देश से मानसून की विदाई हो चुकी है. इसके बावजूद भी एमपी में बारिश का दौर लगातार जारी है. मौसम में लगातार हो रहे बदलाव के चलते प्रदेश के कई शहरों में रुक-रुककर बौछारें सी गिर रही हैं. मंगलवार-बुधवार को प्रदेश के भोपाल, इंदौर, नर्मदापुरम, उज्जैन, ग्वालियर, सागर, संभागों के जिलों में कहीं-कहीं बारिश दर्ज की गई. बाकी सभी संभागों के जिलों में मौसम शुष्क रहा है.
मौसम विभाग से मिली जानकारी के मुताबिक, पिछले 24 घंटों के दौरान अधिकतम तापमानों में सभी संभागों के जिलों में खास परिवर्तन देखने को नहीं मिला है. बता दें कि चंबल संभाग के जिलों में तापमान 2.7°C तक कम रहा है. वहीं जबलपुर संभाग के जिलों में भी 1.9 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ा हुआ दर्ज किया गया है. साथ ही रीवा संभाग में 2.5°C तक तापमान गिरा हुआ है. बाकी सभी संभागों के जिलों में कुछ बदलाव नजर नहीं आया है.
गैरतगंज 29.0 मिमी, खंडवा 24 मिमी, उदयनगर 20 मिमी, भीकनगांव 16 मिमी, हरदा 8.9 मिमी, सरदारपुर 8.0, बड़नगर 7.0 मिमी, आगर 5.0 मिमी, मकसूदनगढ़ 5.0 मिमी, उज्जैन 4 मिमी दर्ज की गई है.
मौसम विभाग का कहना है कि प्रदेश में आने वाले दिनों में मौसम बदलने की संभावना है. प्रदेश के ऊपर सीधे किसी नए मौसमी सिस्टम के बारे में नहीं बताया गया है, लेकिन दक्षिण-पश्चिम राजस्थान में सक्रिय चक्रवातीय परिसंचरण का प्रभाव देखने को मिल सकता है.
बता दें कि 24 अक्टूबर से उत्तर-पश्चिम भारत को प्रभावित करने वाले पश्चिमी विक्षोभ के चलते मौसम बदलने के आसार है. वहीं बंगाल खाड़ी में 23 अक्टूबर के आसपास कम दबाव का क्षेत्र बनने की संभावना है, जो आगे चलकर मौसमी गतिविधियों को प्रभावित कर सकता है.
भोपाल IMD की रिपोर्ट के मुताबिक, 22 अक्टूबर को प्रदेश के कई जिलों में वर्षा या गरज चमक के साथ बौछारें पड़ सकती है. इनमें भोपाल, विदिशा, रायसेन, सीहोर, नर्मदापुरम, बैतूल, हरदा, बुरहानपुर, खंडवा, खरगौन, बड़वानी, अलीराजपुर, झाबुआ, धार, इंदौर, रतलाम, उज्जैन, देवास, शाजापुर, नरसिंहपुर और सागर शामिल बताया जा रहा है.
1. आंधी-तूफान के दौरान खुले खेतों में काम करने से बचें.
2. गरज-चमक के दौरान यात्रा करने से बचें.
3. मौसम के बदलाव के दौरान अपने स्वास्थ्य का ध्यान रखें.
4. तापमान में उतार चढ़ाव के चलते होने वाली बीमारियों का बचाव करें.
5. मौसम विभाग ने किसानों को तोरिया और सरसों की बुआई के लिए खेत तैयार करने की सलाह दी.
यह भी पढ़िए: यूपी में करवट ले रहा मौसम, दिन में खिली धूप तो सुबह-शाम बढ़ी ठंडक; जानें अगले 7 दिनों का पूर्वानुमान