)
महाकाल नगरी उज्जैन में शुक्रवार को जुम्मे की नमाज शांतिपूर्ण तरीके से अदा कराई गई. इसको लेकर पूरे शहर में पुलिस-प्रशासन ने मुस्तैदी के साथ सुरक्षा व्यवस्था के खास इंतजाम किए थे. वहीं पूरे शहर में चप्पे-चप्पे पर 2000 से ज्यादा पुलिस जवानों को तैनात किया गया था. संवेदनशील इलाकों, प्रमुख चौराहों, मस्जिदों के आसपास अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया, जबकि ड्रोन और CCTV कैमरों के जरिए पूरे इलाके की निगरानी की गई.
पुलिस की मुस्तैदी के चलते शुक्रवार को जुम्मे की नमाज शहर की अलग-अलग मस्जिदों में शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुई. पुलिस और प्रशासन के अधिकारियों के मुताबिक, नमाज के दौरान कहीं भी कानून व्यवस्था की स्थिति नहीं बिगड़ी. बाजार सामान्य रूप से खुले रहे. साथ ही जनजीवन भी सामान्य रहा.
शांति बनाए रखने की अपील
पुलिस अधीक्षक प्रदीप शर्मा ने बताया कि पुलिस लगातार मुस्लिम समाज के धर्मगुरुओं, सदर और इमामों के संपर्क में थी. धर्मगुरुओं की ओर से भी लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की गई. एसपी ने कहा कि शाही मस्जिद के हिस्से को हटाने के दौरान हुई घटना एक दुर्घटना थी. मस्जिद कमेटी की ओर से संबंधित कार्य लगातार जारी है.
सीसीटीवी से की निगरानी
एसपी प्रदीप शर्मा ने आगे बताया कि एहतियात के तौर पर शहर के सभी प्रमुख चौराहों और मस्जिदों पर पुलिस बल तैनात किया गया था. ड्रोन और CCTV के जरिए पूरे क्षेत्र को कवर किया गया. उन्होंने कहा कि फिलहाल सभी जगह स्थिति सामान्य है. बाजार भी सामान्य रूप से खुले हैं.
कई कंटेट हटवाए गए हैं
उन्होंने जानकारी देते हुए बताया कि पुलिस सोशल मीडिया की लगातार मॉनिटरिंग कर रही है. पिछले दिनों भ्रामक और आपत्तिजनक कंटेंट प्रसारित करने वाले कई सोशल मीडिया अकाउंट को ट्रेस किया गया है. इसके अलावा, कई कंटेंट हटवाए गए हैं. अब भी इस तरह का भड़काऊ कंटेंट प्रसारित करने की कोशिश करने वालों की पहचान कर उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी.
कानून व्यवस्था पर नियंत्रण
वहीं, कलेक्टर रौशन कुमार सिंह ने कहा कि कानून व्यवस्था पूरी तरह नियंत्रण में है. जनजीवन सामान्य है. उन्होंने बताया कि शुक्रवार को जुम्मे की नमाज सभी जगह शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुई. एहतियात के तौर पर पुलिस बल की तैनाती की गई थी, जिससे शांति व्यवस्था बनी रहे.
कलेक्टर की लोगों से अपील
कलेक्टर ने लोगों से अफवाहों और भ्रामक खबरों से बचने की अपील की. उन्होंने खास तौर पर सोशल मीडिया पर प्रसारित किए जा रहे AI जनरेटेड फोटो और वीडियो को लेकर लोगों को सावधान किया. उन्होंने कहा कि इस तरह के विजुअल के जरिए माहौल खराब करने की कोशिश की जा सकती है, इसलिए बिना पुष्टि किसी भी सामग्री पर भरोसा या उसे शेयर न करें.
सोशल मीडिया पर निगरानी
कलेक्टर ने आगे कहा कि सोशल मीडिया पर लगातार निगरानी रखी जा रही है. माहौल खराब करने की कोशिश करने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी. प्रशासन ने कहा कि शांति व्यवस्था बनाए रखने में सभी समुदायों और धर्मगुरुओं का सहयोग मिल रहा है. अधिकारियों ने लोगों से अपील की है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें. किसी भी संदिग्ध या भ्रामक जानकारी की पुष्टि आधिकारिक माध्यमों से ही करें. (रिपोर्टः अनिमेष सिंह, उज्जैन)