)
अलवर के रामगढ़ थाना क्षेत्र के नयाबास गांव में चुनावी रंजिश और कथित मानसिक प्रताड़ना से परेशान होकर 32 वर्षीय युवक द्वारा आत्महत्या करने का मामला सामने आया है. शुक्रवार देर शाम हुई घटना के बाद शनिवार को मृतक के परिजनों और ग्रामीणों ने रामगढ़ उपजिला अस्पताल के बाहर धरना देकर विरोध जताया.
परिजनों ने आरोपियों की गिरफ्तारी, मामले की निष्पक्ष जांच और पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा देने की मांग की. पुलिस की समझाइश के बाद परिजनों ने मृतक के भाई की रिपोर्ट सौंपी, जिसके आधार पर मामला दर्ज कर मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम करवाया गया.
प्रताड़ित करने और धमकियां देने का आरोप
मृतक के भाई हरिसिंह ने रामगढ़ थाने में दी रिपोर्ट में गांव के नवल किशोर मीणा पुत्र श्रीराम उर्फ सरिया सहित 8 से 10 अन्य लोगों पर उसके भाई मानसिंह को मानसिक रूप से प्रताड़ित करने और धमकियां देने के आरोप लगाए हैं.
पंचायत चुनाव के बाद गांव में बढ़ा विवाद
रिपोर्ट के अनुसार, हाल ही में नयाबास ग्राम पंचायत में पंचायत चुनाव संपन्न हुए थे. आरोप है कि चुनाव में एक प्रत्याशी की जीत के बाद नवल किशोर मीणा ने अपने साथियों के साथ मिलकर गांव का माहौल बिगाड़ने और हंगामा करवाने में भूमिका निभाई. इसके बाद 25 अक्टूबर 2026 को रामगढ़ थाने में दर्ज एक एफआईआर में मृतक मानसिंह सहित गांव के करीब 12 लोगों को नामजद किया गया था.
धमकियों से परेशान रहने का आरोप, गांव छोड़कर बाहर रहने को हुआ मजबूर
मृतक के भाई का आरोप है कि एफआईआर में नाम आने के बाद से ही नवल किशोर मीणा उसके भाई को बर्बाद करने की धमकियां दे रहा था. इससे मानसिंह मानसिक तनाव में रहने लगा और उसे गांव से बाहर रहने के लिए मजबूर होना पड़ा. परिजनों के अनुसार, 5 नवंबर को मानसिंह घर लौटा था, लेकिन अगले दिन फिर उसे पुलिस में शिकायत करने और गांव में चैन से नहीं रहने देने की धमकी दी गई. आरोप है कि इन परिस्थितियों से परेशान होकर मानसिंह ने घर पर आत्महत्या कर ली.
अस्पताल के बाहर धरने पर बैठे परिजन और ग्रामीण
घटना के बाद शनिवार को बड़ी संख्या में परिजन और ग्रामीण रामगढ़ उपजिला अस्पताल के बाहर धरने पर बैठ गए. धरने की सूचना पर थाना अधिकारी अजीत सिंह बड़सरा पुलिस जाब्ते के साथ मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों से समझाइश की. इसके बाद मृतक के भाई ने पुलिस को लिखित रिपोर्ट सौंपी. पुलिस ने रिपोर्ट के आधार पर मामला दर्ज कर मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम करवाया और शव परिजनों को सौंप दिया.
परिवार ने प्रशासन से लगाई न्याय की गुहार
मृतक मानसिंह शादीशुदा था और उसके एक बेटा और एक बेटी हैं. वह खेती-बाड़ी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करता था. उसकी मौत के बाद परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है. परिजनों ने एसडीएम को ज्ञापन सौंपकर मामले की निष्पक्ष जांच, आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और परिवार को उचित मुआवजा दिलाने की मांग की है. थाना अधिकारी अजीत सिंह बड़सरा ने बताया कि मृतक के भाई की रिपोर्ट के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है. पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है.
Report-Jugal Gandhi