App

जिसे समझा हमसफर, वही निकला धोखेबाज...स्कूली छात्रा की हत्या का एमपी-यूपी-राजस्थान कनेक्शन, जानिए पूरी कहानी

मध्य प्रदेश के रतलाम में रेलवे ट्रैक पर राजस्थान की स्कूली छात्रा का शव मिलने से सनसनी फैल गई. शुरुआती जांच में विकास यादव पर हत्या का आरोप सामने आया. पुलिस के मुताबिक, आरोपी छात्रा को रतलाम लाया था. बाद में गिरफ्तार कर लिया गया.

जिसे समझा हमसफर, वही निकला धोखेबाज...स्कूली छात्रा की हत्या का एमपी-यूपी-राजस्थान कनेक्शन, जानिए पूरी कहानी
Image Credit: ZEE NEWS

एक स्कूली छात्रा प्रेमजाल में फंसकर हत्या का शिकार हो गई. आरोपी ने उसे जीवनसाथी बनकर जीवनभर साथ रहने का सपना दिखाया. इसके बाद उसे भगाकर ले गया. उसकी अस्मत लूटने के बाद हत्या कर दी. छात्रा प्रेमी की खाल में छिपे दरिंदे की हैवानियत को भांप नहीं पाई और उसके प्यार के मायाजाल में फंस गई. इस मायाजाल की कहानी सुनकर हर कोई दंग रह जा रहा है.

दरअसल, मध्य प्रदेश के रतलाम जिले में 10 अक्टूबर को जीआरपी थाना इलाके में रेलवे ट्रैक पर एक अज्ञात युवती का शव मिलने से हड़कंप मच गया. मृतका की पहचान राजस्थान के बांसवाड़ा जिले की रहने वाली स्कूली छात्रा के रूप में हुई. शुरुआती जांच में खुलासा हुआ है कि छात्रा को विकास यादव नाम का युवक प्रेमजाल में फंसाकर राजस्थान से रतलाम लेकर आया था.

यूनिफॉर्म भी बरामद हुई
मिली जानकारी के मुताबिक, 9 अक्टूबर को आरोपी विकास यादव छात्रा को स्कूल के बाद अपने साथ लेकर रतलाम पहुंचा था, जहां दोनों स्टेशन रोड की एक गली में स्थित महाकाली होटल में ठहरे थे. वहां आरोपी ने कमरा नंबर दो लिया था. जांच में यह भी पता चला कि होटल में युवती ने अपनी स्कूल यूनिफॉर्म बदली थी. मौके से उसका स्कूल बैग और यूनिफॉर्म भी बरामद हुई है.

आरोपी मौके से फरार हुआ
इसके बाद देर रात दोनों होटल से निकले और रेलवे ट्रैक के सुनसान इलाके में पहुंचे. शुरुआती जांच के मुताबिक, युवती शादी की जिद कर रही थी, लेकिन आरोपी शादी करने से इनकार कर रहा था. पता चला है कि इसी विवाद के बाद आरोपी विकास यादव ने गुस्से में आकर छात्रा की हत्या कर दी. आरोपी मौके से फरार हो गया.

परिजनों ने की थी शिकायत
वहीं, जब बांसवाड़ा में परिजनों ने छात्रा की गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई, तो इसी के आधार पर रतलाम जीआरपी ने शव की फोटो अलग-अलग थानों में भेजी. इसके बाद युवती की पहचान हुई. राजस्थान पुलिस ने आरोपी विकास यादव को गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस आरोपी को रतलाम लेकर आई. घटनास्थल और होटल में भी जांच कर चुकी है.

12 अक्टूबर को मिली सूचना
जीआरपी थाना प्रभारी सोहन पाटीदार ने बताया कि 12 अक्टूबर को बांसवाड़ा के थाना घाटोल से युवती की गुमशुदगी की सूचना मिली थी. इसके लिए राजस्थान पुलिस यहां आई थी. इस मामले में आरोपी से पूछताछ के दौरान उसने गला दबाकर हत्या करने की बात कबूल की. इसके बाद शव को नाली में पटक दिया था. उन्होंने बताया कि घटनास्थल से थोड़ी दूरी पर लड़की का स्कूल बैग फेंका गया था, जिसे भी बरामद कर लिया गया.

(रिपोर्टः चंद्रशेखर सोलंकी, रतलाम)
 

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

Manish Kushawah

Manish Kushawah

मनीष कुशवाह डिजिटल पत्रकार हैं, जिन्हें टीवी और डिजिटल मीडिया में 5 वर्षों से अधिक का अनुभव है. वर्तमान में वे Zee News (MP-CG) की डिजिटल टीम में सब-एडिटर के रूप में काम कर रहे हैं. मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ की राजनीति, क्राइम, कृषि व्यवस्था और ग्रामीण (हाइपरलोकल) सरोकारों से जुड़ी खबरों की गहराई से कवरेज करना उनकी एक्सपर्टीज है.नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ मास कम्युनिकेशन (NIMC) से पत्रकारिता में डिप्लोमा पूरा करने के बाद मनीष ने मीडिया जगत में अपना सफर शुरू किया. ज़ी न्यूज़ से पहले उन्होंने News18 Hindi (Local18), इंडिया न्यूज़ और जनता टीवी जैसे प्रमुख समाचार चैनलों और डिजिटल प्लेटफॉर्म्स में काम किया है. इस दौरान उन्होंने न्यूज़ प्लानिंग, कंटेंट आइडिएशन और डेस्क मैनेजमेंट की अहम जिम्मेदारियां संभाली हैं. वे खबरों की प्रामाणिकता और ग्राउंड रियलिटी को प्राथमिकता देते हैं, ताकि पाठकों तक सटीक और भरोसेमंद जानकारी पहुंचे.मनीष कुशवाह से आप Manish2.Kumar@india.com पर ईमेल के माध्यम से संपर्क कर सकते हैं. इसके अलावा, एक्स (ट्विटर) और फेसबुक के जरिए भी उनसे सीधा संवाद कर सकते हैं.
Read More