App

27 लाख लोगों पर भारत का एक सांसद, अमेरिका-जर्मनी में कितनी आबादी पर एक प्रतिनिधि? 20 बड़े लोकतंत्रों के आंकड़े देखिए

भारत में एक सांसद औसतन 27.24 लाख लोगों का प्रतिनिधित्व करता है. जानिए दुनिया के 20 बड़े लोकतंत्रों में भारत की स्थिति और परिसीमन से क्या बदलेगा.

27 लाख लोगों पर भारत का एक सांसद, अमेरिका-जर्मनी में कितनी आबादी पर एक प्रतिनिधि? 20 बड़े लोकतंत्रों के आंकड़े देखिए
Image Credit: परिसीमन की चर्चा के बीच 20 लोकतंत्र बनाम भारत

पिछले कई दिनों से भारत की राजनीति में 'परिसीमन' फिर चर्चा का विषय बन गया है. इसके तहत लोकसभा में 543 से बढ़ाकर 800 से अधिक करने का प्रस्ताव है. इसके पीछे एक बड़ी दलील यह है कि बढ़ती आबादी के अनुपात में लोगों को संसद में प्रतिनिधित्व मिलना चाहिए, लेकिन क्या आपने कभी सोचा है कि भारत में एक सांसद के हिस्से कितने लोगों का प्रतिनिधित्व आता है और दुनिया के दूसरे लोकतांत्रिक देशों में यह आंकड़ा कितना है?

अमेरिकी थिंक टैंक प्यू रिसर्च सेंटर की एक रिपोर्ट इस सवाल का दिलचस्प जवाब देती है. इसके मुताबिक, भारत में एक सांसद औसतन 27.24 लाख लोगों का प्रतिनिधित्व करता है. यह तादाद अमेरिका, ब्रिटेन, जापान और जर्मनी जैसे बड़े लोकतंत्रों से बहुत ज्यादा है. आखिर दुनिया के 20 प्रमुख लोकतंत्रों में भारत की स्थिति क्या है और परिसीमन के बाद प्रतिनिधित्व का यह गणित कितना बदल सकता है? समझते हैं.

20 बड़े लोकतांत्रिक देश: आबादी और प्रति सांसद प्रतिनिधित्व
रैंकदेशकुल आबादीप्रति सांसद आबादी
1भारत1.48 अरब27.2 लाख
2अमेरिका34.9 करोड़8.0 लाख
3ब्राजील21.4 करोड़4.2 लाख
4फिलीपींस11.7 करोड़3.7 लाख
5कोलंबिया5.5 करोड़2.9 लाख
6पेरू3.5 करोड़2.7 लाख
7जापान12.2 करोड़2.6 लाख
8ताइवान2.3 करोड़2.0 लाख
9ऑस्ट्रेलिया2.7 करोड़1.8 लाख
10अर्जेंटीना4.6 करोड़1.8 लाख
11दक्षिण कोरिया5.2 करोड़1.7 लाख
12मलेशिया3.6 करोड़1.6 लाख
13दक्षिण अफ्रीका6.5 करोड़1.6 लाख
14इटली5.9 करोड़1.5 लाख
15स्पेन4.8 करोड़1.4 लाख
16जर्मनी8.4 करोड़1.3 लाख
17घाना3.6 करोड़1.3 लाख
18चिली2.0 करोड़1.3 लाख
19नीदरलैंड1.8 करोड़1.2 लाख
20इक्वाडोर1.8 करोड़1.2 लाख

30 सितंबर को पेश होगा बिल

केंद्र सरकार 30 नवंबर 2026 को लोकसभा में परिसीमन से जुड़े तीन अहम विधेयक पेश करने जा रही है. इनमें संविधान (132वां संशोधन) विधेयक, 2026, परिसीमन (दूसरा) विधेयक, 2026 और केंद्रशासित प्रदेश कानून (संशोधन) दूसरा विधेयक, 2026 शामिल हैं. इन विधेयकों के जरिए लोकसभा की सीटों में 50 फीसदी तक बढ़ोतरी कर अधिकतम संख्या 850 करने और महिलाओं को 33 फीसदी आरक्षण देने का प्रस्ताव है. संसद का विशेष सत्र 30 नवंबर से 3 दिसंबर तक चलेगा.

1970 में परिसीमन को लेकर क्या हुआ था

बता दें कि आजादी के बाद भारत में यह व्यवस्था थी कि हर जनगणना के बाद लोकसभा और विधानसभा क्षेत्रों का परिसीमन किया जाएगा. इसका मकसद था कि आबादी बढ़ने के साथ हर क्षेत्र को उचित प्रतिनिधित्व मिल सके, लेकिन 1970 के दशक तक सरकार के सामने एक नई चुनौती खड़ी हो गई थी. देश में परिवार नियोजन अभियान चल रहा था और सरकार चाहती थी कि राज्य जनसंख्या वृद्धि को नियंत्रित करें. ऐसे में आशंका जताई गई कि अगर हर जनगणना के बाद लोकसभा सीटों का बंटवारा नई आबादी के आधार पर किया गया, तो जिन राज्यों ने जनसंख्या नियंत्रण में बेहतर प्रदर्शन किया है, उनकी संसद में सीटें कम हो सकती हैं. इसके उलट, जिन राज्यों में आबादी तेजी से बढ़ी है, उनकी सीटें बढ़ जातीं. इसे जनसंख्या नियंत्रण के लिए अच्छा प्रदर्शन करने वाले राज्यों को दंडित करने जैसा माना गया.

