)
पंजाब सरकार ने राज्य के औद्योगिक विकास को गति देने और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर स्थानीय उत्पादों की साख मजबूत करने के लिए एक बड़ा कदम उठाया है. राज्य के उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री अमन अरोड़ा के अनुसार, पंजाब के औद्योगिक इकोसिस्टम और वैश्विक क्षमताओं को बढ़ावा देने के लिए 'नेशनल टेस्ट हाउस' (NTH) के साथ साझेदारी की गई है.
इस समझौते का मुख्य उद्देश्य पंजाब के सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यमों (MSMEs) और निर्यातकों को विश्वस्तरीय परीक्षण और प्रमाणन (Testing and Certification) की सुविधाएं उनके नजदीकी औद्योगिक क्षेत्रों में ही उपलब्ध कराना है. इससे उत्पादों की जांच में लगने वाले समय और लागत दोनों में बड़ी कमी आएगी.
पंजाब के उद्योग एवं वाणिज्य विभाग और उपभोक्ता मामले मंत्रालय के अधीन आने वाले NTH के बीच यह ऐतिहासिक साझेदारी बेंगलुरु में NTH के 115वें स्थापना दिवस समारोह के दौरान हुई. पंजाब की ओर से उद्योग एवं वाणिज्य विभाग के निदेशक श्री जसप्रीत सिंह और NTH की तरफ से महानिदेशक डॉ. आलोक कुमार श्रीवास्तव ने समझौते के दस्तावेजों का आदान-प्रदान किया.
इस साझेदारी के तहत जालंधर स्थित नॉर्थर्न इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ फैशन टेक्नोलॉजी (NIIFT) में एक अत्याधुनिक NTH लैब स्थापित की जाएगी. यह नई लैब लुधियाना, अमृतसर और जालंधर जैसे प्रमुख औद्योगिक केंद्रों की जरूरतों को पूरा करेगी.
यह लैब पंजाब के कई मुख्य क्षेत्रों के लिए वरदान साबित होगी, जिनमें शामिल हैं
उद्योग मंत्री ने जानकारी दी कि NTH अब पारंपरिक परीक्षणों से आगे बढ़कर नए और उभरते क्षेत्रों में भी अपनी सेवाएं दे रहा है. इसमें ड्रोन प्रमाणन (Drone Certification), इलेक्ट्रिक व्हीकल (EV) बैटरी परीक्षण और ऑर्गेनिक फूड टेस्टिंग जैसी आधुनिक सुविधाएं शामिल हैं. अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुसार जांच करने की NTH की क्षमता पंजाब के विनिर्माण क्षेत्र की प्रतिस्पर्धी क्षमता को कई गुना बढ़ा देगी.
कैबिनेट मंत्री अमन अरोड़ा ने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत मान के नेतृत्व में राज्य सरकार पंजाब को एक मजबूत विनिर्माण और गुणवत्ता केंद्र बनाने के लिए प्रतिबद्ध है. उन्होंने बताया कि जब स्थानीय उद्यमों को अपने शहर के पास ही अंतरराष्ट्रीय स्तर की टेस्टिंग सुविधाएं मिलेंगी, तो उत्पाद निर्माण का समय घटेगा और गुणवत्ता में सुधार होगा.
इस तालमेल से पंजाब के एमएसएमई और निर्यातक राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय गुणवत्ता मानकों पर आसानी से खरे उतर सकेंगे. इससे न केवल अनुपालन लागत (Compliance Cost) कम होगी, बल्कि पंजाब के स्थानीय उत्पाद वैश्विक बाजारों में अधिक आत्मविश्वास और मजबूती के साथ प्रतिस्पर्धा कर सकेंगे.