्मचारियों का आरोप है कि उन्हें दो माह का बकाया वेतन नहीं मिला है, जबकि ऑटो टीपर चालकों का करीब 20 माह का वेतन बकाया है. कर्मचारियों का यह भी कहना है कि ठेकेदार द्वारा समय पर वेतन का भुगतान नहीं किया जाता और पीएफ एवं ईएसआई की राशि उनके खातों में जमा नहीं करवाई जाती है. इसके अलावा कर्मचारियों ने अनुभव प्रमाण पत्र जारी नहीं किए जाने की भी समस्या उठाई है. इन्हीं मांगों को लेकर सफाई कर्मचारी लगातार कार्य बहिष्कार कर रहे हैं. चार दिनों से सफाई कार्य प्रभावित होने के कारण शहर में गंदगी की समस्या बढ़ने लगी है, जिससे आमजन को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है.

मौके पर पहुंच सफाई कार्य का जताया विरोध

इधर, शहरवासियों को गंदगी से राहत दिलाने के उद्देश्य से नगर पालिका अध्यक्ष सपना देवी ने अन्य सफाई कर्मियों के माध्यम से सफाई कार्य शुरू करवाया. इसकी जानकारी मिलते ही हड़ताल कर रहे सफाई कर्मचारी मौके पर पहुंच गए और सफाई कार्य का विरोध जताया. कर्मचारियों ने स्पष्ट कहा कि जब तक उनकी वेतन सहित अन्य मांगों का समाधान नहीं होता है, तब तक सफाई कार्य शुरू नहीं किया जाना चाहिए.

नगर पालिका अध्यक्ष ने सड़क पर लगाई झाड़ू

विरोध के दौरान महिला सफाई कर्मचारियों ने बाजार में भी अपनी नाराजगी जताई. मौके पर स्थिति को देखते हुए सपोटरा थाना अधिकारी अबजीत मीणा पुलिस जाब्ते के साथ पहुंचे और कर्मचारियों से समझाइश कर स्थिति को संभालने का प्रयास किया. नगर पालिका अध्यक्ष सपना देवी ने शहर की सफाई व्यवस्था को सुचारु बनाने के लिए खुद सड़क पर उतरकर झाड़ू लगाई. उनके इस कदम की स्थानीय लोगों ने सराहना की. हालांकि, सफाई कर्मचारियों की हड़ताल और बकाया वेतन से जुड़ी मांगों का समाधान होना अभी भी अहम मुद्दा बना हुआ है.

Reporter- Ashish Chaturvedi

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Aman Singh

Aman Singh

जून 2023 से ज़ी राजस्थान के साथ कार्यरत अमन लगातार अपनी क्रिएटिविटी और प्रोफेशनल स्किल्स के जरिए पाठकों तक तेज, सटीक और भरोसेमंद खबरें पहुंचा रहे हैं. वे उत्तर प्रदेश के जौनपुर जिले के रहने वाले हैं, अमन ने जौनपुर से ही अपनी इंटरमीडिएट तक की शिक्षा पूरी की. इसके बाद उन्होंने चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय मेरठ से मास कम्युनिकेशन में ग्रेजुएशन किया. डिजिटल पत्रकारिता में गहरी समझ, तेज खबर पकड़ने की क्षमता के कारण अमन सिंह एक उभरते हुए और भरोसेमंद मीडिया प्रोफेशनल के रूप में तेजी से अपनी पहचान बना रहे हैं.
Read More