2001 की जनगणना के आधार पर बदले गए निर्वाचन क्षेत्र

इसी वजह से इंदिरा गांधी सरकार ने 1976 में 42वां संविधान संशोधन किया. इसके जरिए संविधान के अनुच्छेद 81 और 82 में बदलाव कर लोकसभा में राज्यों की सीटों के आवंटन को 1971 की जनगणना के आंकड़ों पर स्थिर कर दिया गया. यह रोक शुरुआत में 2001 के बाद होने वाली पहली जनगणना के आंकड़े प्रकाशित होने तक के लिए थी. यानी इसके बाद भी जनसंख्या बढ़ती रही, लेकिन राज्यों के बीच लोकसभा सीटों का अनुपात उसी आधार पर बना रहा. ध्यान देने वाली बात यह है कि 1976 के फैसले का मतलब यह नहीं था कि निर्वाचन क्षेत्रों की सीमाओं में कोई बदलाव ही नहीं हो सकता. बाद में 2001 की जनगणना के आधार पर निर्वाचन क्षेत्रों की सीमाएं बदली गईं, लेकिन राज्यों के बीच लोकसभा सीटों का कुल बंटवारा पुराने आधार पर ही रखा गया.

साल 2001 में अटल बिहारी वाजपेयी सरकार ने 84वें संविधान संशोधन के जरिए इस रोक को आगे बढ़ाकर 2026 के बाद होने वाली पहली जनगणना के आंकड़े सामने आने तक कर दिया. इस तरह 1971 की जनगणना के आधार पर राज्यों के बीच सीटों का अनुपात लंबे समय तक कायम रहा. हालांकि, 87वें संविधान संशोधन ने 2001 की जनगणना के आधार पर निर्वाचन क्षेत्रों की सीमाएं फिर से तय करने की अनुमति दी. इसी प्रक्रिया के बाद 2008 में परिसीमन आयोग के आदेश लागू हुए. इसलिए आज की स्थिति को समझने के लिए दो बातें अलग-अलग याद रखनी जरूरी हैं: राज्यों के बीच लोकसभा सीटों का बंटवारा 1971 की जनगणना पर आधारित रहा, जबकि निर्वाचन क्षेत्रों की सीमाएं 2001 की जनगणना के आधार पर बदली गईं.

 

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Tahir Kamran

Tahir Kamran

Zee News में नेशनल डेस्क पर देश–विदेश और राजनीति से जुड़ी खबरें लिखते हैं. करियर का आगाज 2015 से 'पंजाब केसरी' ग्रुप के उर्दू अखबार ‘हिंद समाचार’ से किया, जहां वे कंटेट राइटर से पेज डिजाइनर तक पहुंचे. इसके बाद उर्दू, हिंदी और पंजाबी - तीनों भाषाओं में काम करने का मौका मिला. 2018 में डिजिटल की तरफ कूच करते हुए पंजाब केसरी ग्रुप की उर्दू वेबसाइट की लॉन्चिंग टीम का नेतृत्व किया. इसके बाद 2020 में 'Zee Salaam' ज्वाइन किया, यहां भी वेबसाइट को लॉन्च करने के साथ-साथ तीन साल टीम का नेतृत्व भी किया. इसी दौरान ZEE Delhi NCR वेबसाइट भी लॉन्च हुई, जिसमें उनका अहम योगदान रहा. 2023 में India Daily Live की लॉन्चिंग टीम के साथ काम किया और शुरुआती दिनों में हिंदी के अलावा पंजाबी, तमिल, तेलुगु और गुजराती वेबसाइट टीमों को मैनेज किया. अक्टूबर 2024 में फिर से Zee Media में में वापसी करते हुए नेशनल टीम का हिस्सा बने. तकनीक में दिलचस्पी की वजह से उन्होंने React.js और वेब डिजाइनिंग सीखी. यही कारण है कि उनकी खबरों में HTML-CSS के छोटे-छोटे ग्राफिक्स दिख जाते हैं, जो मुश्किल बातों को भी आसान बना देते हैं. करियर की शुरुआत में कुछ दिनों तक फोटो स्टूडियो में भी काम किया, जहां कैमरा, Adobe Photoshop और ग्राफिक डिजाइनिंग सीखी, जो आज भी उनके डिजिटल काम में मदद करता है. उर्दू शायरी से प्यार अलग ही है. ग़ज़लें, नज़्में, गीत भी लिखते हैं और कई अखबारों में उनकी शायरी छप भी चुकी हैं. राहत इंदौरी, मुनव्वर राणा, अनवर जलालपुरी खुशबीर सिंह शाद और नवाज देवबंदी, माजिद देवबंदी  जैसे शायरों के इंटरव्यू व बातचीत का अनुभव भी उनके पास है. आप tahir.kamran@india.com पर सीधे ईमेल या फिर नीचे X और Facbook से जुड़ सकते हैं. 
Read More

ट्रेंडिंग

  • न्यूज़
  • फोटो
  • वीडियो